AI की रेस में TCS का बड़ा दांव, बनाएगी डेटा सेंटर नेटवर्क, 20000 नई भर्तियां और अरबों के निवेश का प्लान, फोकस में स्टॉक
TCS भारत में बड़े पैमाने पर AI डेटा सेंटर नेटवर्क बनाने की तैयारी कर रही है और इसके लिए नई भर्तियां व करीब 1 अरब डॉलर निवेश की योजना है. कंपनी की सब्सिडियरी HyperVault हाई-परफॉर्मेंस AI डेटा सेंटर तैयार करेगी, जिससे TCS एंड-टू-एंड AI सेवाएं देने की दिशा में आगे बढ़ेगी. हालांकि हाल में शेयर ने कमजोर रिटर्न दिया है, लेकिन AI इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार की योजना के चलते निवेशकों की नजरें स्टॉक पर बनी हुई हैं.
TCS share in focus: देश की दिग्गज आईटी कंपनी TCS अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में बड़ा दांव लगाने की तैयारी में है. कंपनी भारत में बड़े पैमाने पर AI डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की योजना पर काम कर रही है. AI आधारित सेवाओं की बढ़ती मांग को तेजी से पूरा करने के लिए कंपनी ने 2026 के लिए करीब 20,000 जॉब ऑफर भी जारी किए हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी के CEO के. कृतिवासन का मानना है कि साल 2030 तक भारत को करीब 10 गीगावॉट AI डेटा सेंटर क्षमता की जरूरत होगी. कंपनी के इस तेजी से विस्तार से इसके शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है. ऐसे में इसे रडार पर रखें.
AI डेटा सेंटर पर बड़ा फोकस
TCS इस समय कई बड़े हाइपरस्केलर्स के साथ बातचीत कर रही है ताकि भारत में AI डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से बढ़ाया जा सके. OpenAI के साथ हुए अहम समझौते के बाद कंपनी अब इस क्षेत्र में बड़ा विस्तार करने की तैयारी में है. कंपनी का लक्ष्य सिर्फ आईटी सर्विसेज तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि इंफ्रास्ट्रक्चर, मॉडल ट्रेनिंग और AI एप्लिकेशन तक पूरी एंड-टू-एंड AI सेवाएं देने का है. इसके लिए TCS अपने पार्टनर्स के साथ करीब 1 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही है.
HyperVault से बदलेगी गेम
TCS की सब्सिडियरी HyperVault इस रणनीति का अहम हिस्सा है. यह कंपनी विशेष रूप से लिक्विड कूल्ड डेटा सेंटर विकसित कर रही है, जो हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और AI मॉडल चलाने के लिए जरूरी होते हैं. इन डेटा सेंटर में हाई-स्पीड स्टोरेज और लो-लेटेंसी नेटवर्किंग जैसी सुविधाएं होंगी, जो बड़े AI मॉडल को तेजी से चलाने में मदद करेंगी. इससे TCS भारत में AI आधारित सेवाओं के क्षेत्र में वैश्विक लीडर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है.
निवेश से मिलेगी रफ्तार
TCS ने अपनी AI डेटा सेंटर कंपनी HyperVault के लिए TPG से लगभग 1 अरब डॉलर का निवेश हासिल किया है. इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां मिलकर करीब 18,000 करोड़ रुपये तक का निवेश कर सकती हैं. इस निवेश से TCS को बड़े पैमाने पर AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में मदद मिलेगी.
क्रिएटिव माइंड्स की तलाश
AI के दौर को देखते हुए TCS अपनी भर्ती रणनीति में भी बदलाव कर रही है. कंपनी अब ऐसे कैंडिडेट्स को प्राथमिकता दे रही है जिनके पास क्रिएटिव और बिजनेस ओरिएंटेड स्किल्स हों. साथ ही कंपनी अमेरिका में H-1B वीजा पर निर्भरता कम करते हुए स्थानीय टैलेंट को ज्यादा अवसर देने की दिशा में भी काम कर रही है.
कंपनी का बिजनेस
टीसीएस टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनी है, जो आईटी सर्विसेज, कंसल्टिंग और बिजनेस सॉल्यूशंस का काम करती है. कंपनी क्लाउड, AI, ऑटोमेशन और इंजीनियरिंग सेवाओं के जरिए दुनिया भर की कंपनियों को डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में मदद करती है.
यह भी पढ़ें: कैश के ढेर पर बैठी हैं ये 3 कंपनियां, कर्ज भी ना के बराबर, दे सकती हैं दमदार रिटर्न, शेयरों पर रखें नजर
वित्तीय प्रदर्शन
कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 5 प्रतिशत बढ़कर Q3FY25 के 63,973 करोड़ रुपये से Q3FY26 में 67,087 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं तिमाही आधार पर यह 2 प्रतिशत बढ़ा है. हालांकि कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14 प्रतिशत घटकर 12,444 करोड़ रुपये से 10,720 करोड़ रुपये रह गया है. तिमाही आधार पर भी इसमें करीब 12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है.
कंपनी का 3 साल का सेल्स CAGR लगभग 10 प्रतिशत है जबकि TTM ग्रोथ करीब 3 प्रतिशत है. वहीं 3 साल का प्रॉफिट CAGR करीब 8 प्रतिशत और TTM करीब 5 प्रतिशत है. वहीं कंपनी का ROCE लगभग 65 प्रतिशत और ROE करीब 52 प्रतिशत है, जो मजबूत आय क्षमता को दिखाता है.
शेयर का हाल
TCS के शेयर की वर्तमान कीमत 2,513 रुपये है. साल भर का इसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. इसने 29 फीसदी का नेगेटिव रिटर्न दिया है. मगर कंपनी के AI डेटा सेंटर के प्लान से शेयरों पर निवेशकों की नजरें बनी हुई है. इसका 52 वीक हाई 3,710 रुपये है, जबकि लो लेवल 2,490.10 रुपये है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
