BEL ने 2017 के बाद किया सबसे बड़े डिविडेंड का ऐलान, शेयरधारकों के बीच बांटेगी कुल ₹1425 करोड़; जानें रिकॉर्ड डेट
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 1.95 रुपये प्रति शेयर का इंटरिम डिविडेंड घोषित किया है, जो 2017 के बाद सबसे बड़ा डिविडेंड माना जा रहा है. कंपनी कुल 1425 करोड़ रुपये शेयरधारकों में बांटेगी और रिकॉर्ड डेट 5 मार्च तय की गई है. तीसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 20.8 फीसदी बढ़कर 1590 करोड़ रुपये रहा, जबकि रेवेन्यू में 23.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
BEL Dividend 2026: डिफेंस सेक्टर की प्रमुख कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 1.95 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का इंटरिम डिविडेंड ऐलान किया है. कंपनी ने शेयरधारकों के बीच कुल 1425 करोड़ रुपये बांटने की घोषणा की है. यह 2 फरवरी 2017 के बाद घोषित किया गया सबसे बड़ा डिविडेंड माना जा रहा है. आइए जानते हैं कि इसकी रिकॉर्ड डेट क्या है और शेयर का क्या हाल है.
कब है रिकॉर्ड डेट
एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, डिविडेंड के लिए पात्रता तय करने की रिकॉर्ड डेट 5 मार्च रखी गई है. कंपनी ने कहा है कि डिविडेंड का भुगतान घोषणा की तारीख से 30 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा. इससे पहले अगस्त में कंपनी ने 0.90 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था. 11 मार्च को 1.50 रुपये का इंटरिम डिविडेंड और अगस्त 2024 में 0.80 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड वितरित किया गया था.
तीसरी तिमाही में 20.8 फीसदी मुनाफा बढ़ा
तीसरी तिमाही के नतीजों में कंपनी का नेट प्रॉफिट 1590 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के 1316 करोड़ रुपये के मुकाबले 20.8 फीसदी अधिक है. रेवेन्यू 5756 करोड़ रुपये से बढ़कर 7122 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो 23.7 फीसदी की बढ़ोतरी को दिखा रहा है. ऑपरेशनल मार्जिन 29.7 फीसदी रहा, जो एक साल पहले 28.7 फीसदी था. EBITDA 28 फीसदी बढ़कर 2118 करोड़ रुपये हो गया है.
कैसा है शेयर का हाल
रिजल्ट की घोषणा बाजार बंद होने के बाद की गई थी. शुक्रवार को एनएसई पर कंपनी का शेयर 0.97 फीसदी गिरकर 444.70 रुपये पर बंद हुआ, जबकि दिन के दौरान यह 441.70 रुपये तक फिसला था. बीते एक महीने में इसमें 2.48 फीसदी की गिरावट आई है, लेकिन पिछले 3 महीनों में यह 7.42 फीसदी उछला है. इसके अलावा पिछले 6 महीनों में इसमें 22.15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. बीते एक साल में कंपनी का शेयर 77.88 फीसदी चढ़ चुका है.
यह भी पढ़ें: कैश की कमी से जूझ रहे हैं? जानें PPF, NSC, ELSS और बीमा पॉलिसी कैसे बन सकते हैं आपका वित्तीय सहारा, समझे नियम
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
