₹665 करोड़ में Delhivery से बाहर निकला Alpha Wave Global, बड़े निवेशकों की बिकवाली से शेयर टूटा
भारत के लॉजिस्टिक्स सेक्टर में बड़े निवेशकों की बिकवाली ने हलचल मचा दी है. अल्फा वेव्स ग्लोबल ने Delhivery में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचकर 665 करोड़ रुपये का एग्जिट लिया, जबकि Nexus Venture Partners और Mirae Asset ने भी हिस्सेदारी घटाई. क्या यह सेक्टर को लेकर कोई बड़ा संकेत है?

भारतीय लॉजिस्टिक्स सेक्टर में इस हफ्ते बड़े उथल-पुथल की खबर आई है. ग्लोबल अल्टरनेटिव एसेट मैनेजर अल्फा वेव ग्लोबल (Alpha Wave Global) ने ओपन मार्केट ट्रांजैक्शन के जरिए लॉजिस्टिक्स कंपनी दिल्लीवरी (Delhivery) में अपनी पूरी 1.93 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर पूरी तरह एग्जिट कर लिया है. यह सौदा करीब 665 करोड़ रुपये में हुआ है. इस बड़ी बिकवाली के बाद गुरुवार को दिल्लीवरी के शेयरों में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई.
दिल्लीवरी में 665 करोड़ रुपये की महा-बिकवाली
अल्फा वेव ग्लोबल ने अपनी सहयोगी इकाई ‘अल्फा वेव वेंचर्स, एलपी’ के जरिए दो किश्तों में दिल्लीवरी के कुल 1,44,44,800 शेयर बेचे. बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) के बल्क डील आंकड़ों के मुताबिक, यह हिस्सेदारी 460.03 से 460.36 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेची गई, जिससे कुल डील वैल्यू 664.74 करोड़ रुपये रही. मार्च तिमाही के अंत तक कंपनी के पास दिल्लीवरी की यह हिस्सेदारी मौजूद थी.
शेयर बाजार पर दिखा असर
इस भारी बिकवाली का असर गुरुवार को दिल्लीवरी के शेयरों पर साफ दिखा. एनएसई पर कंपनी का शेयर 2.21 फीसदी गिरकर 470.40 रुपये और बीएसई पर 2.15 फीसदी टूटकर 470.25 रुपये पर कारोबार करता दिखा. बता दें कि दिल्लीवरी में सिर्फ अल्फा वेव ने ही हाथ पीछे नहीं खींचे हैं, बल्कि इससे एक दिन पहले यानी मंगलवार को वेंचर कैपिटल फर्म नेक्सस वेंचर पार्टनर्स ने भी कंपनी के 43 लाख से ज्यादा शेयर 208 करोड़ रुपये में बेचे थे.
यह भी पढ़ें: ICICI बैंक अपनी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में 50% तक रखेगा हिस्सेदारी, RBI से मंजूरी मिलते ही शेयर उछले
शैडोफैक्स में भी मिराए एसेट ने घटाई हिस्सेदारी
लॉजिस्टिक्स स्पेस में बिकवाली का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका. बेंगलुरु की थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स फर्म शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज (Shadowfax Technologies) में भी मिराए एसेट वेंचर इन्वेस्टमेंट्स ने अपनी लगभग 1 फीसदी हिस्सेदारी 120 करोड़ रुपये में बेच दी है.
मिराए एसेट ने अपने ‘लेट स्टेज अपॉर्चुनिटीज फंड’ के जरिए बुधवार को शैडोफैक्स के 56.50 लाख शेयर 212 रुपये के औसत भाव पर बेचे. इस सौदे के बाद कंपनी में मिराए एसेट की हिस्सेदारी 2.91 फीसदी से घटकर 1.94 फीसदी रह गई है. इस खबर के बाद गुरुवार को बीएसई पर शैडोफैक्स का शेयर भी करीब 2 फीसदी फिसलकर 224.75 रुपये पर आ गया.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.