₹14924 लगाकर ₹2548 तक कमाई का मौका! 14 जुलाई को खुलेगा SBI Funds Management का IPO; जानें पूरी डिटेल
SBI Funds Management का 9,812.91 करोड़ रुपये का IPO 14 जुलाई को खुलेगा. खुलने से पहले ही इसका GMP 98 प्रति शेयर है. ऐसे में अपर प्राइस बैंड 574 रुपये के आधार पर शेयर की संभावित लिस्टिंग 672 रुपये पर हो सकती है. एक लॉट के लिए 14,924 रुपये निवेश करना होगा, जिस पर करीब 2,548 रुपये के संभावित लिस्टिंग गेन के संकेत हैं.

SBI Funds Management IPO: देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI Funds Management का IPO 14 जुलाई को खुलने जा रहा है. 9812.91 करोड़ रुपये के इस IPO में निवेशक 16 जुलाई तक बोली लगा सकेंगे. इश्यू खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट में इसे लेकर हलचल तेज है. मार्केट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Investorgain के मुताबिक, 12 बजे तक IPO का GMP 98 रुपये प्रति शेयर है. ऐसे में आइए जानते हैं आपीओ की पूरी डिटेल साथ ही निवेश के लिए कितना लगाना होगा पैसा. इसके अलावा कितनी हो सकती है कमाई.
₹14,924 के निवेश पर कितनी हो सकती है कमाई?
SBI Funds Management IPO का अपर प्राइस बैंड 574 रुपये प्रति शेयर है. वहीं, Investorgain के मुताबिक इसका GMP 98 रुपये प्रति शेयर चल रहा है. इस आधार पर शेयर की संभावित लिस्टिंग कीमत 672 रुपये बनती है.
रिटेल निवेशकों को कम से कम 26 शेयरों के एक लॉट के लिए आवेदन करना होगा. अपर प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट पर 14,924 रुपये का निवेश करना होगा. अगर 98 रुपये का मौजूदा GMP लिस्टिंग तक बना रहता है, तो 26 शेयरों पर संभावित लिस्टिंग गेन करीब 2,548 रुपये बनता है. यह अपर प्राइस बैंड के मुकाबले करीब 17.07 फीसदी संभावित लिस्टिंग गेन का संकेत है.
₹545 से ₹574 है IPO का प्राइस बैंड?
कंपनी ने IPO के लिए 545 से 574 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. यह पब्लिक इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी OFS है. इसके तहत 20.37 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी. OFS होने की वजह से IPO से जुटाई जाने वाली रकम SBI Funds Management को नहीं मिलेगी. पूरी रकम शेयर बेचने वाले मौजूदा शेयरधारकों State Bank of India यानी SBI और Amundi India Holding को मिलेगी.
21 जुलाई को हो सकती है लिस्टिंग
SBI Funds Management IPO 14 जुलाई को पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 16 जुलाई को बंद होगा. शेयरों के अलॉटमेंट का आधार 17 जुलाई को फाइनल होने की उम्मीद है. कंपनी के शेयरों की NSE और BSE पर संभावित लिस्टिंग 21 जुलाई को हो सकती है.
रिटेल निवेशकों के लिए 35% हिस्सा रिजर्व
नेट ऑफर में 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स यानी QIB के लिए रिजर्व है. नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स यानी NII के लिए 15 फीसदी और रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स यानी RII के लिए 35 फीसदी हिस्सा रिजर्व रखा गया है. कंपनी ने पात्र SBI शेयरधारकों के लिए 1.3 करोड़ शेयर रिजर्व किए हैं. इसके अलावा पात्र कर्मचारियों के लिए 170 करोड़ रुपये के शेयर रिजर्व हैं. कर्मचारियों को प्रति शेयर 54 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा.
IPO के बुक रनिंग लीड मैनेजर्स में Kotak Mahindra Capital Co. Ltd., Axis Capital, BofA Securities, HSBC Securities, ICICI Securities और Jefferies शामिल हैं.
FY26 में 21% बढ़ा नेट प्रॉफिट
SBI Funds Management ने वित्त वर्ष 2026 में मजबूत कमाई दर्ज की. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21 फीसदी बढ़कर 3,067 करोड़ रुपये हो गया. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का मुनाफा 2,540 करोड़ रुपये था. वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 2,073 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया था. ये आंकड़े कंपनी के मुनाफे में लगातार बढ़ोतरी को दिखाते हैं.
देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी
SBI Funds Management की स्थापना साल 1992 में हुई थी. कंपनी SBI Mutual Fund के लिए इन्वेस्टमेंट मैनेजर के रूप में काम करती है. यह SBI और Amundi का जॉइंट वेंचर है. साल 2025 तक कंपनी करीब 16.32 लाख करोड़ रुपये का एसेट अंडर मैनेजमेंट यानी AUM संभाल रही थी. भारत की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 15.5 फीसदी थी.
इसे भी पढ़ें- गदर मचा रहा ये ज्वेलरी स्टॉक, 4 दिन में 39% उछला, जानिए किन वजहों से नॉनस्टॉप आ रही रैली?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.