Old Monk पर पड़ी FSSAI की मार, 6 महीने में 504 करोड़ रुपये घट गई कमाई; जानें क्या है पूरा विवाद
Old Monk बनाने वाली कंपनी Mohan Meakin को बड़ा झटका लगा है. FSSAI की ओर से तीन उत्पादों पर लगाई गई पाबंदियों के बीच कंपनी का रेवेन्यू छह महीने में 64% गिर गया. आखिर क्या है पूरा विवाद?

देश की मशहूर रम Old Monk बनाने वाली कंपनी Mohan Meakin को बड़ा आर्थिक झटका लगा है. कंपनी के तीन प्रोडक्ट पर नियामकीय पाबंदियां लगने के बाद चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में उसका रेवेन्यू 64 फीसदी गिर गया. अप्रैल से सितंबर के बीच कंपनी की परिचालन से होने वाली कमाई घटकर 288 करोड़ रुपये रह गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 792 करोड़ रुपये थी. यानी कंपनी के रेवेन्यू में 504 करोड़ रुपये की गिरावट आई है.
The Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से कुछ Old Monk वैरिएंट की सामग्री और उनकी कैटेगरी को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद हुई. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के तीन उत्पादों को पारंपरिक रम के तौर पर बेचने पर आपत्ति जताई थी. इसके बाद महाराष्ट्र के खोपोली स्थित कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भी मई से बंद बताई जा रही है.
Old Monk के तीन उत्पादों पर क्यों लगी पाबंदी?
मामले की शुरुआत तब हुई, जब FSSAI ने महाराष्ट्र के खोपोली में Mohan Meakin की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने Old Monk के तीन वैरिएंट की संरचना पर सवाल उठाए.
रेगुलेटर को न्यूट्रल स्पिरिट में रम का फ्लेवर मिलाकर तैयार किए जा रहे उत्पादों पर आपत्ति थी. उसका कहना था कि ऐसे उत्पादों को सामान्य रम के बजाय ‘रम फ्लेवर्ड स्पिरिट’ की कैटेगरी में रखा जाना चाहिए.
FSSAI ने उत्पादों पर लिखे ‘7 Years Old Blended’ और ‘Very Old Vatted’ जैसे दावों पर भी सवाल उठाए. उसका मानना था कि उत्पादों की असल कैटेगरी और उनकी जानकारी को लेकर स्पष्टता जरूरी है.
बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंची कंपनी, फिर वापस ली याचिका
महाराष्ट्र में उत्पादन की जिम्मेदारी संभालने वाली Mohan Rocky Springwater Breweries ने इन पाबंदियों को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी थी. हालांकि, कंपनी ने 5 नवंबर को अपनी याचिका वापस ले ली. कंपनी ने कोर्ट को बताया कि वह उत्पादों के बदले हुए लेबल नियामकीय मंजूरी के लिए जमा करेगी. इसके बाद कोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया. हालांकि, इससे पहले से लागू पाबंदियों में कोई बदलाव नहीं हुआ.
कंपनी ने सात साल तक पुराना होने का दावा हटाने और फ्लेवरिंग से जुड़ी जानकारी को लेबल पर ज्यादा साफ तरीके से बताने की पेशकश की थी. लेकिन FSSAI का कहना था कि विवाद सिर्फ लेबल का नहीं, बल्कि उत्पादों की सही कैटेगरी तय करने का है.
कंपनी को 50 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा
अक्टूबर में हुई सुनवाई के दौरान कंपनी के वकीलों ने पाबंदियों के आर्थिक असर की जानकारी दी थी. उन्होंने दावा किया कि कंपनी को करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार को भी एक्साइज रेवेन्यू में करीब 350 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. वहीं, इस मामले के चलते लगभग 300 कर्मचारियों के रोजगार पर असर पड़ा.
कभी बिक्री में पिछड़ गया था Old Monk, फिर की शानदार वापसी
Old Monk करीब सात दशक पुराना ब्रांड है. एक समय भारत में इसकी बिक्री काफी घट गई थी. देश में व्हिस्की की बढ़ती लोकप्रियता के बीच ब्रांड की सालाना बिक्री 2002 में 80 लाख केस से घटकर 2013 में 41 लाख केस रह गई थी.
हालांकि, इसके बाद ब्रांड ने दोबारा वापसी की. दो साल पहले Old Monk ने बिक्री के मामले में United Spirits के McDowell’s No. 1 Celebration को पीछे छोड़ते हुए भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली रम का स्थान हासिल किया.
साल 2025 में ब्रांड ने 1.4 करोड़ केस की बिक्री की. 2018 में लंबे समय तक कंपनी के चेयरमैन रहे ब्रिगेडियर कपिल मोहन के निधन के बाद कंपनी के नेतृत्व में बदलाव हुए थे. इसके बाद ब्रांड की बिक्री में फिर तेजी देखने को मिली.
इसे भी पढ़ें- बंद हो जाएगी SpiceJet? DGCA के नोटिस से बढ़ी संकट की आहट, 0.6% पर पहुंचा मार्केट शेयर, क्या महंगे होंगे टिकट