सुकन्या समृद्धि योजना खाते को दूसरे बैंक में शिफ्ट करना हुआ आसान. जानिए स्टेप बाय स्टेप पूरी प्रक्रिया
वर्तमान में सुकन्या समृद्धि योजना पर 8.1 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलता है, जो कई अन्य छोटी बचत योजनाओं की तुलना में अधिक है. इसके अलावा इसमें निवेश करने पर टैक्स छूट का लाभ भी मिलता है. यही वजह है कि लाखों परिवार अपनी बेटियों की शिक्षा और शादी के लिए इस योजना में निवेश करते हैं.

Sukanya Samriddhi Yojana: सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) देश की सबसे लोकप्रिय छोटी बचत योजनाओं में से एक है. यह योजना खास तौर पर बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए शुरू की गई थी. वर्तमान में इस योजना पर 8.1 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलता है, जो कई अन्य छोटी बचत योजनाओं की तुलना में अधिक है. इसके अलावा इसमें निवेश करने पर टैक्स छूट का लाभ भी मिलता है. यही वजह है कि लाखों परिवार अपनी बेटियों की शिक्षा और शादी के लिए इस योजना में निवेश करते हैं.
चूंकि SSY खाता 21 साल की लंबी अवधि के लिए होता है, इसलिए कई बार नौकरी, स्थानांतरण या बेहतर बैंकिंग सुविधा की वजह से लोगों को अपना खाता एक बैंक से दूसरे बैंक में ट्रांसफर कराने की जरूरत पड़ती है. अच्छी बात यह है कि सरकार खाताधारकों को बैंक या पोस्ट ऑफिस बदलने की सुविधा देती है और इससे योजना के किसी भी लाभ पर असर नहीं पड़ता.
कैसे करें SSY खाते का ट्रांसफर?
- यदि आप अपना सुकन्या समृद्धि योजना खाता एक बैंक से दूसरे बैंक में ट्रांसफर करना चाहते हैं, तो सबसे पहले मौजूदा बैंक में ट्रांसफर आवेदन देना होगा.
- इसके लिए Form-5 भरना होगा और साथ में एक ट्रांसफर अनुरोध पत्र भी जमा करना होगा.
- आवेदन करते समय उस नए बैंक शाखा का नाम, पता और संपर्क विवरण देना होगा जहां आप खाता ट्रांसफर कराना चाहते हैं.
- सारी जानकारी सही भरने के बाद बैंक ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू कर देगा.
पुराने बैंक से नए बैंक में भेजे जाएंगे दस्तावेज
- ट्रांसफर अनुरोध स्वीकार होने के बाद पुराना बैंक खाते से जुड़े सभी मूल दस्तावेज नए बैंक को भेज देगा.
- यदि खाते में पहले से जमा राशि है, तो बैंक उस रकम को चेक या डिमांड ड्राफ्ट के जरिए नए बैंक शाखा को भेजेगा.
- जब नया बैंक सभी दस्तावेज प्राप्त कर लेगा, तब खाताधारक को वहां नया SSY खाता खोलने का फॉर्म और KYC दस्तावेज जमा करने होंगे.
- इसके बाद नया खाता खोल दिया जाएगा और पुरानी जमा राशि के साथ उस पर मिला ब्याज भी नए खाते में जोड़ दिया जाएगा.
ट्रांसफर शुल्क कितना लगेगा?
यदि अभिभावक या बेटी का निवास स्थान बदल गया है और उसका प्रमाण उपलब्ध है, तो खाता ट्रांसफर पूरी तरह मुफ्त किया जा सकता है. लेकिन यदि किसी अन्य कारण से खाता ट्रांसफर कराया जाता है, तो इसके लिए 100 रुपये शुल्क देना पड़ सकता है.
सुकन्या समृद्धि योजना के जरूरी नियम
- इस योजना में 10 साल से कम उम्र की बेटी के नाम पर खाता खोला जा सकता है.
- एक वित्त वर्ष में कम से कम 250 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है.
- खाता 21 साल में परिपक्व होता है. वहीं बेटी के 18 साल पूरे होने के बाद उसकी उच्च शिक्षा या शादी के लिए खाते में जमा राशि का 50 प्रतिशत तक निकाला जा सकता है.
- इस योजना को EEE टैक्स लाभ प्राप्त है. यानी निवेश, ब्याज और मैच्योरिटी पर मिलने वाली पूरी राशि टैक्स फ्री रहती है.
- यदि किसी कारणवश बैंक बदलने की जरूरत पड़े, तो खाताधारक आसानी से SSY खाता ट्रांसफर करा सकते हैं और योजना के सभी लाभ पहले की तरह जारी रहते हैं.
यह भी पढ़ें: 64% सस्ता मिल रहा मुकुल अग्रवाल का यह स्टॉक, 1 महीने में 74% उछला शेयर, अब 3 हिस्सों में बंटेगी कंपनी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.