2 लाख करोड़ रुपये का पाइप मार्केट, इन 2 कंपनियों में बनेगा कमाई का मौका; शेयरों पर रखें नजर

भारत के पाइप सेक्टर में तेल-गैस, पानी और बुनियादी ढांचे की बढ़ती मांग से बड़ा अवसर बन रहा है. वैश्विक SAW लाइन पाइप बाजार 2034 तक करीब 2 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है. Jindal Saw और Man Industries इस अवसर का फायदा उठाने के लिए मध्य पूर्व में अपनी उत्पादन क्षमता और कारोबार का विस्तार कर रही हैं.

शेयर बाजार Image Credit: Money9live

Pipe market: भारत का पाइप उद्योग तेल-गैस, पानी और बुनियादी ढांचे से जुड़ी बढ़ती मांग के कारण तेजी के नए दौर में पहुंच रहा है. सबमर्ज्ड आर्क वेल्डेड यानी SAW पाइप की वैश्विक मांग में बढ़ोतरी के बीच Jindal Saw और Man Industries जैसी भारतीय कंपनियां बड़े ऑर्डर हासिल करने के लिए अपनी क्षमता बढ़ा रही हैं. वैश्विक SAW लाइन पाइप बाजार 2025 के 12.8 अरब डॉलर से बढ़कर 2034 तक 21.4 अरब डॉलर यानी करीब 2 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है. तेल और गैस ट्रांसमिशन इस मांग में करीब 55 प्रतिशत योगदान देता है, जबकि पानी के ट्रांसमिशन की हिस्सेदारी करीब 25 प्रतिशत है.

मध्य पूर्व बना पाइप कंपनियों के लिए बड़ा बाजार

मध्य पूर्व इस अवसर का प्रमुख केंद्र बन रहा है. 2026 में क्षेत्र का तेल और गैस पाइपलाइन बाजार करीब 6.5 अरब डॉलर का अनुमानित है, जिसमें सऊदी अरब की हिस्सेदारी 39 प्रतिशत है. एनर्जी पाइपलाइनों के साथ पानी और डिसेलिनेशन परियोजनाओं से भी पाइप कंपनियों को बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है.

Jindal Saw का मध्य पूर्व पर बड़ा दांव

Jindal Saw बड़े तेल, गैस और पानी के ट्रांसमिशन पाइप बनाती है. कंपनी की डक्टाइल आयरन पाइप क्षमता 11.38 लाख टन सालाना है. कंपनी अब मध्य पूर्व में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा रही है. अबू धाबी में 3 लाख टन सालाना क्षमता का सीमलेस पाइप यूनिट और सऊदी अरब में 3 लाख टन सालाना क्षमता की LSAW और HSAW पाइप मिल स्थापित की जा रही है. इनसे FY29 में व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है.

Jindal Saw के सामने फिलहाल चुनौती

हालांकि, कंपनी का हालिया प्रदर्शन कमजोर रहा. Q1FY27 में कुल आय 9.1 प्रतिशत बढ़कर 4,476 करोड़ रुपये हुई, लेकिन EBITDA 38.8 प्रतिशत घटकर 421 करोड़ रुपये रह गया. EBITDA मार्जिन 16.8 प्रतिशत से घटकर 9.4 प्रतिशत और नेट प्रॉफिट 78.1 प्रतिशत घटकर 91 करोड़ रुपये रहा. मध्य पूर्व में संघर्ष ने प्रदर्शन पर असर डाला.

Man Industries की सऊदी रणनीति

Man Industries बड़े कार्बन स्टील लाइन पाइप और कोटिंग सिस्टम बनाती है. कंपनी ने सऊदी अरब में National Pipe Company का 1,000 करोड़ रुपये में अधिग्रहण किया है, जिससे 4.3 लाख टन सालाना क्षमता जुड़ी है. कंपनी को FY28 से सऊदी कारोबार से 2,400-3,000 करोड़ रुपये का सालाना रेवेन्यू मिलने की उम्मीद है.

24,000 करोड़ रुपये की बिड पाइपलाइन

Financial Express की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Man Industries के पास 3,600 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक और 24,000 करोड़ रुपये की वैश्विक बिड पाइपलाइन है. इसका करीब 70 प्रतिशत हिस्सा MENA क्षेत्र से जुड़ा है. कंपनी सऊदी अरब में कोटिंग और डबल-जॉइंटिंग सुविधा भी बना रही है, जिससे वह सिर्फ पाइप बेचने के बजाय पूरी पाइपलाइन से जुड़ी सर्विस देने की स्थिति में आ सकती है.

Man Industries का मुनाफा तेजी से बढ़ा

Q1FY27 में Man Industries का रेवेन्यू 37.7 प्रतिशत बढ़कर 1,065 करोड़ रुपये, EBITDA 92.6 प्रतिशत बढ़कर 155 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 122.5 प्रतिशत बढ़कर 61 करोड़ रुपये रहा. कंपनी ने FY27 में करीब 5,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का लक्ष्य रखा है.

कैसा है शेयर का हाल

अगर शेयर की बात करें तो Man Industries का शेयर शुक्रवार को 1.18 फीसदी गिरकर 866 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, Jindal Saw का शेयर 1.75 फीसदी गिरकर 312 रुपये पर पहुंच गया है.

यह भी पढ़ें: EPFO ने बदले PF से पैसे निकालने के नियम, इन 5 जरूरतों पर ले सकते हैं एडवांस

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.