हीटवेव पर लगा ब्रेक! आंधी-बारिश का दौर चालू; यूपी-बिहार समेत 20 से अधिक राज्यों में 40 डिग्री से कम रहेगा पारा
देश के बड़े हिस्से में गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन आंधी, तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. 8 मई तक मौसम का यह अस्थिर दौर जारी रहने की संभावना है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की जरूरत है.

KYA HAI MAUSAM KA HAL: गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेते जा रहा है. उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश, तेज हवाएं और आंधी देखने को मिल रहा हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 5 मई से 8 मई के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
IMD के मुताबिक, 6 से 8 मई के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं. इसके अलावा 10 और 11 मई को एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिससे फिर से बारिश और आंधी का दौर शुरू हो सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा हाल?
दिल्ली-एनसीआर में 6 मई को दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है, जिससे धूलभरी आंधी जैसी स्थिति बन सकती है. तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम है.
6 मई को भी बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 7 मई को तेज हवाएं चलेंगी और 8 मई तक मौसम साफ होने की संभावना है.
20 से ज्यादा राज्यों में तापमान नीचे
देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है. खासकर उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और कुछ मध्य राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. हालांकि 9 मई तक तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है.
इन राज्यों में ज्यादा अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 5 मई को तेज आंधी (50-60 किमी प्रति घंटा) चलने की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और यूपी के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है. इसके अलावा बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
इसे भी पढ़ें- ‘विजय शो’… थलापति ने लिखी दूर दक्षिण से राजनीति की नई कहानी, जानें- केजरीवाल से कैसे अलग है नया सितारा