PF निकालने वालों की बल्ले-बल्ले! EPFO से 24-48 घंटे में अकाउंट में आएगा पैसा
EPFO ने PF निकासी प्रक्रिया को तेज करने का ऐलान किया है. अब अधिकांश क्लेम 24 से 48 घंटे के भीतर, जबकि कई मामलों में उसी दिन निपटाए जाएंगे. जल्द ही UPI के जरिए सीधे बैंक खाते में PF की राशि भेजने की सुविधा भी शुरू होगी.

EPFO ने PF निकासी को लेकर बड़ा ऐलान किया है. अब कर्मचारियों को अपना प्रोविडेंट फंड निकालने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. संगठन का दावा है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद अधिकांश PF क्लेम 24 से 48 घंटे के भीतर, जबकि कई मामलों में उसी दिन निपटा दिए जाएंगे. इसके साथ ही EPFO जल्द ही UPI के जरिए सीधे बैंक खाते में PF की राशि भेजने की सुविधा भी शुरू करने जा रहा है.
अब 24–48 घंटे में निपटेंगे PF क्लेम
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने PF निकासी प्रक्रिया को पहले से कहीं अधिक तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल इंडस्ट्रियल रिलेशंस समिट में EPFO के केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (CPFC) रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा कि संगठन का लक्ष्य है कि सदस्यों के नए PF क्लेम उसी दिन या अधिकतम 24 से 48 घंटे के भीतर निपटा दिए जाएं. उन्होंने बताया कि EPFO ने लगभग सभी लंबित क्लेम का निपटारा कर दिया है और अब नई ऑटो-सेटलमेंट व्यवस्था के तहत करीब 90 फीसदी दावे बिना किसी देरी के प्रोसेस हो रहे हैं.
पहले लगते थे 7 से 10 कार्यदिवस
अब तक EPFO में ऑनलाइन PF निकासी का दावा करने के बाद, KYC पूरी होने पर भी क्लेम का निपटारा सामान्य तौर पर 7 से 10 कार्यदिवस में होता था. लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों को अपनी जरूरत के समय पैसे के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. इससे मेडिकल इमरजेंसी, शिक्षा, घर खरीदने या अन्य जरूरी खर्चों के लिए PF निकालना पहले की तुलना में काफी आसान और तेज हो जाएगा.
जल्द शुरू होगी UPI से PF भुगतान की सुविधा
EPFO ने यह भी घोषणा की है कि अगले करीब एक महीने में PF क्लेम का भुगतान BHIM ऐप के जरिए UPI से जुड़े बैंक खातों में सीधे किया जाएगा. यानी क्लेम मंजूर होते ही राशि सीधे सदस्य के UPI-लिंक्ड बैंक खाते में पहुंच जाएगी. इससे बैंकिंग प्रक्रिया और तेज होगी तथा भुगतान में होने वाली देरी भी कम होगी. यह सुविधा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक बड़ा कदम मानी जा रही है.
क्या बढ़ेगी EPF पर ब्याज दर?
कार्यक्रम के दौरान जब EPF पर मिलने वाली मौजूदा 8.25 फीसदी ब्याज दर बढ़ाने को लेकर सवाल पूछा गया तो रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा कि इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी. उन्होंने बताया कि EPFO ने 3 जुलाई तक 34 करोड़ से अधिक सदस्य खातों में 8.25 फीसदी की दर से करीब 1.44 लाख करोड़ रुपये का ब्याज एक साथ जमा किया है, जो संगठन की बड़ी उपलब्धि है.
आगे और आसान होगी EPFO की सेवाएं
EPFO का कहना है कि आने वाले समय में संगठन का फोकस केवल क्लेम सेटलमेंट तक सीमित नहीं रहेगा. नियोक्ताओं के लिए कंप्लायंस प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा और सदस्यों को अधिक डिजिटल तथा तेज सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इन सुधारों का उद्देश्य EPFO को कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों के लिए अधिक भरोसेमंद और आधुनिक सामाजिक सुरक्षा संस्था बनाना है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद लाखों कर्मचारियों को PF निकासी के लिए पहले जैसी लंबी प्रक्रिया और इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- अगर बैंक खो दे आपके घर के असली कागजात तो क्या करें? जानिए कोर्ट का बड़ा फैसला