बैंकों की तरह दौड़ेंगे स्टील-सीमेंट के ये स्टॉक, शेयरों में आई गिरावट खरीदने का मौका या धोखा? रखें नजर
टाटा स्टील (Tata Steel) और APL Apollo Tubes के बीच करीब 32,266 करोड़ रुपये की बड़ी डील का ऐलान हुआ है. इस सौदे के तहत टाटा स्टील, APL Apollo Tubes में 52% हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी. इसमें प्रमोटर्स से 26.38% हिस्सेदारी 2,100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदी जाएगी, जबकि बाकी निवेशकों के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 26% का ओपन ऑफर लाया जाएगा. डील के पहले चरण में 23 नवंबर को प्रमोटर्स ने 10% हिस्सेदारी यानी करीब 2.5 करोड़ शेयर 5,825 करोड़ रुपये में ब्लॉक डील के जरिए बेच दिए. दूसरी तरफ, APL Apollo के प्रमोटर्स टाटा स्टील के ट्यूब्स बिजनेस और टाटा स्टील कलर्स बिजनेस का अधिग्रहण करीब 8,000 करोड़ रुपये में करेंगे. इस जटिल सौदे को लेकर बाजार में फिलहाल असमंजस है और दोनों कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली है.
मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, इस डील से टाटा स्टील को लंबी अवधि में फायदा मिल सकता है. APL Apollo के अधिग्रहण से टाटा स्टील के डाउनस्ट्रीम कारोबार की बाजार हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद है. इसके अलावा, कंपनी के मजबूत तिमाही नतीजे और भारत में बढ़ता इंफ्रास्ट्रक्चर व कैपेक्स निवेश भी स्टील सेक्टर के लिए सकारात्मक संकेत हैं. एक्सपर्ट ने टाटा स्टील को 165-168 रुपये के दायरे में खरीदने की सलाह दी है. इसके लिए 155 रुपये का स्टॉप लॉस और लंबी अवधि में 210-240 रुपये के टारगेट बताए हैं. वहीं, APL Apollo में फिलहाल जल्दबाजी से बचने और सौदे की फंडिंग व वैल्यूएशन को लेकर स्पष्टता आने का इंतजार करने की सलाह दी गई है. कंपनी के शेयर में 1,715-1,750 रुपये के स्तर पर स्थिरता आने के बाद निवेश पर विचार किया जा सकता है.