सीनियर सिटीजन्स की मौज! दो सरकारी बैंक PNB और Canara Bank ने FD पर बढ़ाई ब्‍याज दर

पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक ने अपनी एफडी की ब्याज दरों में बदलाव किया है. नई दरों के तहत वरिष्ठ नागरिकों को 7.25% तक सालाना ब्याज मिल सकता है. केनरा बैंक की 555 दिन की एफडी पर सबसे ज्यादा ब्याज मिल रहा है, जबकि PNB की 444 दिन की एफडी पर 7.10% ब्याज दिया जा रहा है.

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और केनरा बैंक Image Credit:

अगर आप बैंक एफडी (Fixed Deposit) में पैसा लगाने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है. पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और केनरा बैंक ने नवंबर 2026 में अपनी एफडी की ब्याज दरों में बदलाव किया है. नई दरों के बाद दोनों बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 7.25% तक सालाना ब्याज दे रहे हैं. हालांकि, यह ब्याज दर हर अवधि की एफडी पर नहीं मिलेगी. इसके लिए आपको खास अवधि वाली एफडी में निवेश करना होगा.

Canara Bank में 555 दिन की एफडी पर सबसे ज्यादा ब्याज

केनरा बैंक ने 2 नवंबर 2026 से अपनी चुनिंदा एफडी की ब्याज दरों में 15 बेसिस पॉइंट तक की बढ़ोतरी की है. बैंक की 555 दिन की स्पेशल एफडी पर आम ग्राहकों को 6.75% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.25% सालाना ब्याज मिल रहा है. वहीं, 444 दिन की एफडी पर आम ग्राहकों को 6.65% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.15% ब्याज दिया जा रहा है. दो साल से लेकर 10 साल तक की एफडी पर वरिष्ठ नागरिकों को 6.75% ब्याज मिल सकता है.

Canara Bank की चुनिंदा FD दरें

एफडी की अवधिआम नागरिकवरिष्ठ नागरिक
444 दिन6.65%7.15%
555 दिन6.75%7.25%
2 से 3 साल6.25%6.75%
3 से 5 साल6.25%6.75%
5 से 10 साल6.25%6.75%

PNB की 444 दिन की एफडी पर 7.10% ब्याज

पंजाब नेशनल बैंक ने 1 नवंबर 2026 से नई एफडी दरें लागू की हैं. बैंक की 444 दिन की स्पेशल एफडी पर आम ग्राहकों को 6.60% और वरिष्ठ नागरिकों को 7.10% ब्याज मिल रहा है.

वहीं, 666 दिन की एफडी पर आम ग्राहकों को 6.50% और वरिष्ठ नागरिकों को 7% सालाना ब्याज दिया जा रहा है. तीन साल से ज्यादा और 1,203 दिन तक की अवधि वाली एफडी पर वरिष्ठ नागरिकों को 6.85% ब्याज मिल सकता है.

PNB की चुनिंदा FD दरें

एफडी की अवधिआम नागरिकवरिष्ठ नागरिक
1 साल6.25%6.75%
444 दिन6.60%7.10%
666 दिन6.50%7.00%
3 साल से अधिक से 1,203 दिन6.35%6.85%
5 से 10 साल6.00%6.80%

निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

दोनों बैंकों की नई ब्याज दरें 3 करोड़ रुपये से कम की घरेलू एफडी पर लागू हैं. वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाला अतिरिक्त ब्याज बैंक की शर्तों और तय अवधि के अनुसार मिलता है. एफडी कराने से पहले सिर्फ ब्याज दर नहीं, बल्कि मैच्योरिटी अवधि, समय से पहले पैसा निकालने पर लगने वाला जुर्माना और टैक्स से जुड़े नियम भी जरूर समझ लें. ध्यान रखें कि एफडी पर मिलने वाला ब्याज टैक्स के दायरे में आ सकता है. इसलिए अपनी जरूरत और निवेश की अवधि के हिसाब से बैंक का चुनाव करें.

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में कमाई का मौका! LT Foods, Bharti Airtel और Prestige पर लगाएं दांव?