Swiggy और Burger King पर लगा ₹72000 का जुर्माना, वेज की जगह भेज दिए नॉनवेज बर्गर; जानें पूरा मामला

गुरुग्राम में एक पिता ने बच्चों के लिए Swiggy से वेज बर्गर ऑर्डर किए थे, लेकिन घर पर नॉनवेज बर्गर पहुंच गए. उपभोक्ता आयोग ने Burger King India और Swiggy को 72 हजार रुपये देने का आदेश दिया है. जानें पूरा मामला.

स्विगी जोमैटो Image Credit:

गुरुग्राम में ऑनलाइन खाना मंगाने के दौरान हुई एक गलती Burger King India और Swiggy को भारी पड़ गई. एक पिता ने अपने दो बच्चों के लिए वेज बर्गर ऑर्डर किए थे, लेकिन डिलीवरी में नॉनवेज बर्गर पहुंच गए. बच्चों ने अनजाने में बर्गर खा भी लिए. इसके बाद उन्हें अजीब स्वाद महसूस हुआ और जी मिचलाने व उल्टी जैसा महसूस होने की शिकायत हुई. मामला गुरुग्राम के जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग तक पहुंचा. आयोग ने इसे सेवा में गंभीर कमी मानते हुए Burger King India और Swiggy को 72000 रुपये का मुआवजा और मुकदमे का खर्च देने का आदेश दिया है.

क्या है पूरा मामला?

THE TIMES OF INDIA की रिपोर्ट के मुताबिक, यह शिकायत गुरुग्राम के सेक्टर-46 में रहने वाले भगवान दास मंगला ने दर्ज कराई थी. उन्होंने 2 अप्रैल 2021 को दोपहर करीब 1:20 बजे Swiggy के जरिए Burger King से चार वेज बर्गर ऑर्डर किए थे. ये बर्गर उनके दो बच्चों के लिए मंगाए गए थे. उस समय उनकी पत्नी की तबीयत ठीक नहीं थी और खाना घर पर पहुंचाया जाना था.

शिकायत के मुताबिक, डिलीवरी में वेज बर्गर की जगह नॉनवेज बर्गर भेज दिए गए. उनकी पत्नी ने पैकेट लेकर टेबल पर रख दिया और फिर सोने चली गईं. इसके बाद बच्चों ने पैकेट खोला और बर्गर खा लिए. बर्गर का स्वाद अलग लगने पर बच्चों ने इसकी शिकायत की. उन्हें जी मिचलाने और उल्टी जैसा महसूस होने लगा.

जब भगवान दास मंगला को पता चला कि वेज की जगह नॉनवेज बर्गर डिलीवर किए गए हैं, तो उन्होंने उसी दिन शाम 6:24 बजे Swiggy ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराई.

उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची और परिवार को मानसिक परेशानी हुई. कंपनियों के साथ बाद में हुई बातचीत से भी मामला नहीं सुलझा.

60 लाख रुपये तक मुआवजे की मांग का जिक्र

शिकायत में यह भी कहा गया कि Burger King के प्रतिनिधि ने मंगला को उनकी पसंद के एक या दो धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने और 25,000 रुपये मुआवजा देने का प्रस्ताव दिया था. हालांकि, उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया. मंगला के वकील ने कंपनियों को बताया कि करीब 60 लाख रुपये का प्रस्ताव मिलने पर ही समझौते पर विचार किया जा सकता है.

उपभोक्ता आयोग ने कंपनियों को क्यों ठहराया दोषी?

आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल और सदस्य ज्योति सिवाच तथा खुशविंदर कौर ने अपने आदेश में कहा कि शिकायतकर्ता की ओर से पेश किए गए दस्तावेज उनके आरोपों का समर्थन करते हैं.

इन दस्तावेजों में शिकायतकर्ता का हलफनामा, ऑर्डर की जानकारी, इनवॉइस, Swiggy ऐप पर दर्ज शिकायत और दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत शामिल थी.

आयोग ने यह भी कहा कि दूसरी पक्षकार कंपनियां शिकायतकर्ता के दस्तावेजों और आरोपों को गलत साबित करने के लिए कोई सबूत पेश नहीं कर सकीं. उनके पास ऐसा कोई सबूत नहीं था, जिससे शिकायतकर्ता के दावे का खंडन किया जा सके.

इसी आधार पर आयोग ने Burger King India और Swiggy को सेवा में गंभीर कमी का दोषी माना और शिकायत स्वीकार कर ली.

45 दिन में देना होगा 72 हजार रुपये का मुआवजा

आयोग ने दोनों कंपनियों को मानसिक परेशानी, तनाव और तकलीफ के लिए 50,000 रुपये देने का निर्देश दिया है. इसके अलावा, मुकदमे के खर्च के तौर पर 22,000 रुपये देने होंगे. इस तरह कुल मुआवजे और खर्च की रकम 72,000 रुपये होगी.

कंपनियों को आदेश का पालन करने के लिए 45 दिन का समय दिया गया है. अगर वे तय समय में भुगतान नहीं करती हैं, तो पूरी रकम पर भुगतान होने तक सालाना 12 फीसदी की दर से ब्याज देना होगा. आयोग ने यह भी कहा है कि आदेश का पालन नहीं होने पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है.

इसे भी पढ़ें- पैसा रखें तैयार! अगले हफ्ते खुल रहे ये 3 IPO, कंपनियां जुटाएंगी ₹886 करोड़, जानें प्राइस बैंड समेत पूरी डिटेल्स