Zepto अगले हफ्ते फाइल कर सकती है अपडेटेड DRHP, ₹10000 करोड़ के IPO की तैयारी; जानें डिटेल
भारत की प्रमुख क्विक कॉमर्स कंपनी Zepto जल्द ही अपना मेगा IPO लॉन्च करने की तैयारी में है. कंपनी अगले सप्ताह SEBI के पास अपडेटेड DRHP दाखिल कर सकती है और इसके बाद निवेशकों के लिए रोडशो शुरू होने की संभावना है. रिपोर्ट्स के मुताबिक Zepto इस IPO के जरिए 10000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने का लक्ष्य बना रही है.

Zepto IPO: भारत के क्विक कॉमर्स सेक्टर में तेजी से उभर रही कंपनी Zepto अब शेयर बाजार में दस्तक देने की तैयारी में है. कंपनी अगले सप्ताह SEBI के पास अपना अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है. इसके साथ ही कंपनी निवेशकों के लिए रोडशो भी शुरू करने जा रही है. माना जा रहा है कि Zepto का यह IPO 10000 करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है, जो हाल के वर्षों में भारत के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी IPO में शामिल होगा.
अगले सप्ताह दाखिल हो सकता है अपडेटेड DRHP
मनीकंट्रोल ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि Zepto अगले सप्ताह की शुरुआत में अपना अपडेटेड DRHP जमा करेगी. इस दस्तावेज में कंपनी अपने नए वित्तीय प्रदर्शन, ऑपरेशनल आंकड़ों, स्टोर विस्तार योजनाओं और IPO से जुटाई जाने वाली राशि के उपयोग से जुड़ी जानकारी साझा करेगी.
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी DRHP दाखिल करने के तुरंत बाद घरेलू और वैश्विक संस्थागत निवेशकों के साथ रोडशो शुरू करेगी. यह प्रक्रिया IPO लॉन्च से पहले निवेशकों की रुचि और मांग का आकलन करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है.
10000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की तैयारी
Zepto अपने IPO के जरिए 1 अरब डॉलर से अधिक यानी 10000 करोड़ रुपये से ज्यादा की पूंजी जुटाने का लक्ष्य बना रही है. इससे पहले कंपनी के IPO का साइज 800 मिलियन डॉलर से 1 अरब डॉलर के बीच माना जा रहा था, लेकिन अब बढ़ते कारोबार और निवेशकों की संभावित रुचि को देखते हुए कंपनी ने इश्यू का साइज बढ़ाने का फैसला किया है.
यदि यह योजना सफल रहती है, तो Zepto भारत के नए दौर की टेक कंपनियों में सबसे बड़े सार्वजनिक निर्गमों में से एक बन सकती है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि क्विक कॉमर्स सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बावजूद कंपनी का तेज विस्तार निवेशकों को आकर्षित कर सकता है.
तेजी से बढ़ रहा है Zepto का कारोबार
पिछले एक साल में Zepto ने अपने कारोबार का तेजी से विस्तार किया है. कंपनी के दैनिक ऑर्डर वॉल्यूम में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है. रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में Zepto प्रतिदिन 25 लाख से अधिक ऑर्डर प्रोसेस कर रही है, जबकि कुछ समय पहले तक यह संख्या 15 लाख से 17 लाख के बीच थी.
यह बढ़ोतरी दिखाती है कि उपभोक्ताओं के बीच क्विक डिलीवरी सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है. कंपनी ने अपने डार्क स्टोर नेटवर्क और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बड़े स्तर पर मजबूत किया है, जिसका सीधा फायदा ऑर्डर वॉल्यूम में दिखाई दे रहा है.
1 अरब डॉलर के NOV के करीब कंपनी
Zepto का एक और महत्वपूर्ण प्रदर्शन संकेतक नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) है. यह वह वैल्यू होता है, जो ऑर्डर कैंसिलेशन, रिटर्न और डिस्काउंट को एडजल्ट करने के बाद बचता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अब लगभग 1 अरब डॉलर के तिमाही NOV के करीब पहुंच गई है. वर्ष 2025 के अंत में यह आंकड़ा करीब 500 मिलियन डॉलर था. यानी कुछ ही महीनों में कंपनी ने अपने NOV को लगभग दोगुना कर लिया है. यह उपलब्धि कंपनी के तेजी से बढ़ते ग्राहक आधार और मजबूत ऑपरेशनल क्षमता को दिखाती है.
Blinkit, Instamart और Flipkart Minutes से मुकाबला
वर्ष 2021 में स्थापित Zepto आज भारत की सबसे बड़ी क्विक कॉमर्स कंपनियों में गिनी जाती है. कंपनी का सीधा मुकाबला Eternal के स्वामित्व वाली Blinkit, Swiggy Instamart और Flipkart Minutes जैसी कंपनियों से है. इन कंपनियों के बीच ग्राहकों को तेजी से डिलीवरी, बेहतर प्रोडक्ट उपलब्धता और कम समय में सर्विस प्रदान करने की होड़ लगी हुई है. ऐसे माहौल में Zepto ने अपने विस्तार और तकनीकी क्षमताओं के दम पर मजबूत स्थिति बनाई है.
यह भी पढ़ें: IDFC First Bank से जुड़े ₹661 करोड़ घोटाले में CBI एक्शन में, हरियाणा-चंडीगढ़ और दिल्ली-NCR में कई ठिकानों पर छापे
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.