‘मोदी महान हैं, मेरे दोस्त हैं’… ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- भारत हम पर 100% भरोसा कर सकता है

नई दिल्ली में आयोजित अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पीकरफोन के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना करीबी दोस्त बताया. ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते इतिहास के सबसे मजबूत दौर में हैं.

पीएम मोदी और ट्रंप Image Credit: X Narendra Modi

India US Relation: अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एक कार्यक्रम में उस वक्त हर कोई हैरान रह गया, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीधे फोन मिला दिया. अमेरिकी दूतावास द्वारा आयोजित इस स्वागत समारोह में ट्रंप ने स्पीकरफोन के जरिए सैकड़ों मेहमानों को संबोधित किया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना मजबूत निजी समर्थन जताते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते इतिहास में आज सबसे मजबूत दौर में हैं.

‘पीएम मोदी महान हैं, भारत को हमारा 100% समर्थन’

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने चिरपरिचित अंदाज में प्रधानमंत्री मोदी की तारीफों के पुल बांधे. ट्रंप ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री से बहुत प्यार करता हूं. मोदी महान हैं और मेरे दोस्त हैं. भारत और अमेरिका कभी एक-दूसरे के इतने करीब नहीं रहे. भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100% भरोसा कर सकता है.”

ट्रंप ने आगे कहा, “अगर भारत को कभी भी किसी मदद की जरूरत हो, तो उन्हें पता है कि कहां फोन करना है. वे सीधे यहीं कॉल करें. हमारी अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार रिकॉर्ड बना रहे हैं. मैं पीएम मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं.”

‘मार्को रुबियो सबसे बेहतरीन विदेश मंत्री’

कार्यक्रम में मौजूद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा, “मार्को सबसे बेहतरीन हैं. वह अमेरिका के इतिहास में सबसे शानदार विदेश मंत्री के रूप में जाने जाएंगे.” उन्होंने रुबियो से कहा कि वह पीएम मोदी तक उनका यह संदेश पहुंचा दें कि ट्रंप उनके बहुत बड़े फैन हैं.

इस मौके पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी दोनों नेताओं के रिश्ते पर बात की. गोर ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप जब भी मुझसे बात करते हैं, उनका पहला सवाल यही होता है कि मेरे दोस्त प्रधानमंत्री मोदी कैसे हैं? यह रिश्ता नया नहीं है, बल्कि करीब एक दशक पुराना और बेहद गहरा है.”

क्वाड बैठक और ऊर्जा सुरक्षा पर बड़ी चर्चा

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इन दिनों भारत के दौरे पर हैं, जहां वह 26 मई को हैदराबाद हाउस में होने वाली ‘क्वाड’ (Quad) विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे. इससे पहले रुबियो ने पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की.

यह भी पढ़ें: पेट्रोल- डीजल, CNG पर सरकार का बड़ा फैसला, पंपों पर इन 5 चीजों की होगी जांच, अब नहीं हो पाएगा हेरफेर

इस बैठक में रक्षा सहयोग, रणनीतिक तकनीक, व्यापार, निवेश और ऊर्जा सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, रुबियो ने साफ किया कि वाशिंगटन ईरान को वैश्विक ऊर्जा बाजार को बंधक नहीं बनाने देगा. उन्होंने भरोसा दिया कि अमेरिकी ऊर्जा निर्यात के जरिए भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को और सुरक्षित कर सकता है.