रियल एस्टेट बाजार में लौटा बिल्डर्स और बैंकों का भरोसा! 6 महीने में तेजी के संकेत, रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

प्रॉपर्टी बाजार को लेकर बिल्डर्स और बैंकिंग संस्थानों का भरोसा बढ़ा है. नई रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा सेंटीमेंट स्कोर 48 से बढ़कर 56 हो गया है. वहीं, अगले छह महीनों के लिए भी बाजार में तेजी की उम्मीद जताई गई है.

रियल एस्टेट में निवेश Image Credit:

India Real Estate Market: देश की अर्थव्यवस्था में मजबूती का असर अब रियल एस्टेट सेक्टर के भरोसे पर भी दिखाई देने लगा है. Naredco और Knight फ्रैंक इंडिया की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में प्रॉपर्टी बाजार को लेकर सकारात्मक माहौल बना है. लगातार दो तिमाहियों तक सामान्य स्तर से नीचे रहने के बाद बाजार का मौजूदा सेंटीमेंट स्कोर फिर सकारात्मक दायरे में पहुंच गया है. बिल्डर्स और वित्तीय संस्थानों को उम्मीद है कि आने वाले छह महीनों में घरों और ऑफिस की मांग में सुधार जारी रहेगा.

मौजूदा सेंटीमेंट स्कोर 56 पर पहुंचा

नैरेडको और नाइट फ्रैंक इंडिया ने मंगलवार को रियल एस्टेट सेंटीमेंट इंडेक्स का 50वां एडिशन जारी किया. यह रिपोर्ट जुलाई-सितंबर 2026 की अवधि पर आधारित है. इसके मुताबिक, रियल एस्टेट बाजार का मौजूदा सेंटीमेंट स्कोर पिछली तिमाही के 48 से बढ़कर 56 हो गया है. इससे पहले लगातार दो तिमाहियों तक यह स्कोर सामान्य स्तर यानी 50 से नीचे था. अब इसके दोबारा 50 से ऊपर पहुंचने का मतलब है कि बाजार से जुड़े लोगों का भरोसा फिर मजबूत हुआ है.

अगले छह महीने में तेजी की उम्मीद

रिपोर्ट के अनुसार, भविष्य का सेंटीमेंट स्कोर भी 50 से बढ़कर 58 हो गया है. इसका मतलब है कि बिल्डर्स और वित्तीय संस्थानों को अगले छह महीनों में रियल एस्टेट बाजार की बेहतर स्थिति की उम्मीद है. रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की मजबूत घरेलू अर्थव्यवस्था, आवासीय और ऑफिस बाजार को लेकर बेहतर उम्मीदों और निवेशकों के बढ़ते भरोसे से इस सुधार को मजबूती मिली है. पहली तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही थी.

घरों और ऑफिस की मांग से मिल रहा सहारा

नैरेडको के राष्ट्रीय अध्यक्ष परवीन जैन के मुताबिक, ताजा सेंटीमेंट स्कोर दिखाता है कि रियल एस्टेट सेक्टर फिर से मजबूती हासिल कर रहा है. बिल्डर्स का भरोसा भी एक साल पहले के स्तर पर लौट आया है. वहीं, नाइट फ्रैंक के अनुसार, ऑफिस किराये पर लेने की गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं. त्योहारी सीजन ने भी आवासीय संपत्तियों की मांग में सुधार की उम्मीद बढ़ाई है. इससे घरों और व्यावसायिक संपत्तियों के बाजार को आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है.

बढ़ती लागत और महंगाई बनी चुनौती

रियल एस्टेट बाजार को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं, लेकिन कुछ चुनौतियां भी बनी हुई हैं. परवीन जैन ने कहा कि निर्माण लागत और कर्ज लेने का खर्च बढ़ रहा है. ऐसे में बिल्डर्स को मांग के हिसाब से ही नई परियोजनाएं शुरू करनी चाहिए. इसके लिए समय पर मंजूरी और बुनियादी सुविधाओं में लगातार निवेश भी जरूरी है. वहीं, नाइट फ्रैंक ने ऊर्जा की ऊंची कीमतों, महंगाई के दबाव और कर्ज देने के सख्त होते नियमों को ऐसे अहम जोखिम बताया है, जिन पर आने वाले समय में नजर रखनी होगी.

यह भी पढ़ें: Jio का बड़ा धमाका! ₹399 और ₹3,999 वाले प्लान में मिलेगा अनलिमिटेड डाटा, ₹15 में भी 5G का मजा