RailOne से टिकट बुक करने वालों के लिए नया नियम, यात्रा से पहले जान लें
RailOne ऐप से सीजन टिकट बुक करने के नियम बदल गए हैं. अब रजिस्टर्ड यूजर अपने अलावा पांच अन्य यात्रियों के लिए भी टिकट बुक कर सकता है. अपने टिकट की वैधता उसी दिन, जबकि दूसरे यात्री का टिकट अगले दिन से शुरू होगा.
Highlights
- RailOne से अब छह यात्रियों के सीजन टिकट बुक किए जा सकेंगे
- दूसरे यात्री का टिकट अगले दिन से वैध होगा
- टिकट में फोटो और QR कोड अनिवार्य रूप से शामिल होगा
भारतीय रेलवे ने RailOne ऐप से सीजन टिकट बुक करने के नियमों में बदलाव किया है. अब RailOne का रजिस्टर्ड यूजर सिर्फ अपने लिए ही नहीं, बल्कि अपने अलावा अधिकतम 5 अन्य यात्रियों के लिए भी सीजन टिकट बुक कर सकेगा. यह सुविधा 9 सितंबर 2026 से लागू हुई है. इससे परिवार के सदस्यों या दूसरे यात्रियों के लिए टिकट बनाना आसान होगा.
अपने लिए टिकट की वैधता कब से होगी?
नए नियम के मुताबिक, अगर कोई रजिस्टर्ड यूजर अपने लिए सीजन टिकट बुक करता है तो जियोग्राफिकल वेरिफिकेशन सफल होने के बाद टिकट उसी दिन से वैध हो जाएगा. यानी टिकट बुक होने के बाद तय प्रक्रिया पूरी होते ही यात्री यात्रा कर सकता है.
वहीं, अगर रजिस्टर्ड यूजर किसी दूसरे यात्री के लिए सीजन टिकट बुक करता है तो वह टिकट अगले दिन से वैध होगा. इसलिए दूसरे व्यक्ति के लिए टिकट बनाते समय यात्रा की तारीख का खास ध्यान रखना जरूरी है.
कौन बुक कर सकता है सीजन टिकट?
अपने लिए सीजन टिकट बुक करने वाले यात्री की न्यूनतम उम्र 18 साल होनी चाहिए. वहीं, किसी दूसरे यात्री के लिए टिकट बुक करने पर यात्रा करने वाले व्यक्ति की उम्र कम से कम 5 साल होनी चाहिए. एक रजिस्टर्ड RailOne यूजर अपने लिए टिकट के अलावा अधिकतम पांच अन्य यात्रियों के टिकट बुक कर सकता है.
क्या होता है सीजन टिकट?
सीजन टिकट उन यात्रियों के लिए काफी उपयोगी होता है जो किसी तय रूट पर बार-बार यात्रा करते हैं. इसमें दो तय स्टेशनों के बीच टिकट की वैधता अवधि के दौरान कई बार यात्रा की जा सकती है. हर यात्रा के लिए अलग टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होती.
रेलवे के नियमों के तहत सीजन टिकट आमतौर पर सेकेंड क्लास यात्रा के लिए जारी किए जाते हैं. यह सुविधा सब-अर्बन और नॉन-सब-अर्बन सेक्शन में उपलब्ध हो सकती है और सामान्य तौर पर 150 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए सीजन टिकट जारी किया जाता है. हालांकि, इससे रिजर्व कोच में यात्रा करने की अनुमति नहीं मिलती.
टिकट में फोटो और QR कोड भी होगा
RailOne से बुक किए गए सीजन टिकट में यात्री की फोटो और QR कोड शामिल होगा. टिकट को मोबाइल में PDF के रूप में रखा जा सकता है या उसका प्रिंट भी इस्तेमाल किया जा सकता है. टिकट चेक करने वाले रेलवे कर्मचारी हैंडहेल्ड टर्मिनल से QR कोड स्कैन कर सकते हैं.
ध्यान रखें कि सिर्फ बुकिंग रसीद या इनवॉयस दिखाने से यात्रा की अनुमति नहीं होगी. यात्री के पास सीजन टिकट की वास्तविक कॉपी या मोबाइल में वैध टिकट होना जरूरी है. नए नियमों से नियमित यात्रियों और परिवार के सदस्यों के लिए सीजन टिकट बुकिंग पहले के मुकाबले ज्यादा आसान हो सकती है.
यह भी पढ़ें- ₹2.5 करोड़ का रिटायरमेंट कॉर्पस! कहीं ज्यादा निकासी से पैसा जल्दी खत्म तो नहीं होगा?
Latest Stories
₹2500 की नौकरी से ₹6 करोड़ की दौलत तक! गुजरात के शख्स ने ऐसे बनाया करोड़ों का साम्राज्य, सीखें 7 सबक
भारत के परमाणु पावर को रूस देगा नई ताकत! VVER-1200 से SMR तक, आया बड़ा ऑफर
BRICS के हाथ लगा दुनिया का ‘ऑयल जैकपॉट’, क्या PM मोदी-पुतिन-जिनपिंग की राह है आसान!
