लाल बाजार में भी SIP का जलवा! सितंबर में ₹32,490 करोड़ का रिकॉर्ड निवेश, इक्विटी फंडों में 31% उछाल
सितंबर 2026 में SIP के जरिए 32,490 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है. जो अब तक का रिकॉर्ड है. अगस्त के मुकाबले इसमें 0.6% की बढ़ोतरी हुई. हालांकि, म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल AUM 5.1% घटकर 82.64 लाख करोड़ रुपये रह गया. इस दौरान इक्विटी फंड में निवेश करीब 31% बढ़ा, जबकि डेट फंड से 1.83 लाख करोड़ रुपये की नेट निकासी हुई.

SIP Investment: म्यूचुअल फंड में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए निवेश करने वालों का योगदान सितंबर 2026 में नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में SIP के जरिए कुल 32,490 करोड़ रुपये का निवेश हुआ. अगस्त में यह आंकड़ा 32,297 करोड़ रुपये था. इस तरह एक महीने में SIP निवेश 193 करोड़ रुपये यानी करीब 0.6% बढ़ा है. हालांकि, इस दौरान म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की कुल प्रबंधन के तहत संपत्ति यानी एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) में गिरावट दर्ज की गई.
सितंबर में 63 लाख नए SIP रजिस्टर
AMFI के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में करीब 63 लाख नए SIP रजिस्टर हुए. महीने के आखिरी तक SIP के जरिए निवेश की गई संपत्ति का कुल मूल्य 17.86 लाख करोड़ रुपये रहा. SIP के जरिए निवेशक म्यूचुअल फंड स्कीम में नियमित अंतराल पर एक तय रकम निवेश करते हैं. आमतौर पर यह निवेश हर महीने किया जाता है. किसी महीने में SIP के जरिए आया कुल पैसा उस महीने का निवेश बताता है, जबकि SIP AUM उन निवेशों की मौजूदा कुल वैल्यू को दिखाता है.
म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का AUM 5.1% घटा
SIP निवेश में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बावजूद म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की कुल संपत्ति में गिरावट आई. 30 सितंबर 2026 को इंडस्ट्री का कुल AUM 82.64 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि अगस्त के आखिरी में यह 87.08 लाख करोड़ रुपये था. इस तरह एक महीने में कुल AUM करीब 5.1% घट गया. इस गिरावट की एक वजह डेट म्यूचुअल फंड से निकासी रही. सितंबर में डेट फंड से शुद्ध रूप से 1.83 लाख करोड़ रुपये निकाले गए.
इक्विटी म्यूचुअल फंड में बढ़ा निवेश
दूसरी ओर, इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश बढ़ा. सितंबर में इक्विटी आधारित म्यूचुअल फंड स्कीमों में 38,306.55 करोड़ रुपये का निवेश आया. अगस्त में यह रकम 29,328.62 करोड़ रुपये थी यानी एक महीने में निवेश में करीब 31% की बढ़ोतरी हुई. इक्विटी फंड की अलग-अलग कैटेगरी में स्मॉल-कैप फंड सबसे आगे रहे. इनमें सितंबर में 9,038.57 करोड़ रुपये का निवेश आया. इसके बाद मिड-कैप फंड में 7,834.84 करोड़ रुपये और फ्लेक्सी-कैप फंड में 6,701.80 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया.
SIP निवेश बढ़ा, फिर भी AUM क्यों घटा?
SIP के जरिए निवेश बढ़ने और म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के कुल AUM में गिरावट एक साथ हो सकती है. इसकी वजह यह है कि AUM सिर्फ नए निवेश पर निर्भर नहीं करता. इससे निवेशकों की निकासी और बाजार में मौजूद शेयरों व दूसरे निवेशों की कीमतों में बदलाव का भी असर पड़ता है. सितंबर के आंकड़े बताते हैं कि SIP के जरिए हर महीने निवेश जारी रहा, लेकिन कुल म्यूचुअल फंड संपत्ति में गिरावट आई. इसलिए SIP के मासिक निवेश, इक्विटी फंड में आए पैसे और पूरी इंडस्ट्री के AUM को अलग-अलग आंकड़ों के तौर पर समझना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें- Jio Platforms IPO: कंपनी में किसकी कितनी हिस्सेदारी, Reliance के अलावा Meta-Google भी बड़े हिस्सेदार