एक घंटा गैस-चूल्हा जलाने पर कितने किलो खर्च होती है LPG, जानें कितने बर्नर वाला है फायदेमंद
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते गैस की सप्लाई बाधित हो रही है. इसका असर भारत पर भी पड़ता दिख रहा है. ऐसे में अगर आप अचानक रसोई गैस सिलेंडर के खत्म होने की समस्या से बचना चाहते हैं और इसकी समय रहते बुकिंग कराना चाहते हैं तो एक घंटे गैस जलाने से कितनी LPG खर्च होती है. ये जानना जरूरी है. इसके लिए हम आपको कुछ खास बातें बताएंगे.
LPG Gas Consumption: पश्चिम एशिया के बीच बढ़ते संघर्ष के चलते वैश्विक ईधन आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे भारत आने वाली LPG सप्लाई भी बाधित हुई है. हालात से निपटने के लिए भारतीय सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए रसोई गैस की सप्लाई पहले बहाल करने का फैसला किया है. मगर अभी से देश के कई शहरों में LPG सिलेंडर बुक कराने की लंबी कतारें देखने को मिल रही है. वहीं होटलों और रेस्तरां में पहले से कमर्शियल LPG सिलेंडर की किल्लत होने लगी है. ऐसे में अगर आप अचानक सिलेंडर के खत्म होने की परेशानी से बचना चाहते हैं, तो आपके लिए ये जानना जरूरी है कि आखिरकार LPG सिलेंडर चलता कितने दिन है और अगर 1 घंटे ये लगातार जले ताे कितना गैस खर्च होगा.
अगर आप गैस की खपत का सही हिसाब समझ लें तो न सिर्फ समय पर नया सिलेंडर बुक कर पाएंगे बल्कि यह भी पता रहेगा कि घर में गैस कितनी तेजी से खर्च हो रही है .
भारत में कितने किलो का होता है LPG सिलेंडर?
भारत में घरेलू उपयोग के लिए आमतौर पर 14.2 किलो का LPG सिलेंडर इस्तेमाल किया जाता है. वहीं होटल और व्यावसायिक जगहों पर 17 किलो या 21 किलो के सिलेंडर उपयोग में आते हैं.
LPG में कितनी एनर्जी होती है?
LPG सिलेंडर के 1 किलो गैस में लगभग 46.1 मेगाजूल (MJ) एनर्जी होती है. यही वह आधार है जिसके जरिए यह पता लगाया जाता है कि कोई गैस उपकरण एक घंटे में कितनी गैस खर्च करता है.
कैसे निकालें गैस खपत का हिसाब?
गैस की खपत निकालने के लिए तीन छोटे स्टेप समझने होंगे.
सबसे पहले अपने गैस उपकरण की रेटिंग देखें. यह आमतौर पर kW (किलोवॉट) या MJ/hr में लिखी होती है. अगर रेटिंग kW में हो तो उसे MJ/hr में बदलने के लिए 3.6 से गुणा करें.
उदाहरण के लिए अगर गैस गीजर 5 kW का है
तो 5 × 3.6 = 18 MJ/hr
अब इस संख्या को LPG की एनर्जी वैल्यू 46.1 से भाग दें. इससे पता चलेगा एक घंटे में कितने किलो गैस खर्च होगी.
कैलकुलेशन के हिसाब से इस बीच 0.39 kg प्रति घंटा के हिसाब से गैस खर्च हुई.
अगर अब सिलेंडर के कुल वजन को इस संख्या से भाग दें. तो पता चल जाएगा कि सिलेंडर कुल कितने घंटे चल सकता है.
कैलकुलेशन के आधार पर अगर गैस गीजर लगातार चले तो एक सिलेंडर करीब 36 घंटे तक चल सकता है.
खाना पकाने में कितनी गैस खर्च होती है?
- एक सामान्य 2 बर्नर गैस स्टोव में एक बर्नर की खपत लगभग 7 MJ/hr होती है. अगर दोनों बर्नर एक साथ यूज हो तो यह करीब 14 MJ/hr हो जाती है.
- यानी अगर एक घंटा गैस लगातार जले तो 0.30 kg गैस खर्च होगी.
- इस हिसाब से 14.2 किलो का एक सिलेंडर लगभग 46 घंटे की लगातार कुकिंग तक चल सकता है.
यह भी पढ़ें: ये इंजीनियरिंग कंपनी अब डिफेंस में दिखाएगी दम, अमेरिकी कंपनी से मिलाया हाथ, शेयर में 5% के साथ लगा अपर सर्किट
LPG गैस बचाने के तरीके
- खाना बनाते समय बर्तन को ढक्कन से ढककर रखें ताकि गर्मी बाहर न निकले.
- दाल और अनाज को पहले से भिगो लें ताकि खाना पकाने में कम समय लगे.
- धीमें आंच में खाना पकाएं, जरूरत पड़ने पर ही तेज आंच का इस्तेमाल करें, इससे गैस की बचत होगी.
- बर्नर को समय-समय पर साफ करें ताकि गैस सही तरीके से जले.
- एनर्जी बचाने वाले यानी (energy efficient) मॉडल चुनें.
- कोशिश करें कि छोटे बर्नर का यूज ज्यादा करें, क्योंकि बड़ा बर्नर ज्यादा गैस कंज्यूम करता है.
- अमूमन लोग 2 से 3 बर्नर वाला गैस चूल्हा यूज करते हैं, लेकिन गैस बचाने के लिए एक ही बर्नर का यूज ज्यादा फायदेमंद होता है.
