एक अफेयर ने डुबोए अरबों डॉलर! Nvidia CEO जेनसन हुआंग को लगा बड़ा झटका

Nvidia के CEO जेनसन हुआंग की संपत्ति में बड़ी गिरावट आई है. एक दिन में उनकी नेटवर्थ 6.47 अरब डॉलर घटकर 148 अरब डॉलर रह गई. वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की टॉप-10 सूची से बाहर हो गए हैं. जानिए अफेयर विवाद, अमेरिकी जांच और Nvidia के शेयरों में गिरावट का उनकी दौलत पर क्या असर पड़ा.

Nvidia CEO की दौलत में भारी गिरावट Image Credit:

दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग की मुश्किलें बढ़ गई हैं. निजी जिंदगी से जुड़े विवाद और कंपनी की जांच के बीच Nvidia के शेयरों में भारी गिरावट आई है. इसका सीधा असर उनकी संपत्ति पर पड़ा है. 10 नवंबर 2026 के ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति घटकर 148 अरब डॉलर रह गई है. इसके साथ ही वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की टॉप-10 सूची से बाहर होकर 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

एक दिन में 6.47 अरब डॉलर की संपत्ति घटी

जेनसन हुआंग की संपत्ति में एक दिन में 6.47 अरब डॉलर यानी करीब 4.2 फीसदी की गिरावट आई है. पिछले एक साल में उनकी कुल संपत्ति करीब 15 अरब डॉलर घट चुकी है. हुआंग की ज्यादातर दौलत Nvidia में उनकी हिस्सेदारी से जुड़ी है. कंपनी में उनकी 3.5 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी है. ऐसे में शेयर की कीमत में गिरावट का सीधा असर उनकी नेटवर्थ पर पड़ता है.

क्या है पूरा अफेयर विवाद?

यह मामला जेनसन हुआंग के एक कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से जुड़ा है. उन्होंने Nvidia के कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे. उन्होंने अपने परिवार और सहयोगियों से माफी भी मांगी है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विवाद में एलिस हुआंग नाम की महिला का जिक्र सामने आया है. वह सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी रही हैं. अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि उनका संबंध चीन की खुफिया गतिविधियों से हो सकता है. हालांकि, इस मामले से जुड़े आरोपों की जांच जारी है.

Nvidia ने शुरू की स्वतंत्र जांच

इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच कराने का फैसला किया है. इसके लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बनाई गई है, जो बाहरी कानूनी विशेषज्ञों की मदद से मामले की जांच करेगी. कंपनी का कहना है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं है, जिससे यह माना जाए कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या Nvidia के कारोबारी रहस्य प्रभावित हुए हैं. जेनसन हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है.

शेयरों में गिरावट से बढ़ी मुश्किल

विवाद के बीच Nvidia के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली. 9 नवंबर को कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर एक समय करीब 8.8 फीसदी तक गिर गए थे. इससे कंपनी के मार्केट कैप में करीब 400 अरब डॉलर तक की कमी आई. Nvidia के शेयरों में गिरावट का असर सिर्फ कंपनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक जेनसन हुआंग की संपत्ति भी तेजी से घट गई.

AI की दुनिया के सबसे बड़े कारोबारियों में शामिल हैं हुआंग

जेनसन हुआंग ने 1993 में Nvidia की स्थापना की थी. कंपनी आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए इस्तेमाल होने वाली एडवांस चिप बनाने वाली दुनिया की प्रमुख कंपनियों में शामिल है.

AI की बढ़ती मांग के कारण Nvidia का कारोबार तेजी से बढ़ा है. कंपनी के शेयरों में तेजी ने ही हुआंग को दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों की सूची में शीर्ष स्थानों तक पहुंचाया था. अब कंपनी के शेयरों पर दबाव और निजी जिंदगी से जुड़े विवाद ने उनकी संपत्ति को प्रभावित किया है.

यह भी पढ़ें- इन 83 शेयरों पर है विदेशी निवेशकों को भरोसा, लिस्ट में ये नाम है शामिल., आखिर क्या है वजह