₹5,629 करोड़ का मुनाफा, ₹8 प्रति शेयर डिविडेंड! Vedanta Aluminium ने जीता निवेशकों का दिल

Vedanta Aluminium ने FY27 की पहली तिमाही में 216% की बढ़त के साथ 5,629 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया. कंपनी ने 8 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है। रिकॉर्ड डेट 5 अगस्त 2026 तय की गई है.

वेदांता एल्युमीनियम Image Credit:

Vedanta समूह से अलग होने के बाद Vedanta Aluminium Metal ने वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) की पहली तिमाही में शानदार वित्तीय नतीजे पेश किए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा (Net Profit) सालाना आधार पर 216% बढ़कर 5,629 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 1,781 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. यह कंपनी की डीमर्जर के बाद पहली तिमाही है और नतीजों ने निवेशकों की उम्मीदों को मजबूत किया है. कंपनी ने नतीजों के साथ ही अपने शेयरधारकों को बड़ा तोहफा देते हुए 8 रुपये प्रति शेयर के पहले अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है.

46% बढ़ी आय, खर्च में मामूली इजाफा

अप्रैल-जून 2026 तिमाही में Vedanta Aluminium की परिचालन से आय (Revenue from Operations) 46% बढ़कर 21,393 करोड़ रुपये हो गई. पिछले साल इसी अवधि में यह 14,654 करोड़ रुपये थी. कंपनी की कुल आय (Total Income) भी 46% से अधिक बढ़कर 21,702 करोड़ रुपये पहुंच गई. दूसरी ओर, कुल खर्च केवल 7.5% बढ़कर 12,870 करोड़ रुपये रहा. आय में तेज बढ़ोतरी और खर्च पर नियंत्रण का सीधा असर कंपनी के मुनाफे और मार्जिन पर देखने को मिला.

मार्जिन और नेटवर्थ में बड़ा सुधार

Vedanta Aluminium का नेट प्रॉफिट मार्जिन पिछले साल की पहली तिमाही के 15% से बढ़कर 31% हो गया. वहीं ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 26% से बढ़कर 45% पहुंच गया. यह दिखाता है कि कंपनी ने परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार किया है.

इसके अलावा, पहली तिमाही के अंत तक कंपनी की नेटवर्थ 86% बढ़कर 30,441 करोड़ रुपये हो गई. मजबूत बैलेंस शीट और बेहतर वित्तीय स्थिति कंपनी की भविष्य की विस्तार योजनाओं के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है.

₹8 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड, 5 अगस्त रिकॉर्ड डेट

कंपनी ने FY27 के लिए 1 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 8 रुपये का पहला अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है. इसके लिए 5 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है. जिन निवेशकों के डीमैट खाते में इस तारीख तक Vedanta Aluminium के शेयर होंगे, वे डिविडेंड पाने के पात्र होंगे. डीमर्जर के बाद कंपनी का यह पहला डिविडेंड है, जिसे निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.

मैनेजमेंट ने जताया भरोसा

कंपनी के CEO राजेश कुमार ने कहा कि स्वतंत्र कंपनी बनने के बाद पहली तिमाही में मजबूत परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन कंपनी की सही रणनीति का परिणाम है. उन्होंने कहा कि संसाधनों की सुरक्षा, परिचालन दक्षता और वैल्यू-ऐडेड प्रोडक्ट्स पर फोकस से कंपनी की प्रतिस्पर्धी क्षमता लगातार मजबूत हो रही है.

वहीं CFO अनूप अग्रवाल ने कहा कि मजबूत बैलेंस शीट और बेहतर क्रेडिट प्रोफाइल के साथ कंपनी अब ऊर्जा परिवर्तन, इंफ्रास्ट्रक्चर, परिवहन, पैकेजिंग और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों की मांग को पूरा करने के लिए तैयार है.

शेयर में आई तेजी, लेकिन लिस्टिंग भाव से नीचे

Vedanta Aluminium, Vedanta के मेगा डीमर्जर के बाद अलग हुई चार कंपनियों में इकलौती लार्ज-कैप कंपनी है. इसका शेयर NSE पर 522 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुआ था. तिमाही नतीजों के बाद कंपनी के शेयर में करीब 2% की तेजी आई और यह 447 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा. हालांकि, यह अब भी अपने लिस्टिंग प्राइस से 14% से ज्यादा नीचे है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत तिमाही नतीजे और डिविडेंड की घोषणा से आने वाले समय में निवेशकों का भरोसा कंपनी पर और मजबूत हो सकता है.

यह भी पढ़ें- ITC के Q1 नतीजों से पहले बड़ा सवाल, सिगरेट पर टैक्स बढ़ोतरी से कितना घटेगा मुनाफा? इन 5 बातों पर रहेगी नजर