सुंदरता के कारोबार में बड़ा बदलाव! नई कंपनियों ने कमाई के तोड़े सारे रिकॉर्ड
भारत के ब्यूटी और पर्सनल केयर बाजार में नई कंपनियों का दबदबा बढ़ रहा है. Foxtale, Dot & Key और Innovist जैसी कंपनियों ने वित्त वर्ष 2026 में शानदार रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है. वहीं, कुछ पुराने ब्रांड्स की कमाई में गिरावट आई है. जानिए कौन-सी कंपनियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं और इसके पीछे क्या वजह है.

भारत के ब्यूटी और पर्सनल केयर बाजार में नई कंपनियां तेजी से अपनी जगह बना रही हैं. वित्त वर्ष 2026 में कई न्यू-एज ब्यूटी ब्रांड्स की कमाई में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है. Foxtale और Dot & Key जैसी कंपनियों का रेवेन्यू लगभग दोगुना हो गया, जबकि Innovist ने करीब तीन गुना कमाई दर्ज की है. इन कंपनियों की ग्रोथ के पीछे खास जरूरतों के हिसाब से बनाए गए प्रोडक्ट, सोशल मीडिया और इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग की बड़ी भूमिका है.
Foxtale और Dot & Key की कमाई में बड़ी बढ़ोतरी
नई ब्यूटी कंपनियों में Foxtale ने वित्त वर्ष 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू पिछले साल के 199 करोड़ रुपये से बढ़कर 383 करोड़ रुपये पहुंच गया. यानी कंपनी की कमाई लगभग दोगुनी हो गई.
इसी तरह Nykaa के स्वामित्व वाली Dot & Key का रेवेन्यू भी दोगुना होकर 799 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं, L’Oreal द्वारा हाल ही में अधिग्रहित Innovist ने करीब तीन गुना बढ़ोतरी के साथ 686 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया. Pilgrim के रेवेन्यू में भी 69 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 690 करोड़ रुपये रहा. Deconstruct ने 32 फीसदी की ग्रोथ के साथ 168 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया.
पुराने ब्रांड्स के सामने बढ़ रही चुनौती
जहां नई कंपनियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं, वहीं कुछ पुराने D2C ब्यूटी ब्रांड्स को कारोबार बढ़ाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. Sugar Cosmetics, Mamaearth, Wow Skin Science और MCaffeine जैसे ब्रांड्स के सामने बढ़ती प्रतिस्पर्धा चुनौती बन रही है. Sugar Cosmetics का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2024 में 505 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2025 में घटकर 404 करोड़ रुपये रह गया. वित्त वर्ष 2026 में इसके 300 से 350 करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है.
खास प्रोडक्ट और सोशल मीडिया से मिल रही मदद
नई कंपनियां हर तरह के प्रोडक्ट लॉन्च करने के बजाय खास जरूरतों पर ध्यान दे रही हैं. मसलन, सनस्क्रीन, फेसवॉश, मॉइश्चराइजर और स्किन से जुड़ी दूसरी समस्याओं के समाधान वाले प्रोडक्ट बनाए जा रहे हैं. इसके अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और डिजिटल मार्केटिंग के जरिए युवा ग्राहकों तक पहुंच बनाई जा रही है. छोटे शहरों में भी ऑनलाइन शॉपिंग की सुविधा बढ़ने से इन ब्रांड्स का बाजार फैल रहा है. इससे साफ है कि ब्यूटी बाजार में अब सिर्फ बड़े नामों का दबदबा नहीं है. ग्राहकों की खास जरूरतों को समझने और भरोसेमंद प्रोडक्ट देने वाली नई कंपनियां भी तेजी से कारोबार बढ़ा रही हैं.
यह भी पढ़ें- टाटा ग्रुप में बदलेंगे समीकरण? नोएल टाटा ने बोर्ड से मांगी इस बड़े प्लान की डिटेल