दिल्ली में 43 लाख रुपये से DDA फ्लैट खरीदने का मौका, 445 घरों की बिक्री शुरू, जानें लोकेशन और बुकिंग की पूरी डिटेल

दिल्ली में घर खरीदने का सपना देखने वालों के लिए DDA ने खुशहाल परिवार योजना 2026 लॉन्च की है. इसके तहत 445 MIG फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. कीमत 43.36 लाख रुपये से शुरू है. नरेला, जहांगीरपुरी और लोकनायकपुरम में फ्लैट मिलेंगे. रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है और बुकिंग 16 नवंबर से होगी.

DDA खुशहाल परिवार योजना Image Credit:

दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने खुशहाल परिवार योजना 2026 के तहत 445 फ्लैट बिक्री के लिए पेश किए हैं. इनकी शुरुआती कीमत 43.36 लाख रुपये है. योजना के तहत नरेला, जहांगीरपुरी और लोकनायकपुरम में मिडिल इनकम ग्रुप (MIG) के फ्लैट उपलब्ध हैं. रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है, जबकि फ्लैट की बुकिंग 16 नवंबर से शुरू होगी. आइए जानते हैं कहां कितने फ्लैट हैं, उनकी कीमत क्या है और आवेदन के लिए कितने पैसे देने होंगे.

तीन इलाकों में मिलेंगे 445 फ्लैट

DDA की इस योजना में दिल्ली के तीन इलाकों में फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इनमें सबसे ज्यादा फ्लैट नरेला में हैं.

लोकेशन फ्लैटों की संख्या

नरेला 296
लोकनायकपुरम 132
जहांगीरपुरी 17
कुल 445

कहां कितनी है फ्लैट की कीमत?

  1. जहांगीरपुरी: यहां कुल 17 फ्लैट उपलब्ध हैं. इनकी कीमत लगभग 43.36 लाख रुपये से शुरू होकर 66.23 लाख रुपये तक है. फ्लैट का प्लिंथ एरिया करीब 64 से 100 वर्ग मीटर तक है.
  2. नरेला: यहां सबसे ज्यादा 296 फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. ये सेक्टर A1-A4 के पॉकेट 1B और 1C में स्थित हैं. इनकी कीमत लगभग 67.03 लाख से 67.41 लाख रुपये के बीच है. इन फ्लैटों पर 25 फीसदी की छूट दी गई है.
  3. लोकनायकपुरम: यहां 132 फ्लैट उपलब्ध हैं. इनकी कीमत लगभग 1.14 करोड़ से 1.19 करोड़ रुपये तक है. इनका प्लिंथ एरिया करीब 134 से 140 वर्ग मीटर है.
    फ्लैट बुक करने के लिए कितने पैसे देने होंगे?

DDA ने इस योजना में फ्लैट बुक करने के लिए 4 लाख रुपये की बुकिंग राशि तय की है. इसके अलावा नए आवेदकों को रजिस्ट्रेशन के लिए एक बार 2,500 रुपये देने होंगे. यह फीस नॉन-रिफंडेबल होगी. जिन लोगों ने पहले से DDA Awaas Portal पर रजिस्ट्रेशन करा रखा है, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है.

कब से शुरू होगी बुकिंग?

DDA खुशहाल परिवार योजना 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन 6 नवंबर से शुरू हो चुका है. वहीं, फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग 16 नवंबर 2026 से शुरू होगी. इच्छुक खरीदार DDA के आधिकारिक Awaas Portal के जरिए आवेदन कर सकेंगे.

कैसे करें आवेदन?

  • सबसे पहले DDA के आधिकारिक Awaas Portal पर जाएं.
  • योजना के तहत अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
  • उपलब्ध फ्लैट और उनकी कीमतों की जानकारी देखें.
  • 16 नवंबर से पसंदीदा फ्लैट चुनकर बुकिंग करें.
  • निर्धारित 4 लाख रुपये की बुकिंग राशि जमा करें.

ध्यान रखें कि बताई गई कीमतें अनुमानित हैं. अंतिम कीमत फ्लैट के वास्तविक एरिया के आधार पर तय होगी. इसके अलावा GST, मेंटेनेंस और अन्य लागू शुल्क अलग से देने पड़ सकते हैं.