NPS Sanchay vs Regular NPS: ₹100 से शुरू करें पेंशन की बचत, जानिए क्या है NPS संचय योजना
सरकार और पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) ने कम आय वाले और असंगठित क्षेत्र के लोगों के लिए एनपीएस संचय नाम की नई पेंशन योजना शुरू की है. यह स्कीम खासतौर पर रेहड़ी-पटरी वालों, दिहाड़ी मजदूरों, छोटे दुकानदारों और अनियमित आय वाले लोगों को ध्यान में रखकर बनाई गई है. इसका उद्देश्य ऐसे लोगों को भी रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा देना है, जो बड़ी रकम निवेश नहीं कर सकते. इस योजना के तहत केवल ₹100 से निवेश शुरू किया जा सकता है.
एनपीएस संचय योजना में 18 से 60 साल तक का कोई भी भारतीय नागरिक खाता खोल सकता है. इसमें निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं रखी गई है. खाता पोस्ट ऑफिस, बैंक या डिजिटल माध्यम से आसानी से खोला जा सकता है. इस योजना में फंड मैनेजमेंट और अन्य चार्ज सामान्य एनपीएस के मुकाबले कम रखे गए हैं. निवेश की गई राशि सरकारी और सुरक्षित बॉन्ड्स में लगाई जाएगी, जिससे लंबे समय में सुरक्षित और बेहतर रिटर्न मिलने की उम्मीद रहती है.
इस योजना का एक बड़ा फायदा यह भी है कि नौकरी या शहर बदलने पर भी खाता चालू रहेगा. 60 साल की उम्र के बाद जमा राशि का 60% हिस्सा एक साथ निकाला जा सकता है, जबकि बाकी 40% से हर महीने पेंशन मिलेगी. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कोई व्यक्ति हर महीने ₹500 भी जमा करता है, तो लंबे समय में उसके पास अच्छा रिटायरमेंट फंड तैयार हो सकता है.