Jio Platforms IPO: पहले दिन 3.1 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू, ₹3.2 लाख करोड़ की डिमांड, QIB का हिस्सा 9.4 गुना भरा

Jio Platforms IPO को निवेशकों से शानदार रिस्पॉन्स मिला है. 30,230 करोड़ रुपये के इस इश्यू को पहले दिन 3.1 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. एंकर निवेशकों की मांग और पहले दिन की बोलियों को मिलाकर कुल डिमांड करीब 3.2 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई. QIB कैटेगरी 9.4 गुना सब्सक्राइब हुई, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों का हिस्सा 1.68 गुना भरा.

जिओ आईपीओ Image Credit: AI

Jio Platforms के 30,230 करोड़ रुपये के IPO को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. इश्यू के लिए एंकर निवेशकों की मांग और पहले दिन मिले सब्सक्रिप्शन को मिलाकर कुल डिमांड करीब 3.2 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है. 21 अक्टूबर को पब्लिक सब्सक्रिप्शन के पहले दिन ही IPO 3.1 गुना सब्सक्राइब हो गया. इसमें सबसे ज्यादा दिलचस्पी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स यानी QIB की ओर से देखने को मिली. वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों का हिस्सा भी पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया, जबकि रिटेल निवेशकों का कोटा पहले दिन पूरा नहीं भर पाया.

पहले दिन ₹69,713 करोड़ की लगी बोली

एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, 21 अक्टूबर को शाम 7 बजे तक Jio Platforms IPO के लिए 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 62.3 करोड़ शेयरों की बोली मिली. इन बोलियों की कुल वैल्यू करीब 69,713 करोड़ रुपये रही. इसके साथ ही इश्यू पहले दिन 3.1 गुना सब्सक्राइब हो गया.

उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर, 15,000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने वाले भारतीय IPO में यह पहले दिन मिली बोली के लिहाज से सबसे बड़ी रकम है. इस इश्यू में संस्थागत निवेशकों की मजबूत भागीदारी देखने को मिली है. कंपनी का IPO 23 अक्टूबर को बंद होगा, जबकि शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को होने की उम्मीद है.

QIB कैटेगरी में 9.4 गुना सब्सक्रिप्शन

Jio Platforms IPO में सबसे ज्यादा मांग क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स यानी QIB कैटेगरी में रही. इस कैटेगरी के लिए आरक्षित 4.9 करोड़ शेयरों के मुकाबले 46.1 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं. इसके साथ ही QIB का हिस्सा 9.4 गुना सब्सक्राइब हो गया.

नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों यानी NII की कैटेगरी में भी अच्छी मांग रही. इस हिस्से को 1.68 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. वहीं, कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्से में 1.36 गुना और शेयरधारकों की कैटेगरी में 1.46 गुना सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया.

रिटेल निवेशकों की कैसी रही भागीदारी?

संस्थागत निवेशकों के मुकाबले रिटेल निवेशकों की भागीदारी पहले दिन कमजोर रही. रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित 8.5 करोड़ शेयरों के मुकाबले 6.1 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं. इसके साथ ही रिटेल कैटेगरी 0.73 गुना सब्सक्राइब हुई.

इसका मतलब है कि पहले दिन रिटेल निवेशकों के हिस्से में उपलब्ध शेयरों की तुलना में कम मांग रही. हालांकि, IPO में बोली लगाने के लिए निवेशकों के पास 23 अक्टूबर तक का समय है.

ये भी पढ़ें- Carlsberg IPO: भारत में आने वाला है बड़ा IPO, ₹6,600 करोड़ जुटाने की तैयारी

एंकर निवेशकों से ₹8,109.85 करोड़ जुटाए

पब्लिक सब्सक्रिप्शन शुरू होने से पहले Jio Platforms ने एंकर निवेशकों को 8,109.85 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए. कंपनी ने 212 एंकर निवेशकों को प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर शेयर दिए. एंकर बुक में 2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की मांग मिली, जो उपलब्ध शेयरों की तुलना में 30 गुना से अधिक थी.

एंकर निवेशकों की मजबूत मांग और पहले दिन के सब्सक्रिप्शन ने Jio Platforms IPO को भारतीय शेयर बाजार के सबसे बड़े सार्वजनिक निर्गमों में खास जगह दिलाई है. अब निवेशकों की नजर सब्सक्रिप्शन के अगले चरण और 28 अक्टूबर को होने वाली संभावित लिस्टिंग पर रहेगी.