क्या Credit Card का बिल नहीं भरने पर भी जेल हो सकती है?
Credit Card यूज करने वालों के मन में यह सवाल अक्सर आता है कि अगर किसी कारणवश Credit Card का बिल समय पर नहीं भरा जाए, तो क्या इसके लिए जेल हो सकती है. सच्चाई यह है कि केवल बिल न भरने को आमतौर पर आपराधिक अपराध नहीं माना जाता, बल्कि यह एक सिविल विवाद होता है. यानी देर से भुगतान या डिफॉल्ट की स्थिति में सीधे जेल नहीं भेजा जाता. जब कोई व्यक्ति Credit Card बिल नहीं भरता, तो सबसे पहले बैंक रिमाइंडर भेजता है. इसके बाद कॉल, ईमेल और मैसेज के जरिए बकाया चुकाने को कहा जाता है.
लंबे समय तक भुगतान न होने पर बैंक रिकवरी एजेंट्स को शामिल कर सकता है या सिविल कोर्ट में वसूली का मामला दर्ज कर सकता है. इस प्रक्रिया का मकसद पैसा वसूलना होता है, न कि सजा देना. हालांकि, अगर Credit Card लेते समय फर्जी दस्तावेज दिए गए हों, आय को गलत तरीके से दिखाया गया हो या शुरू से ही धोखाधड़ी की मंशा साबित हो जाए, तो मामला Indian Penal Code के तहत फ्रॉड की श्रेणी में आ सकता है. ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई सख्त हो सकती है.