8th Pay Commission: पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 2.57 फिटमेंट फैक्टर से बदल जाएगा पूरा गणित

8वें वेतन आयोग से केंद्रीय पेंशनर्स को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. फिटमेंट फैक्टर के आधार पर उनकी बेसिक पेंशन में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है. अगर 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो 25,000 रुपये की मौजूदा बेसिक पेंशन बढ़कर 64,250 रुपये हो सकती है. जानिए 2.0, 2.25 और 2.57 फिटमेंट फैक्टर का पूरा गणित.

8वां वेतन आयोग Image Credit:

8वें वेतन आयोग का इंतजार कर रहे केंद्रीय कर्मचारियों के साथ पेंशनर्स को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. नए वेतन आयोग के लागू होने पर रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हो सकती है. पेंशन कितनी बढ़ेगी, यह काफी हद तक सरकार की ओर से तय किए जाने वाले फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगा. अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर के आधार पर पेंशन में संभावित बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है. अगर 2.0 से लेकर 2.57 तक का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो मौजूदा पेंशन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.

2.0 फिटमेंट फैक्टर पर कितनी होगी पेंशन?

अगर 8वें वेतन आयोग में 2.0 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाता है तो मौजूदा बेसिक पेंशन दोगुनी हो सकती है. उदाहरण के लिए, अभी किसी पेंशनर को 25,000 रुपये बेसिक पेंशन मिलती है तो नई गणना के हिसाब से यह बढ़कर 50,000 रुपये हो सकती है. इसी तरह 30,000 रुपये की बेसिक पेंशन बढ़कर 60,000 रुपये और 50,000 रुपये की पेंशन बढ़कर 1 लाख रुपये हो सकती है.

2.25 फिटमेंट फैक्टर से कितना होगा फायदा?

अगर सरकार 2.25 का फिटमेंट फैक्टर तय करती है तो पेंशन में इससे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. इस हिसाब से 25,000 रुपये की मौजूदा बेसिक पेंशन बढ़कर 56,250 रुपये हो सकती है. वहीं 50,000 रुपये की पेंशन बढ़कर 1,12,500 रुपये तक पहुंच सकती है. इससे साफ है कि फिटमेंट फैक्टर जितना ज्यादा होगा, पेंशनर्स की नई बेसिक पेंशन भी उतनी ही ज्यादा होगी.

2.57 फिटमेंट फैक्टर से ₹25,000 की पेंशन होगी ₹64,250

अगर 8वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो पेंशन में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी का अनुमान है. इस हिसाब से 25,000 रुपये की बेसिक पेंशन बढ़कर 64,250 रुपये हो सकती है. वहीं 50,000 रुपये की पेंशन 1,28,500 रुपये और 75,000 रुपये की पेंशन 1,92,750 रुपये तक पहुंच सकती है.

तीनों फिटमेंट फैक्टर के हिसाब से पेंशन की संभावित रकम इस प्रकार होगी:

मौजूदा बेसिक पेंशन2.0 फैक्टर2.25 फैक्टर2.57 फैक्टर
₹25,000₹50,000₹56,250₹64,250
₹30,000₹60,000₹67,500₹77,100
₹50,000₹1,00,000₹1,12,500₹1,28,500
₹75,000₹1,50,000₹1,68,750₹1,92,750

पेंशनर्स ने सरकार से की ये मांगें

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के सामने पेंशन बढ़ाने से जुड़ी कई मांगें रखी हैं. इनमें आखिरी बेसिक सैलरी का 67 फीसदी पेंशन देने की मांग प्रमुख है. फिलहाल ओल्ड पेंशन स्कीम के तहत सामान्य तौर पर आखिरी बेसिक सैलरी या पिछले 10 महीने के औसत वेतन, जो भी ज्यादा हो, उसका 50 फीसदी बेसिक पेंशन के रूप में मिलता है. इसके अलावा फैमिली पेंशन को आखिरी बेसिक सैलरी का 50 फीसदी करने और सिविल कर्मचारियों के लिए वन रैंक वन पेंशन (OROP) लागू करने की मांग भी शामिल है.

क्या पेंशन में इतनी बढ़ोतरी मिलना तय है?

नहीं, अभी इन आंकड़ों को संभावित गणना के तौर पर ही देखना चाहिए. 8वें वेतन आयोग ने फिटमेंट फैक्टर या पेंशन बढ़ोतरी का अंतिम फॉर्मूला घोषित नहीं किया है. आयोग को गठन के 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें देनी हैं. इसके बाद केंद्र सरकार आयोग की सिफारिशों की समीक्षा करेगी और अंतिम फैसला लेगी. इसलिए पेंशनर्स को अभी नई पेंशन की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.

यह भी पढ़ें- सीनियर सिटीजन्स की मौज! दो सरकारी बैंक PNB और Canara Bank ने FD पर बढ़ाई ब्‍याज दर