Birla Corporation Q4 Results: मुनाफा 15 फीसदी बढ़ा, मार्च तिमाही में 295 करोड़ रुपये के करीब पहुंचा प्रॉफिट
Birla Corporation ने वित्त वर्ष 2025 26 की मार्च तिमाही में 294.77 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो सालाना आधार पर करीब 15 फीसदी ज्यादा है. कंपनी की सीमेंट बिक्री 4 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 5.45 मिलियन टन पहुंच गई. पूरे वित्त वर्ष में कंपनी का मुनाफा 88 फीसदी बढ़ा.

Birla Corporation Q4 Results: MP बिरला ग्रुप की प्रमुख कंपनी Birla Corporation ने वित्त वर्ष 2025 26 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 15 फीसदी बढ़कर 294.77 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 256.6 करोड़ रुपये था. हालांकि कंपनी की इनकम में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई, लेकिन सीमेंट कारोबार में मजबूत बिक्री के कारण मुनाफे में सुधार देखने को मिला. कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में भी रिकॉर्ड सीमेंट बिक्री दर्ज की है.
मार्च तिमाही में इनकम में मामूली बढ़ोतरी
कंपनी की ऑपरेशन से इनकम मार्च तिमाही में बढ़कर 2836.12 करोड़ रुपये रही. पिछले साल इसी अवधि में यह 2814.91 करोड़ रुपये थी. कंपनी ने कहा कि सीमेंट कारोबार में बेहतर मांग के बावजूद बिक्री प्राप्ति कमजोर रही. इसके अलावा बिरला जूट मिल्स के प्रदर्शन पर बाहरी दबाव का असर भी देखने को मिला. कुल इनकम लगभग स्थिर रही और यह 2875.07 करोड़ रुपये दर्ज की गई. वहीं कंपनी के कुल खर्च में करीब 1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
सीमेंट कारोबार ने संभाला प्रदर्शन
Birla Corporation के सीमेंट कारोबार से आय मार्च तिमाही में बढ़कर 2716.06 करोड़ रुपये हो गई. पिछले साल इसी अवधि में यह 2691.84 करोड़ रुपये थी. कंपनी की सीमेंट बिक्री 4 फीसदी बढ़कर 5.45 मिलियन टन पहुंच गई जो किसी एक तिमाही में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री रही. कंपनी ने कहा कि मजबूत मांग के बावजूद बिक्री कीमतों पर दबाव बना रहा. इसके बावजूद रिकॉर्ड बिक्री ने कंपनी के प्रदर्शन को मजबूती दी.
पूरे वित्त वर्ष में रिकॉर्ड बिक्री
वित्त वर्ष 2025 26 में कंपनी की कुल सीमेंट बिक्री रिकॉर्ड 18.72 मिलियन टन रही. इस दौरान कैपिसिटी यूज 95 फीसदी तक पहुंच गया. कंपनी का सीमेंट प्रोडक्शन भी पहली बार 19 मिलियन टन के स्तर पर पहुंचा. मार्च में Kundanganj Line III शुरू होने के बाद कंपनी की सालाना प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़कर 21.4 मिलियन टन हो गई. इससे कंपनी को आने वाले समय में उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
जूट कारोबार पर बढ़ी लागत का असर
कंपनी के जूट कारोबार का प्रदर्शन कमजोर रहा. जूट डिवीजन से इनकम 2.63 फीसदी घटकर 120.14 करोड़ रुपये रह गई. कच्चे जूट की कमी और कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ. कंपनी के अनुसार कच्चे जूट की कीमतें सालाना आधार पर 92 फीसदी तक बढ़ गईं. इसके चलते दैनिक उत्पादन घटकर 110 मीट्रिक टन रह गया. घरेलू बिक्री में भी करीब 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.
ये भी पढ़ें- SBI vs HDFC Bank: लोन ग्रोथ में SBI आगे, लेकिन ROA में HDFC Bank ने मारी बाजी; कौन है असली बैंकिंग किंग?
पूरे साल का मुनाफा 88 फीसदी बढ़ा
पूरे वित्त वर्ष 2025 26 में Birla Corporation का मुनाफा 88.8 फीसदी बढ़कर 557.58 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं कंपनी की कुल आय 5 फीसदी बढ़कर 9772.56 करोड़ रुपये रही. कंपनी ने कहा कि सीमेंट उद्योग लागत दबाव को कम करने के लिए कीमतें बढ़ाने की कोशिश कर रहा है. हालांकि बाजार में प्रतिस्पर्धा अब भी काफी तेज बनी हुई है. कंपनी के अनुसार पश्चिम एशिया की भू राजनीतिक स्थिति और मानसून वित्त वर्ष 2026 27 के शुरुआती महीनों में सीमेंट बाजार की दिशा तय कर सकते हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.