आज से शुरु होगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, वाराणसी से दिल्ली के बीच सिर्फ इन 4 स्टेशनों पर रुकेगी, कितना किराया?

वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 31 अक्टूबर से अपनी उद्घाटन यात्रा शुरू करेगी. ट्रेन 759 किलोमीटर का सफर 9 घंटे 45 मिनट में पूरा करेगी. जानें 3AC, 2AC और 1AC का किराया, स्टॉपेज, टाइमिंग और ट्रेन की खासियतें.

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन Image Credit: PTI

वाराणसी और नई दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने जा रही है. उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 31 अक्टूबर यानी शनिवार को इसका उद्घाटन है. ट्रेन 759 किलोमीटर की दूरी 9 घंटे 45 मिनट में तय करेगी. इसका संचालन और रखरखाव नॉर्दर्न रेलवे (Northern Railway) जोन करेगा. फिलहाल वाराणसी और दिल्ली के बीच दो वंदे भारत चेयर कार ट्रेनें चलती हैं.

वाराणसी से दिल्ली के बीच कितना होगा किराया?

वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में तीन तरह के कोच होंगे. इनमें थर्ड AC, सेकंड AC और फर्स्ट AC शामिल हैं. रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग श्रेणियों का किराया इस प्रकार है:

कोच की श्रेणीकोच की संख्यासीटों की संख्याकिराया
फर्स्ट AC124₹2,880.40
सेकंड AC4188₹2,349.80
थर्ड AC11611₹1,819.20
कुल16823—
सोर्स- इकोनॉमिक टाइम्स

इन 4 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कानपुर सेंट्रल के रास्ते चलेगी. रास्ते में इसके चार ठहराव होंगे. इनमें प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद शामिल हैं.

इस तरह ट्रेन का पूरा रूट वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़, गाजियाबाद और नई दिल्ली होगा. रेलवे के मुताबिक, ट्रेन का मेंटेनेंस वाराणसी में किया जाएगा. इसके अलावा प्रयागराज और कानपुर में पानी भरने की सुविधा भी उपलब्ध होगी.

RAC और वेटिंग टिकट की सुविधा नहीं मिलेगी

इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सामान्य ट्रेनों की तरह Reservation Against Cancellation (RAC), वेटिंग लिस्ट या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट की सुविधा नहीं होगी. रेलवे ने अभी वाराणसी-नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की नियमित व्यावसायिक सेवा शुरू करने की तारीख का ऐलान नहीं किया है. इसके लिए अलग से तारीख घोषित की जाएगी.

16 कोच और 823 यात्रियों की क्षमता

वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे. इसे BEML ने चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) की तकनीक का इस्तेमाल करके तैयार किया है. ट्रेन में 11 थर्ड AC, 4 सेकंड AC और 1 फर्स्ट AC कोच होगा. इसमें कुल 823 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है. थर्ड AC में 611, सेकंड AC में 188 और फर्स्ट AC में 24 यात्रियों के लिए जगह होगी.

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में मिलेंगी ये सुविधाएं

यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन है, जिसकी डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक है. यात्रियों के आराम को ध्यान में रखते हुए इसमें बेहतर कुशनिंग वाले बर्थ लगाए गए हैं. ट्रेन में ऑटोमैटिक दरवाजे और कोच के बीच आने-जाने के लिए वेस्टिब्यूल की सुविधा होगी. इसके अलावा बेहतर सस्पेंशन और शोर कम करने वाली तकनीक से सफर को आरामदायक बनाने की कोशिश की गई है. सुरक्षा के लिए ट्रेन में कवच सिस्टम और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम दिया गया है.

ट्रेन में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए डिसइंफेक्टेंट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है. इसके ड्राइवर कैब में आधुनिक कंट्रोल और सुरक्षा सिस्टम होंगे. साथ ही ट्रेन का बाहरी डिजाइन एयरोडायनामिक होगा और इसमें ऑटोमैटिक एक्सटीरियर पैसेंजर डोर भी दिए गए हैं.

इसे भी पढ़ें- दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया का इन 2 शेयरों पर बड़ा दांव, 563% तक रिटर्न; फाइनेंशियल परफॉर्मेंस भी दमदार