PM मोदी से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, ग्लोबल पीस से लेकर डिफेंस तक कई मुद्दों पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच डिफेंस, ट्रेड, टेक्नोलॉजी, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा और ग्लोबल पीस जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. मार्को रूबियो अपने भारत दौरे के दौरान Quad देशों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे.

पीएम मोदी और मार्को रूबियो Image Credit: x.com/Sergio Gor

PM Modi Marco Rubio Meeting: भारत और अमेरिका के रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में शनिवार को एक अहम बैठक हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं ने डिफेंस, ट्रेड, टेक्नोलॉजी, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा और वैश्विक शांति से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की. यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब दुनिया कई जियो पॉलिटिकल चुनौतियों का सामना कर रही है और भारत-अमेरिका साझेदारी लगातार मजबूत होती जा रही है.

PM मोदी ने क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मिलकर बेहद खुशी हुई. हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका वैश्विक हितों के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे.

डिफेंस, ट्रेड और टेक्नोलॉजी पर फोकस

बैठक में भारत और अमेरिका के बीच डिफेंस सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. इसके अलावा ट्रेड, निवेश, क्रिटिकल टेक्नोलॉजी, सप्लाई चेन और ऊर्जा सुरक्षा जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस बैठक को अहम बताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि दोनों देशों ने सुरक्षा, ट्रेड और टेक्नोलॉजी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के तरीकों पर चर्चा की. उन्होंने भारत को अमेरिका का महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार बताया.

इंडो-पैसिफिक क्षेत्र पर भी चर्चा

भारत और अमेरिका दोनों ही इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं. दोनों देशों का मानना है कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित बनाए रखना बेहद जरूरी है. इसी उद्देश्य से Quad देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ाया जा रहा है.

Quad बैठक में भी हिस्सा लेंगे रूबियो

मार्को रूबियो अपने भारत दौरे के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ भी व्यापक बातचीत करेंगे. इसके अलावा वह नई दिल्ली में होने वाली Quad देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे. Quad समूह में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं. यह समूह इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग और सुरक्षा को मजबूत करने पर काम करता है.

यह भी पढ़ें: देश में बनेंगे 100 प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर आधारित इंडस्ट्रियल पार्क, केंद्र ने लॉन्च की BHAVYA स्कीम; ₹33660 करोड़ होंगे खर्च