डिजिटल अरेस्ट में पैसे डूबे तो बैंक देगा मुआवजा! RBI के नए नियमों में मिलेंगे 25 हजार रुपये तक
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के शिकार लोगों के लिए राहत की खबर है. RBI के नए नियमों के तहत कुछ मामलों में बैंक को ठगी की रकम का पूरा पैसा लौटाना पड़ सकता है. वहीं, कुछ मामलों में पीड़ित को 25 हजार रुपये तक मुआवजा मिल सकता है.

आजकल साइबर ठग पुलिस, CBI और सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को वीडियो कॉल करते हैं और डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर उनके बैंक खाते खाली कर देते हैं. ऐसे मामलों को रोकने और ग्राहकों को राहत देने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) नए नियम लाने की तैयारी कर रहा है. नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होने की उम्मीद है. इसके तहत अगर ग्राहक की गलती नहीं है तो उसे पूरा पैसा वापस मिल सकता है. वहीं, अनजाने में ठगी का शिकार हुए कुछ ग्राहकों को 25 हजार रुपये तक मुआवजा देने का भी प्रावधान है.
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर कैसे होती है ठगी?
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठग लोगों को फोन करके कहते हैं कि उनका आधार कार्ड किसी मनी लॉन्ड्रिंग या दूसरे आपराधिक मामले से जुड़ा है. इसके बाद पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं और फर्जी नोटिस दिखाते हैं.
पीड़ित को परिवार से बात न करने और स्क्रीन पर बने रहने के लिए कहा जाता है. फिर पैसे को सुरक्षित सरकारी खाते में भेजने का दबाव बनाया जाता है. सरकार साफ कर चुकी है कि भारतीय कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था नहीं है.
सुप्रीम कोर्ट ने बैंकों को लेकर क्या कहा?
सुप्रीम कोर्ट ने 29 अक्टूबर 2026 के आदेश में कहा कि RBI के प्रस्तावित नियमों में बैंकों के लिए ठगी रोकने के जरूरी इंतजाम होने चाहिए. अगर बैंक की लापरवाही के कारण साइबर ठगी होती है तो पीड़ित को हुए नुकसान की पूरी भरपाई मिलनी चाहिए. यह मामला अंबाला के एक बुजुर्ग दंपती की शिकायत के बाद सामने आया था. सितंबर 2025 में ठगों ने सरकारी अधिकारी बनकर उनसे 1.05 करोड़ रुपये ठग लिए थे.
1 जनवरी 2027 से मिल सकता है पूरा रिफंड
RBI के नए नियमों के मुताबिक, अगर ग्राहक की कोई गलती नहीं है और उसके बैंक खाते से ठगी हुई है तो उसे पूरा पैसा वापस मिल सकता है. इसके लिए ग्राहक को बैंक और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल दोनों पर 5 दिन के अंदर शिकायत करनी होगी. वहीं, अगर कोई ग्राहक अनजाने में ठगी का शिकार हो जाता है तो उसे कुछ योग्य मामलों में नुकसान का 85 फीसदी तक मुआवजा मिल सकता है. इसकी अधिकतम सीमा 25 हजार रुपये होगी. यह सुविधा 50 हजार रुपये तक की ठगी के मामलों के लिए है.
बैंक को 45 दिन में सुलझानी होगी शिकायत
नए नियमों के तहत बैंकों को साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों का समाधान 45 दिन के अंदर करना होगा. अभी इसके लिए 90 दिन तक का समय है. अगर बैंक 500 रुपये से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर तुरंत SMS अलर्ट नहीं भेजता है तो ग्राहक को हुए पूरे नुकसान की जिम्मेदारी बैंक पर आ सकती है, बशर्ते ग्राहक की गलती साबित न हो. क्रेडिट कार्ड से जुड़े विवादित ट्रांजैक्शन में बैंक को जांच के दौरान 5 दिन के अंदर अस्थायी क्रेडिट भी देना होगा.
RBI ला रहा है Stop Switch की सुविधा
RBI ने ग्राहकों की सुरक्षा के लिए Stop Switch का प्रस्ताव भी दिया है. इसके जरिए ग्राहक एक क्लिक में अपने खाते से होने वाले नए पैसे के ट्रांसफर और पेमेंट को रोक सकेगा. हालांकि, खाते में पैसे आना, पहले से तय SIP और लोन की EMI जारी रहेंगे. इसके अलावा Trusted Person सुविधा भी प्रस्तावित है. इसमें तय सीमा से ज्यादा के गैर-UPI ट्रांसफर के लिए ग्राहक के चुने हुए भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी जरूरी होगी.
ठगी होने पर तुरंत क्या करें?
अगर आपके साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर फोन करें. इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और अपने बैंक को भी इसकी जानकारी दें. RBI के नए नियमों में 5 दिन के अंदर शिकायत करना काफी अहम है. इसलिए पैसे कटने के बाद देरी न करें. किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN या पासवर्ड साझा न करें और बिना जांच के कोई ऐप डाउनलोड न करें.
यह भी पढ़ें: भारत में iPhone बनाने वाली कंपनी पर बढ़ा पेमेंट का दबाव, 143 करोड़ रुपये मांग रही वेंडर फर्म