सोने में मिलावट का खेल! चीन के रेनियम पाउडर से बढ़ाया जा रहा वजन, 22 कैरेट के नाम पर मिल रहा 20 कैरेट गोल्ड
Gold Adulteration: दावा किया गया है कि सोने में रेनियम (Rhenium) पाउडर मिलाकर उसकी मात्रा और वजन बढ़ाया जा रहा है. इस मामले में चीन से कनेक्शन भी सामने आया है. कारोबारियों ने 'गोल्ड पाउडर' नाम से बिकने वाले एक पदार्थ को लेकर भी चिंता जताई है.
Highlights
- इन मामलों ने भारत में सोने की हॉलमार्किंग व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल खड़े किए हैं.
- इन धातुओं को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है.
- गहने को हॉलमार्किंग सेंटर से 22 कैरेट का प्रमाणपत्र भी मिल गया.
Gold Adulteration: सोने की ज्वैलरी खरीदने वालों के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बाजार में सोने का वजन बढ़ाने के लिए भारी धातुओं के पाउडर मिलाए जाने का मामला सामने आया है. इस तरह तैयार की गई ज्वैलरी सामान्य शुद्धता जांच में पास भी हो सकती है.
दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोने में रेनियम (Rhenium) पाउडर मिलाकर उसकी मात्रा और वजन बढ़ाया जा रहा है. इस मामले में चीन से कनेक्शन भी सामने आया है. वहीं, इंदौर के सर्राफा बाजार में भी सोने में दूसरी भारी धातुओं की मिलावट को लेकर चिंता जताई गई है.
चीन से आ रहा रेनियम पाउडर, भारत के कई शहरों में डीलर
रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की पड़ताल के दौरान चीन के शेन्जेन में स्थित एक एजेंट से संपर्क किया गया. एजेंट ने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर बनाती है और भारत के कई शहरों में उसके डीलर मौजूद हैं. एजेंट ने कथित तौर पर यह भी दावा किया कि इस पाउडर को सोने में 25 फीसदी तक मिलाया जा सकता है और सामान्य जांच के दौरान इसकी मिलावट पकड़ में नहीं आएगी.
7.83 ग्राम सोने में मिलाया 1 ग्राम रेनियम पाउडर
रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी एजेंट से संपर्क के बाद मुंबई के एक डीलर के जरिए एक ग्राम रेनियम का सैंपल हासिल किया गया. इसके बाद जोधपुर के एक ज्वैलर के साथ मिलकर इसका प्रयोग किया गया. जांच में एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया. इससे मिश्रण का कुल वजन बढ़कर 8.83 ग्राम हो गया. हैरानी की बात यह रही कि जांच के दौरान इस मिश्रण को 24 कैरेट सोना बताया गया.
20 कैरेट शुद्धता
इसके बाद ज्वैलर ने इसमें दूसरी धातु मिलाकर 22 कैरेट की ज्वेलरी तैयार की. रिपोर्ट के अनुसार, इस गहने को हॉलमार्किंग सेंटर से 22 कैरेट का प्रमाणपत्र भी मिल गया. हालांकि, जांच में इसकी वास्तविक सोने की मात्रा केवल 81.73 फीसदी पाई गई. यह लगभग 20 कैरेट शुद्धता के बराबर है.
रिपोर्ट में दावा किया गया कि मिलावट वाला यह आभूषण कई ज्वैलरी शोरूम और जांच केंद्रों पर भी टेस्ट में पास हो गया. हालांकि, यह निष्कर्ष जांच में इस्तेमाल किए गए एक सैंपल से जुड़ा है. इससे यह साबित नहीं होता कि सभी हॉलमार्किंग सेंटर या जांच मशीनें रेनियम की मिलावट पकड़ने में असमर्थ हैं.
सोने में भारी धातुओं की मिलावट की आशंका
मिंट की एक रिपोर्ट में इंदौर के ज्वैलरी कारोबारियों ने सोने में रूथेनियम (Ruthenium), इरिडियम (Iridium) और ऑस्मियम (Osmium) जैसी भारी धातुओं के इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई है.
इंदौर के सर्राफा बाजार के कारोबारियों के मुताबिक, इन धातुओं को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है. ये धातुएं सोने से ज्यादा घनी होती हैं. इस वजह से पारंपरिक एसिड टेस्ट और कसौटी पर जांच के जरिए इनकी मिलावट पकड़ना मुश्किल हो सकता है.
गोल्ड पाउडर
कारोबारियों ने ‘गोल्ड पाउडर’ नाम से बिकने वाले एक पदार्थ को लेकर भी चिंता जताई है. बताया गया है कि यह पाउडर महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के रास्ते भारतीय बाजारों में पहुंच रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस पाउडर के चीन में तैयार होने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसके स्रोत की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
81 फीसदी ज्वैलर्स का नहीं हुआ निरीक्षण
इन मामलों ने भारत में सोने की हॉलमार्किंग व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल खड़े किए हैं. नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में रजिस्टर्ड ज्वेलर्स में से 81 फीसदी का निरीक्षण नहीं किया गया. रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) अपने मान्यता प्राप्त जांच और हॉलमार्किंग केंद्रों (Assaying and Hallmarking Centres) के लिए तय निगरानी लक्ष्य से 43.7 फीसदी पीछे रहा.
BIS ने इसके पीछे कर्मचारियों की कमी और दूरदराज के इलाकों से सैंपल इकट्ठा करने में आने वाली दिक्कतों को वजह बताया था. हालांकि, CAG ने इस स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया.
सोने में मिलावट की पहचान कैसे करें?
सोने में दूसरी धातुओं की मिलावट का पता लगाने के लिए आधुनिक जांच तकनीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है. इनमें प्रमुख हैं:
- एक्स-रे फ्लोरेसेंस (XRF) एनालिसिस: सोने के सैंपल में मौजूद अलग-अलग धातुओं की पहचान करने में मदद करता है.
- इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी: सोने के सैंपल की संरचना और उसमें मौजूद दूसरी धातुओं की जांच करने में मदद करती है.
ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे भरोसेमंद ज्वेलर्स से ही हॉलमार्क वाली ज्वैलरी खरीदें. खरीदारी से पहले शुद्धता से जुड़ी जानकारी जरूर जांचें. इसके अलावा, खरीदारी का बिल और GST इनवॉइस संभालकर रखना भी जरूरी है.
Latest Stories
WhatsApp से डाउनलोड करें EPFO पासबुक, PF बैलेंस और पिछले 5 ट्रांजैक्शन भी देख सकेंगे; जानें- पूरा तरीका
कब लगेगी अगली Lok Adalat 2026? इस तारीख को मिलेगा सस्ते में चालान निपटाने का मौका
इंस्टामार्ट, जेप्टो और ब्लिंकइट से खरीदें सोने और चांदी के सिक्के, बाजार की भीड़ से मिलेगी राहत; मिल रहा ऑफर
