रतन टाटा के छोटे भाई जिमी ने नोएल पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- Tata Sons पर कब्जा करने की हो रही कोशिश

Tata Sons Controversy: विजय सिंह ने ईटी को बताया कि जिमी टाटा ने उनसे बात की थी और एक विस्तृत, साइन दस्तावेज भेजा था. यह दस्तावेज सिंह के उस पत्र के जवाब में था, जिसमें उन्होंने ट्रस्ट की मौजूदा स्थिति और समूह से जुड़े विवाद पर जिमी टाटा की राय मांगी थी.

टाटा समूह के भीतर विवाद. Image Credit: Getty image

Tata Sons Controversy: दिवंगत रतन टाटा के छोटे भाई और सर रतन टाटा ट्रस्ट (SRTT) के सबसे लंबे समय तक ट्रस्टी रहे जिमी नवल टाटा ने टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा पर गंभीर आरोप लगाया है. जिमी नवल टाटा ने नोएल टाटा पर आरोप लगाया है कि वे टाटा संस पर परिवार का नियंत्रण मजबूत करने के लिए इन धर्मार्थ संस्थाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने ट्रस्ट में परिवार के कई सदस्यों को शामिल किए जाने को समूह की होल्डिंग कंपनी ‘टाटा संस’ पर ‘पिछले दरवाजे से कब्जा’ (बैक-डोर टेकओवर) करने की कोशिश बताया है.

नियमों में बदलावों की आलोचना

ईटी की रिपोर्ट के अनुसार, टाटा ट्रस्ट्स के वाइस चेयरमैन विजय सिंह को दिए गए एक विस्तृत लिखित जवाब में, जिमी टाटा ने टाटा संस के ‘आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन’ (नियमों) में किए गए बदलावों की आलोचना की. उन्होंने चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का समर्थन किया और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मांग की कि वह बिना किसी देरी के टाटा संस को लिस्ट (शेयर बाजार में लिस्ट) कराने के निर्देश लागू करे.

विजय सिंह ने ईटी को बताया कि जिमी टाटा ने उनसे बात की थी और एक विस्तृत, साइन दस्तावेज भेजा था. यह दस्तावेज सिंह के उस पत्र के जवाब में था, जिसमें उन्होंने ट्रस्ट की मौजूदा स्थिति और समूह से जुड़े विवाद पर जिमी टाटा की राय मांगी थी.

किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष में नहीं हैं जिमी टाटा

सिंह ने कहा, ‘जिमी टाटा किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष में नहीं हैं, न ही वे किसी कानूनी विवाद का हिस्सा हैं. सबसे वरिष्ठ ट्रस्टी होने के नाते, उनकी अपनी स्वतंत्र राय है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘उन्हें टाटा ट्रस्ट्स और पूरे समूह से जुड़े सभी मामलों की बहुत अच्छी जानकारी है. उन्होंने खुद ही इस मुद्दे पर अपनी राय रखने की इच्छा जताई थी.’ विजय सिंह ने बताया कि ट्रस्टियों के लिए बैठकों में शामिल होना अनिवार्य नहीं है.

सिंह उस आलोचना का जवाब दे रहे थे जिसमें कहा गया था कि जिमी टाटा बैठकों में शामिल नहीं होते हैं. सिंह ने कहा, ‘हो सकता है कि अगर कोई ट्रस्टी सभी बैठकों से नदारद रहे, तो उसका कार्यकाल आगे न बढ़ाया जाए, लेकिन जिमी एक स्थायी या आजीवन ट्रस्टी हैं और साथ ही एक ‘टाटा’ भी हैं. उन्हें ट्रस्ट से जुड़े सभी मामलों की पूरी जानकारी रहती है.’

इस घटनाक्रम से टाटा संस के अहम प्रस्तावों पर ट्रस्टियों के वोटिंग अधिकारों के असर डालने के तरीके में बदलाव आने की संभावना है.

टाटा संस पर कब्जा करने जैसा

जिमी टाटा ने अपने हस्ताक्षरित बयान में कहा, ‘हाल के समय में जो हुआ है, वह यह है कि ट्रस्टों में मौजूदा टाटा ट्रस्ट्स चेयरमैन के परिवार के सदस्यों को भरा जा रहा है. इससे टाटा संस पर एक तरह का ऐसा नियंत्रण बन रहा है, जो कभी ट्रस्ट बनाने वालों (सेटलर) का इरादा नहीं था.’ उन्होंने आगे कहा कि किसी एक ट्रस्ट में परिवार के एक से अधिक सदस्यों का होना अनुचित है. ऐसी व्यवस्था स्वीकार्य नहीं है और यह एक तरह से पिछले दरवाजे से टाटा संस पर कब्जा करने जैसा है.

उनका इशारा नोएल टाटा द्वारा अपने तीन बच्चों- लीह, माया और नेविल, को विभिन्न टाटा ट्रस्ट इकाइयों में नियुक्त करने या शामिल करने की ओर था.

जिमी टाटा का यह कदम काफी अहम है, क्योंकि 85 वर्षीय यह ट्रस्टी अब तक ट्रस्ट की बैठकों और वोटिंग से काफी हद तक दूर रहे हैं और उन्होंने समूह के भीतर चल रहे मतभेदों पर शायद ही कभी सार्वजनिक रूप से अपनी राय रखी हो.

ट्रस्ट्स के उद्देश्यों का किया जिक्र

उन्होंने कहा कि टाटा के दो मुख्य ट्रस्ट, सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट, जन कल्याण के लिए बनाए गए थे. ट्रस्टी इन संपत्तियों के संरक्षक (कस्टोडियन) हैं, न कि मालिक. उन्होंने इन ट्रस्टों के मूल उद्देश्यों का जिक्र किया, जिनमें गरीबी दूर करना और भारतीय संस्कृति की रक्षा करना शामिल है.

उन्होंने कहा कि इन संस्थानों का मुख्य ध्यान भारत के लोगों की सेवा करने पर ही होना चाहिए. सर रतन टाटा ट्रस्ट (SRTT) और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) के पास मिलकर टाटा संस की 51.54% हिस्सेदारी है. कुल मिलाकर, टाटा ट्रस्ट्स के पास 66% हिस्सेदारी है.

बोर्ड के सामूहिक अधिकार हुए कमजोर

जिमी टाटा के अनुसार, मौजूदा गवर्नेंस (प्रशासनिक) मतभेदों की जड़ 2013-14 के आसपास टाटा संस के ‘आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन’ (नियमावली) में किए गए वे बदलाव हैं, जिन्होंने चैरिटेबल ट्रस्टों और ऑपरेटिंग कंपनी के बीच के संबंधों को पूरी तरह से बदल दिया है.

उन्होंने तर्क दिया कि पहले के ढांचे में कल्याणकारी ट्रस्ट (वेलफेयर ट्रस्ट), टाटा संस के व्यावसायिक कामकाज से अलग थे. लेकिन बाद में किए गए संशोधनों ने टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन को ‘वीटो’ करने की शक्ति दे दी और उन्हें निदेशक नियुक्त करने का अधिकार भी दे दिया, जिससे बोर्ड के सामूहिक अधिकार कमजोर हो गए.

जिमी टाटा ने ट्रस्टियों के कार्यकाल के नियमों में अंतर पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि इससे ट्रस्टियों की स्वतंत्रता से समझौता हुआ है और जो ट्रस्टी असहमति जताते हैं, उन्हें किनारे करने का रास्ता खुल गया है.

श्रीनिवासन को बनाया जा रहा निशाना

उन्होंने आरोप लगाया कि टाटा संस के बोर्ड सदस्य वेणु श्रीनिवासन को निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने नोएल टाटा के बेटे को SRTT (सर रतन टाटा ट्रस्ट) में शामिल करने का विरोध किया था. वेणु श्रीनिवासन का SRTT ट्रस्टी के रूप में कार्यकाल दिसंबर में खत्म हो रहा है. उन्होंने विजय सिंह को पहले हटाए जाने का भी जिक्र किया.

चंद्रशेखरन के नेतृत्व की तारीफ

जिमी टाटा ने मौजूदा स्थिति की तुलना अतीत से की, जब नानी पालकीवाला, गौतम साराभाई, होमी सेठना और होमी भाभा जैसी स्वतंत्र हस्तियां ट्रस्टी के रूप में काम करती थीं. उन्होंने चंद्रशेखरन के नेतृत्व की तारीफ भी की.

उन्होंने कहा कि चंद्रशेखरन ने भारी कर्ज में डूबी कंपनियों को उबारा है, रिकॉर्ड कमाई की है और अच्छा डिविडेंड दिया है.

जिमी टाटा ने अपने बयान में कहा, ‘चंद्रशेखरन को भारी समर्थन मिलने के बावजूद (जिसमें टाटा संस बोर्ड में 4-1 का समर्थन और टाटा ट्रस्ट्स द्वारा सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव शामिल है), नोएल ने मनमाने ढंग से उन्हें रोकने की कोशिश की. उन्होंने संशोधित ‘आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन’ (कंपनी के नियमों) में मौजूद कठोर ‘वीटो’ प्रावधानों का इस्तेमाल किया, जबकि इसके लिए उन्होंने कोई ठोस कारण नहीं बताया और न ही कोई जवाबदेही तय की.’

टाटा संस की लिस्टिंग के पक्ष में जिमी

उनके ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति, होल्डिंग कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध (लिस्ट) करने के प्रस्ताव और समूह के गवर्नेंस ढांचे को लेकर नोएल टाटा और टाटा संस बोर्ड के बीच दरार बढ़ती जा रही है.

जिमी टाटा ने कहा कि टाटा संस को लिस्ट कराना पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए बहुत जरूरी है. इससे चैरिटेबल ट्रस्ट और समूह के व्यावसायिक कामकाज के बीच फिर से स्पष्ट अंतर कायम हो सकेगा.

उन्होंने कहा, ‘लिस्टिंग से गोपनीयता की संस्कृति खत्म होगी, कानूनी जवाबदेही तय होगी, और ‘आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन’ के उन कठोर नियमों को फिर से लिखना होगा, ताकि 1989 से पहले की तरह व्यावसायिक कामकाज और कल्याणकारी ट्रस्टों के बीच का अंतर बहाल हो सके.

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि लिस्टिंग की जरूरत से बचने के लिए टाटा संस को छोटी इकाइयों में बांटने की कोशिश नहीं होनी चाहिए, क्योंकि ऐसा करना जनता और शेयरधारकों के हितों के खिलाफ होगा.

जिमी टाटा ने RBI से अपील की कि वह लिस्टिंग के लिए सख्त समय-सीमा तय करे. साथ ही, उन्होंने सरकार और चैरिटी कमिश्नर से भी दखल देने का आग्रह किया, ताकि ट्रस्टों के मूल उद्देश्यों की रक्षा की जा सके.

टाटा संस की लिस्टिंग अनिवार्य

RBI ने टाटा संस को ‘अपर-लेयर’ नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) के रूप में वर्गीकृत किया है. इस वर्गीकरण के तहत, कंपनी को तीन साल के भीतर शेयर बाजार में लिस्ट होना अनिवार्य है. केंद्रीय बैंक ने टाटा संस की उस अर्जी को खारिज कर दिया है, जिसमें कंपनी ने अपना ‘कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी’ रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने की मांग की थी.

अब टाटा संस को ‘अपर-लेयर’ NBFC पर लागू होने वाले रेगुलेटरी नियमों का पालन करना होगा. जिमी टाटा 1989 से SRTT के ट्रस्टी रहे हैं और वे इसके तीन स्थायी ट्रस्टियों में से एक हैं. बाकी दो ट्रस्टी नोएल टाटा और जहांगीर जेहान हैं.

इन्वेस्टमेंट बैंकिंग डेटा के आधार पर किए गए अनुमानों के अनुसार, नोएल टाटा के बाद जिमी टाटा ‘टाटा संस’ में दूसरे सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक हैं. उनके पास 0.81% हिस्सेदारी, यानी 3,262 शेयर हैं.

यह भी पढ़ें: Tata Sons की लिस्टिंग है जरूरी, RBI ने एक बार फिर कर दिया साफ; चिट्ठी लिखकर समझाया नियम