AI की एंट्री से नौकरियों पर संकट? 2026 में अब तक 1.28 लाख से ज्यादा नौकरियां गईं, ये 10 कंपनियां सबसे आगे

2026 में वैश्विक टेक सेक्टर में छंटनी का सिलसिला तेज हो गया है. 10 सितंबर तक 299 कंपनियों में 1,28,536 कर्मचारियों की नौकरियां जा चुकी हैं. यह आंकड़ा 2025 के पूरे साल में हुई 1,22,606 छंटनियों से भी ज्यादा है. Oracle, Amazon, Dell, Meta, Uber, PayPal, Apple, Microsoft, TikTok और Samsung जैसी बड़ी कंपनियां भी कर्मचारियों की संख्या घटा चुकी हैं.

छंटनी Image Credit:

Tech Layoffs 2026: वैश्विक टेक इंडस्ट्री में 2026 के दौरान छंटनी का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है. कंपनियां लागत कम करने, अपने कारोबार का पुनर्गठन करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई में निवेश बढ़ाने के लिए कर्मचारियों की संख्या घटा रही हैं. Layoffs.fyi के आंकड़ों के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 तक दुनिया भर में 299 टेक कंपनियों ने कुल 128536 कर्मचारियों की छंटनी की है.

यह आंकड़ा 2025 के पूरे साल के मुकाबले भी ज्यादा है. 2025 में 278 टेक कंपनियों में कुल 1,22,606 कर्मचारियों की नौकरियां गई थीं. यानी 2026 में अभी साल के करीब चार महीने बाकी हैं और टेक सेक्टर में छंटनी पिछले पूरे साल के आंकड़े को पार कर चुकी है.

सितंबर के पहले 10 दिनों में ही 5,000 से ज्यादा नौकरियों पर असर

सितंबर की शुरुआत भी टेक कर्मचारियों के लिए अच्छी नहीं रही. महीने के पहले 10 दिनों में ही टेक कंपनियों ने 5,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया. इसमें उबर, पेपाल, एप्पल, जोमैटो और ओरेकल जैसी कंपनियों के नाम शामिल हैं.

इस साल अब तक दुनिया की कई बड़ी टेक कंपनियां भी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की संख्या घटा चुकी हैं. इनमें ओरेकल, अमेजन, डेल, मेटा, माइक्रोसॉफ्ट और पेपाल जैसी कंपनियां शामिल हैं.

1. ओरेकल: 21,000 कर्मचारियों की छंटनी

2026 में सबसे ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करने वाली टेक कंपनी ओरेकल है. कंपनी ने अब तक करीब 21,000 कर्मचारियों की संख्या घटाई है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए बड़े डेटा सेंटर विकसित करने पर भारी खर्च के कारण कंपनी पर नकदी का दबाव बढ़ रहा है. इसी वजह से ओरेकल अपनी प्रस्तावित छंटनी का दायरा और बढ़ा सकती है.

कंपनी ने शुक्रवार को नियामकीय फाइलिंग में बताया कि उसकी ‘2026 रिस्ट्रक्चरिंग प्लान’ की लागत बढ़कर करीब 2.8 अरब डॉलर हो गई है. इसमें प्रभावित कर्मचारियों को दिए जाने वाले सेवरेंस भुगतान की बड़ी हिस्सेदारी है. कंपनी अब तक इस योजना के तहत करीब 2.1 अरब डॉलर का खर्च दर्ज कर चुकी है, जबकि बाकी 700 मिलियन डॉलर का खर्च आगे की जाने वाली अतिरिक्त कार्रवाई से जुड़ा है.

2. अमेजन: 17267 कर्मचारियों की नौकरी गई

अमेजन इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है. कंपनी ने 2026 में अब तक 17,267 कर्मचारियों की छंटनी की है. अप्रैल में कंपनी ने फ्लोरिडा के होमस्टेड स्थित एक वेयरहाउस को अस्थायी रूप से बंद करने का ऐलान किया था. इससे 600 से ज्यादा नौकरियां प्रभावित हुईं. इन छंटनियों की शुरुआत जुलाई से सितंबर के बीच होनी थी. इसके बाद मई में सेलिंग पार्टनर सर्विसेज संगठन में भी अतिरिक्त छंटनी की घोषणा की गई.

3. डेल: 11000 कर्मचारियों की छंटनी

डेल ने मार्च 2026 में अपने कर्मचारियों की संख्या 11,000 तक कम करने का फैसला किया था. इस बड़े कदम के साथ कंपनी भी इस साल सबसे ज्यादा छंटनी करने वाली टेक कंपनियों की सूची में शामिल हो गई.

4. मेटा: हजारों कर्मचारियों पर असर

मेटा ने मार्च 2026 से ही कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी थी. इसके बाद कंपनी ने कई दौर में नौकरियां कम कीं. मई में अकेले करीब 8,000 नौकरियों में कटौती की घोषणा की गई थी.

5. उबर: करीब 10 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी

सितंबर के पहले 10 दिनों में सबसे ज्यादा छंटनी की घोषणा करने वाली कंपनियों में उबर आगे रही. राइड-हेलिंग कंपनी करीब 3,300 पद खत्म करने की योजना बना रही है. यह उसके कुल कर्मचारियों का लगभग 10 फीसदी है.

6. पेपाल: 4,760 नौकरियों में कटौती

पेपाल ने भी कारोबार के पुनर्गठन के बीच कर्मचारियों की संख्या घटाई है. 2026 में कंपनी ने कम से कम 4,760 नौकरियों में कटौती की है. इसमें भारत में करीब 220 पदों की छंटनी भी शामिल है, जो कंपनी के भारतीय कर्मचारियों का लगभग 4 फीसदी है.

7. एप्पल: सिरी, विजन प्रो और एआई टीमों में कटौती

आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल ने पिछले महीने 200 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की. इनमें सिरी, विजन प्रो और सॉफ्टवेयर से जुड़ी टीमें शामिल हैं. विजन प्रो यूनिट में करीब 100 पद खत्म किए गए, जबकि बाकी करीब 100 नौकरियां सिरी और एआई से जुड़े सॉफ्टवेयर विभागों में प्रभावित हुईं.

8. माइक्रोसॉफ्ट: 4,800 कर्मचारियों की छंटनी

माइक्रोसॉफ्ट ने जुलाई में 4,800 कर्मचारियों की छंटनी की. यह कंपनी के कुल कर्मचारियों का करीब 2.1 फीसदी है. इस छंटनी का असर कंपनी के एक्सबॉक्स डिविजन पर भी पड़ा, जहां करीब एक-पांचवें कर्मचारियों की नौकरियां चली गईं.

9. टिकटॉक: 250 कर्मचारियों की छंटनी

वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिकटॉक ने अगस्त में 250 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया. कंपनी ने अक्टूबर में टेनेसी के नैशविल स्थित अपने ऑफिस को बंद करने की भी घोषणा की.

10. सैमसंग: कर्मचारियों की संख्या घटाने के साथ ऑफिस भी बदलेगा

सैमसंग ने जुलाई में 179 पद खत्म करने का ऐलान किया था. कंपनी इस साल के अंत में अपने न्यू जर्सी मुख्यालय को टेक्सास शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है. इस बदलाव से करीब 1,000 कर्मचारियों के प्रभावित होने की उम्मीद है.

रॉयटर्स के मुताबिक, न्यू जर्सी साइट पर 739 पद प्रभावित हुए हैं. कुछ कर्मचारियों को दूसरी जगह जाने के लिए पैकेज दिया गया है, जबकि कुछ की नौकरियां चली गई हैं. इसके अलावा टेक्सास स्थित कंपनी की सुविधा में भी करीब 100 कर्मचारियों, खासकर मोबाइल डिविजन के कर्मचारियों, की छंटनी की खबर है.

एआई के बढ़ते इस्तेमाल के बीच क्यों घट रही हैं नौकरियां?

2026 में टेक सेक्टर की छंटनी को सिर्फ कमजोर मांग से जोड़कर नहीं देखा जा रहा है. कंपनियां अपने खर्च और कर्मचारियों की जरूरतों का दोबारा आकलन कर रही हैं और एआई में निवेश बढ़ा रही हैं.

इसे भी पढ़ें- RailOne से टिकट बुक करने वालों के लिए नया नियम, यात्रा से पहले जान लें

इसका असर टेक कंपनियों के अलग-अलग विभागों पर दिखाई दे रहा है. जहां कुछ कंपनियां कर्मचारियों की संख्या कम कर रही हैं, वहीं एआई, डेटा सेंटर और नई तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में निवेश बढ़ा रही हैं. ऐसे में 2026 की छंटनी टेक इंडस्ट्री में चल रहे एक बड़े बदलाव का संकेत देती है.