इस फार्मा कंपनी ने खरीदी अमेरिकन कंपनी, ₹2100 करोड़ की हुई डील; फ्यूचर के लिए वॉचलिस्ट में रखें स्टॉक
अरविंदो फार्मा को अमेरिका में बड़ा विस्तार करने की राह मिल गई है. कंपनी की अमेरिकी इकाई को Lannett Company LLC के 250 मिलियन डॉलर के अधिग्रहण के लिए अमेरिकी FTC से मंजूरी मिल गई है.

फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी अरविंदो फार्मा ने अमेरिकी बाजार में एक बड़ा दांव खेला है. कंपनी की अमेरिकी सब्सिडियरी, अरविंदो फार्मा यूएसए को Lannett Company LLC के अधिग्रहण के लिए अमेरिकी फेडरल ट्रेड कमीशन (FTC) से हरी झंडी मिल गई है. यह पूरी डील 250 मिलियन डॉलर (करीब 2,100 करोड़ रुपये) की है. इस बड़ी खबर के बीच सोमवार को शेयर बाजार में कंपनी के स्टॉक में गिरावट देखने को मिली. हालांकि फ्यूचर में कंपनी के इस डील का असर बिजनेस पर देखने को मिलेगा, जो शेयरों को भी प्रभावित कर सकता है.
हरे निशान पर खुला शेयर
इस बड़े बिजनेस अपडेट के बाद सोमवार को शेयर बाजार खुलते ही अरविंदो फार्मा के शेयर हरे निशान पर कारोबार करते दिखे. हालांकि, जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली के कारण शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. एनएसई पर कंपनी का स्टॉक ₹1,483.60 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है. भले ही आज इसमें मामूली गिरावट हो, लेकिन पिछले एक साल में इस स्टॉक ने अपने निवेशकों को करीब 35.60% का शानदार रिटर्न दिया है.
इसी महीने पूरी होगी डील
अरविंदो फार्मा ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि यह सौदा पूरी तरह कैश-फ्री और डेट-फ्री आधार पर हो रहा है. कंपनी को उम्मीद है कि जून महीने के अंत से पहले इस अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरी तरह से बंद कर लिया जाएगा. बाजार एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस डील से आने वाले समय में अरविंदो ग्रुप की प्रति शेयर आय (EPS) में तुरंत बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जो कि निवेशकों के लिए एक सकारात्मक संकेत है.
यह भी पढ़ें: कम कर्ज और मजबूत बैलेंस शीट वाले 3 शेयर, क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं ये स्टॉक्स; रखें नजर
अमेरिका में बढ़ेगा कंपनी का दबदबा
लैनेट कंपनी अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में स्थित एक जेनेरिक दवा कंपनी है. यह मुख्य रूप से ‘नॉन-ओपिओइड कंट्रोल्ड सब्सटेंस’ यानी जटिल दवाओं के विकास और बिक्री में माहिर है. इस डील के बाद अरविंदो फार्मा को अमेरिका के इंडियाना (Seymour) में एक बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी मिल जाएगा. इस प्लांट की क्षमता सालाना करीब 400 करोड़ (4 बिलियन) डोज तैयार करने की है. इससे अमेरिकी बाजार में कंपनी की स्थिति और भी मजबूत होगी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.