शेयर बाजार में SME कंपनियों का बड़ा दांव, अगले सप्ताह निवेशकों के सामने खुलेंगे 4 नए IPO; 2 की होगी लिस्टिंग
अगले सप्ताह शेयर बाजार में SME IPO सेगमेंट पूरी तरह सुर्खियों में रहेगा. NFP Sampoorna Foods, Teamtech Formwork Solutions, Harikanta Overseas और Vegorama Punjabi Angithi समेत 4 नई कंपनियां अपने IPO लॉन्च करेंगी. वहीं RFBL Flexi Pack और Goldline Pharmaceutical की लिस्टिंग पर भी निवेशकों की नजर रहेगी.

Upcoming IPO 2026: शेयर बाजार में अगले सप्ताह IPO बाजार पूरी तरह SME सेगमेंट के नाम रहने वाला है. मेनबोर्ड सेगमेंट में कोई नया IPO लॉन्च नहीं होगा, लेकिन SME प्लेटफॉर्म पर 4 नई कंपनियां अपने इश्यू लेकर निवेशकों के सामने आएंगी. इसके अलावा 2 कंपनियों की शेयर बाजार में लिस्टिंग भी होने वाली है. ऐसे में छोटे और मध्यम निवेशकों के लिए आने वाला सप्ताह काफी व्यस्त रहने की संभावना है. SME IPO सेगमेंट में पिछले कुछ समय से निवेशकों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है. कई SME कंपनियों ने लिस्टिंग के बाद मजबूत रिटर्न दिए हैं, जिसके कारण निवेशक अब इस सेगमेंट पर भी नजर बनाए हुए हैं.
NFP Sampoorna Foods IPO
ड्राई फ्रूट डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी NFP Sampoorna Foods का IPO 18 मई से 20 मई 2026 तक खुला रहेगा. यह इश्यू पूरी तरह फ्रेश इश्यू है और इसका कुल साइज 24.53 करोड़ रुपये रखा गया है. इसमें ऑफर फॉर सेल यानी OFS शामिल नहीं है. कंपनी इस इश्यू से जुटाई गई राशि का उपयोग वर्किंग कैपिटल जरूरतों, कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी.
IPO का प्राइस बैंड 52 रुपये से 55 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. एक लॉट में 2000 शेयर होंगे. कंपनी मुख्य रूप से प्रीमियम ड्राई फ्रूट्स, खासकर काजू की प्रोसेसिंग और डिस्ट्रीब्यूशन का कारोबार करती है. कंपनी अफ्रीकी देशों से कच्चे काजू का आयात करती है.
Teamtech Formwork Solutions IPO
Teamtech Formwork Solutions का IPO 19 मई से 21 मई तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा. यह IPO 50.15 करोड़ रुपये का पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा. कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 61 रुपये से 63 रुपये प्रति शेयर तय किया है. कंपनी कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री के लिए मॉड्यूलर टी-फॉर्मवर्क और कस्टमाइज्ड फॉर्मवर्क सिस्टम का निर्माण, रिफर्बिशमेंट और रेंटल कारोबार करती है. कंपनी IPO से जुटाई गई राशि का उपयोग प्लांट और मशीनरी खरीदने, कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी.
Harikanta Overseas IPO
Harikanta Overseas का IPO 20 मई से 22 मई तक खुला रहेगा. यह इश्यू 25.63 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू होगा. कंपनी सिंथेटिक टेक्सटाइल फैब्रिक बनाने का कारोबार करती है. इसके उत्पादों में इकट फैब्रिक, साड़ी फैब्रिक, पॉलिएस्टर गारमेंट फैब्रिक, पॉली लिनेन और नेचुरल फाइबर फैब्रिक शामिल हैं. IPO का प्राइस बैंड 91 रुपये से 96 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. एक लॉट में 1200 शेयर होंगे और रिटेल निवेशकों को कम से कम 2 लॉट यानी 2400 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा.
Vegorama Punjabi Angithi IPO
रेस्टोरेंट चेन ऑपरेटर Vegorama Punjabi Angithi का IPO भी 20 मई से 22 मई तक खुला रहेगा. यह इश्यू कुल 38.30 करोड़ रुपये का होगा, जिसमें 30.70 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 7.68 करोड़ रुपये का OFS शामिल है. कंपनी ‘Punjabi Angithi’ ब्रांड के तहत फूड एंड बेवरेज कारोबार संचालित करती है. कंपनी जुटाई गई राशि का उपयोग कैपिटल एक्सपेंडिचर और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए करेगी.
अगले हफ्ते होंगी 2 लिस्टिंग
अगले सप्ताह RFBL Flexi Pack और Goldline Pharmaceutical की शेयर बाजार में लिस्टिंग भी होने वाली है. निवेशकों की नजर इन कंपनियों के लिस्टिंग प्रदर्शन पर भी रहेगी.
यह भी पढ़ें: 2026 में इन 3 छुटकू शेयरों ने निवेशकों को किया मालामाल, 5 महीनों में 714% तक उछले स्टॉक, रखें नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.