कैसे लीक हुआ NEET का पेपर, केरल से राजस्थान तक नेटवर्क; जांच के दायरे में 410 सवाल… ऐसे हुआ खुलासा

राजस्थान के सीकर से नीट यूजी 2026 पेपर लीक का मामला सामने आया था. मामले की जांच राजस्थान पुलिस SOG कर रही थी. शुरुआत में SOG का मान रही थी कि नीट यूजी पेपर लीक नहीं हुआ था. मंगलवार को परीक्षा को रद्द कर दिया गया.

कैसे लीक हुआ नीट 2026 का पेपर. Image Credit: Getty image

NEET UG 2026 को रद्द कर दिया गया है. मंगलवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने ‘गेस पेपर’ लीक होने के आरोपों के बाद 3 मई को हुई परीक्षा को कैंसिल कर दिया है. MBBS, BDS और AYUSH प्रोग्राम में एडमिशन के लिए नेशनल मेडिकल एंट्रेंस परीक्षा NEET, जांच के दायरे में उस वक्त आ गई , जब परीक्षा से पहले सर्कुलेट हुए एक ‘गेस पेपर’ में ऐसे सवाल थे जो असली पेपर से काफी मिलते-जुलते थे. राजस्थान पुलिस का स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) इस मामले की जांच कर रहा है. यह मामला उस मैटेरियल से जुड़ा है जो कथित तौर पर 3 मई, 2026 को हुई परीक्षा से पहले सामने आई थी.

पेपर लीक का मामला

दरअसल, राजस्थान के सीकर से नीट यूजी 2026 पेपर लीक का मामला सामने आया था. मामले की जांच राजस्थान पुलिस SOG कर रही थी. शुरुआत में SOG का मान रही थी कि नीट यूजी पेपर लीक नहीं हुआ था. हालांकि, बाद में SOG ने स्वीकारा था कि नीट यूजी 2026 गेस पेपर एग्जाम से पहले वायरल हुआ था, जिससे सवाल मेन एग्जाम में आए थे. जानकारी की मुताबिक 120 से 150 सवाल नीट एग्जाम में हूबहू आए थे, जिसमें केमिस्ट्री के 30 और बायोलॉजी के 90 तक सवाल थे.

सर्कुलेट हो रहे थे सवाल

जांचकर्ताओं के अनुसार, सवालों का यह कथित सेट परीक्षा से 15 दिन से लेकर एक महीने पहले तक NEET की तैयारी करने वालों के बीच सर्कुलेट हो रहा था. राजस्थान पुलिस SOG के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने कहा कि एजेंसी इस बात की पुष्टि कर रही है कि क्या इस मैटेरियल का सर्कुलेशन किसी संगठित गलत काम से जुड़ा था. राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) विशाल बंसल ने कहा, ‘NEET परीक्षा को लेकर फैली विभिन्न गलतफहमियों के संबंध में मैं एक खास बात साफ कर देना चाहता हूं. एक गेस पेपर है जिसमें लगभग 410 सवाल हैं.’

410 सवाल

इन 410 सवालों में से यह आरोप है कि लगभग 120 सवाल असल में परीक्षा के केमिस्ट्री सेक्शन में आए थे. बताया जा रहा है कि यह ‘गेस पेपर’ छात्रों के बीच काफी पहले से ही घूम रहा था. यह असल परीक्षा से 15 दिन से लेकर एक महीने पहले ही छात्रों तक पहुंचना शुरू हो गया था. इसलिए, हमारी जांच अभी इस बात पर केंद्रित है कि क्या इस गेस पेपर के आधार पर कोई नकल या आपराधिक गतिविधि हुई है. हम इस मामले की सक्रियता से जांच कर रहे हैं और अभी जांच प्रक्रिया में लगे हुए हैं.

केरल और राजस्थान में नेटवर्क

विशाल बंसल ने ANI को दिए एक बयान में कहा कि केरल और राजस्थान में नेटवर्क का पता चला. शुरुआती जांच से पता चलता है कि कथित प्रश्न बैंक चूरू के एक मेडिकल छात्र से आया था, जो अभी केरल में पढ़ाई कर रहा है. जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यह सामग्री 1 मई को सीकर में एक सहयोगी को भेजी गई थी, जिसके बाद इसे एक पेइंग गेस्ट (PG) सुविधा संचालक को सौंप दिया गया. वहां से, कथित तौर पर इसे राजस्थान और अन्य राज्यों में कोचिंग से जुड़े कई नेटवर्क के छात्रों, काउंसलरों और उम्मीदवारों के बीच फैलाया गया.

5 लाख रुपये में बेचे गए सवाल

जांचकर्ता इस पूरी कड़ी की जांच कर रहे हैं और वितरण प्रक्रिया में शामिल हर व्यक्ति की पहचान कर रहे हैं. कथित बिक्री और डिजिटल प्रसार की जांच जारी. SOG उन दावों की भी जांच कर रहा है कि परीक्षा से पहले यह दस्तावेज अलग-अलग कीमतों पर बेचा गया था. सूत्रों के अनुसार, कथित तौर पर परीक्षा से दो दिन पहले इसकी प्रतियां 5 लाख रुपये में बेची गई थीं, जबकि परीक्षा से ठीक पहले वाली रात को इसकी कीमत कथित तौर पर घटकर 30,000 रुपये रह गई थी.

कई बार फ़ॉरवर्ड किया गया

अधिकारियों ने जब्त किए गए मोबाइल फोन से ऐसे संदेश भी बरामद किए हैं जिन पर ‘कई बार फ़ॉरवर्ड किया गया’ (Forwarded many times) लिखा है, जिससे पता चलता है कि इस सामग्री को कई ग्रुप के जरिए बार-बार डिजिटल रूप से शेयर किया गया था. स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने पिछले चार दिनों में देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिए गए ज्यादातर लोग कथित तौर पर करियर काउंसलिंग और एडमिशन गाइडेंस सेवाओं से जुड़े हैं.

मंगलवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को 3 मई को आयोजित नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) UG 2026 परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की. एजेंसी ने इसके लिए एजेंसी और केंद्रीय अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से समीक्षा की गई जांच के निष्कर्षों, और साथ ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा की गई जांच से मिली जानकारियों का हवाला दिया.

यह भी पढ़ें: Nifty IT में 3% की गिरावट, Infosys, TCS समेत कई स्टॉक्स बुरी रह टूटे; निवेशकों को किस बात का डर सता रहा है?