SpaceX के साथ बातचीत की खबर पर रॉकेट बना यह स्मॉलकैप शेयर, एक दिन में 19 फीसदी चढ़े; रखें नजर
ब्लू क्लाउड सॉफटेक सॉल्यूशंस के शेयर में सोमवार को 17 फीसदी से अधिक की तेजी देखने को मिली. कंपनी ने बताया कि वह SpaceX International के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्र में संभावित कारोबारी अवसरों पर प्रारंभिक चर्चा कर रही है. इस खबर के बाद शेयर 21.67 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया.

Blue Cloud Softech: शेयर बाजार में सोमवार को ब्लू क्लाउड सॉफटेक सॉल्यूशंस के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर 19 फीसदी से ज्यादा उछल गया. इस तेजी की वजह कंपनी और SpaceX International के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI सेक्टर में संभावित सहयोग को लेकर चल रही शुरुआती बातचीत है. हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि अभी कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है. इसके बावजूद निवेशकों ने इस खबर को पॉजिटिव माना और शेयर में खरीदारी बढ़ गई.
संभावनाएं तलाश रही कंपनी
ब्लू क्लाउड सॉफटेक ने बताया कि वह SpaceX International के साथ AI तकनीक से जुडे़ संभावित कारोबारी अवसरों पर चर्चा कर रही है. दोनों कंपनियां जानकारी शेयर कर रही हैं और यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि किन क्षेत्रों में साथ काम किया जा सकता है. कंपनी का कहना है कि यह कदम डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, क्लाउड कंप्यूटिंग और AI कारोबार को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है.
शेयर में दिखी जोरदार तेजी
सोमवार को कंपनी का शेयर 18.55 रुपये पर खुला. कारोबार के दौरान यह करीब 19 फीसदी चढ़कर 21.67 रुपये के स्तर तक पहुंच गया. बाद में शेयर 21.09 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया. कंपनी का मार्केट कैप करीब 1592 करोड़ रुपये है. पिछले पांच कारोबारी सत्रों में शेयर करीब 16 फीसदी चढ़ चुका है.
अभी शुरुआती चरण में है बातचीत
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि SpaceX International के साथ चल रही चर्चा केवल शुरुआती स्तर पर है. फिलहाल किसी पार्टनरशिप, इन्वेस्टमेंट, ज्वाइंट वेंचर या अन्य कारोबारी समझौते पर कोई फैसला नहीं हुआ है. यदि भविष्य में कोई समझौता होता है तो वह रेगुलेटरी मंजूरी, जांच और दोनों पक्षों की सहमति के बाद ही संभव होगा.
किन कारोबारों से होती है सबसे ज्यादा कमाई
ब्लू क्लाउड सॉफटेक की इनकम का सबसे बड़ा हिस्सा साइबर सुरक्षा कारोबार से आता है. यह कुल रेवेन्यू का लगभग 46 से 47 फीसदी योगदान देता है. एंटरप्राइज एप्लिकेशन कारोबार से 24 से 26 फीसदी और हेल्थकेयर क्षेत्र से 14 फीसदी से अधिक इनकम होती है. बाकी रिवेन्यू आईटी कंसल्टिंग सर्विस से आता है.
यह भी पढ़ें- ₹390 करोड़ का जैकपॉट लगते ही चमका K2 Infra का शेयर, तेलंगाना सरकार से मिला बड़ा रोड प्रोजेक्ट
क्या है कंपनी की प्लान
कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 तक 3000 करोड़ रुपये के रिवेन्यू का टारगेट रखा है. इसके बाद भी सालाना करीब 30 फीसदी की ग्रोथ हासिल करने का लक्ष्य है. कंपनी 150 से 200 करोड़ रुपये का निवेश टेलीकम्युनिकेशन और डेटा सेंटर कारोबार में करने की योजना बना रही है. मैनेजमेंट के अनुसार पहला डेटा सेंटर 2027 की पहली तिमाही तक शुरू हो सकता है.