₹14960 लगाकर बन सकते हैं इस कंपनी का हिस्सा! 1 जुलाई से खुलेगा ₹440 करोड़ का IPO, जानें पूरी डिटेल
नैक पैकेजिंग लिमिटेड 1 जुलाई को अपना ₹439.5 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खोलने जा रही है. कंपनी ने ₹161-170 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. निवेशक 3 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि शेयरों की संभावित लिस्टिंग 8 जुलाई को BSE और NSE पर होगी. जानिए IPO का प्राइस बैंड, लॉट साइज, निवेश राशि, OFS और कंपनी की पूरी डिटेल.

पैकेजिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी नैक पैकेजिंग लिमिटेड (Knack Packaging Ltd) अपना आईपीओ लेकर आ रही है. करीब 440 करोड़ रुपये का यह आईपीओ निवेश के लिए 1 जुलाई से खुलेगा. अगर आप भी प्राइमरी मार्केट में दांव लगाने की सोच रहे हैं, तो कंपनी ने इसके लिए 161-170 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर कंपनी का कुल मूल्यांकन 2,080 करोड़ रुपये आंका गया है.
आइए जानते हैं इस आईपीओ से जुड़ी सभी जरूरी बातें:
कब से कब तक लगा सकते हैं दांव?
सार्वजनिक घोषणा के मुताबिक, यह आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 1 जुलाई को खुलेगा और 3 जुलाई को बंद होगा. आम निवेशकों से पहले, एंकर इनवेस्टर्स के लिए बोली लगाने की विंडो 30 जून को एक दिन के लिए खुलेगी. कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 8 जुलाई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर होने की उम्मीद है.
फ्रेश इश्यू और ओएफएस की डिटेल
इस पब्लिक ऑफर का कुल साइज 439.5 करोड़ रुपये है. इसमें दो हिस्से शामिल हैं:
- फ्रेश इश्यू: कंपनी 380 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी करेगी.
- ऑफर फॉर सेल (OFS): कंपनी के मौजूदा शेयरधारक 59.5 करोड़ रुपये मूल्य के 35 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे.
कहां होगा आईपीओ से मिले पैसों का इस्तेमाल?
नए शेयरों (Fresh Issue) से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी गुजरात के मेहसाणा जिले के कडी (बोरिसाना) में एक नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी यानी नया कारखाना लगाने के लिए करेगी. इसके अलावा बची हुई रकम का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा.
कम से कम कितना करना होगा निवेश?
रिटेल निवेशक इस आईपीओ में न्यूनतम 88 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं. इसके बाद इसके गुणकों में निवेश किया जा सकता है. प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर (170 रुपये) के हिसाब से निवेशकों को कम से कम एक लॉट के लिए 14,960 रुपये का निवेश करना होगा.
किसके लिए कितना हिस्सा रिजर्व?
- QIB (क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स): कुल नेट ऑफर का 50 फीसदी हिस्सा.
- NII (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स): 15 फीसदी हिस्सा.
- रिटेल इनवेस्टर्स (आम निवेशक): बाकी बचा 35 फीसदी हिस्सा.
यह भी पढ़ें: AI से एटॉमिक एनर्जी तक! गौतम अडानी ने AGM में दिखाया कंपनी का फ्यूचर, निवेश के बड़े ऐलानों से शेयरों में तेजी
क्या करती है कंपनी?
अहमदाबाद में मुख्यालय वाली नैक पैकेजिंग एक प्रमुख, export-oriented पैकेजिंग सॉल्युशन प्रोवाइडर कंपनी है. इसका पोर्टफोलियो प्रिंटेड और लैमिनेटेड वोवन पॉलीप्रोपाइलीन (PLWPP) बैग्स और पिंच बॉटम बैग्स बनाने का है. इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल मुख्य रूप से खाद्य उत्पाद और पेट फूड्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों में किया जाता है.
सिस्टमैटिक्स कॉर्पोरेट सर्विसेज, आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स और पैंटोमैथ कैपिटल एडवाइजर्स इस इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर्स हैं, जबकि एमयूएफजी इनटाइम इंडिया इस आईपीओ की रजिस्ट्रार है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.