आज फिर धड़ाम हुआ बाजार! सेंसेक्स 429 अंक टूटा, निफ्टी भी दबाव में; निवेशकों के ₹2.60 लाख करोड़ डूबे

आज सेंसेक्स 429.11 अंक गिरकर 72,638.70 और Nifty 173.05 अंक टूटकर 22,603.05 पर बंद हुआ. BSE-listed कंपनियों का मार्केट कैप करीब 2.60 लाख करोड़ रुपये घटा. महंगा Brent Crude, लगातार FII बिकवाली और रुपये की कमजोरी ने भी बाजार पर दबाव बनाया.

क्लोजिंग बेल Image Credit: Tv9

Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार बुधवार को लगातार दबाव में रहा. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर इसे 5.50% कर दिया. इसके साथ ही महंगा कच्चा तेल, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और रुपये में कमजोरी ने बाजार की चिंता बढ़ाई है. नतीजतन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों गिरावट के साथ बंद हुए. सेंसेक्स 429.11 अंक यानी 0.59% गिरकर 72,638.70 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 173.05 अंक यानी 0.76% टूटकर 22,603.05 पर बंद हुआ.

₹2.60 लाख करोड़ मार्केट कैप साफ

बाजार में गिरावट के बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पिछले कारोबारी सत्र के 4,73,61,797.31 करोड़ रुपये से घटकर 4,71,01,915.24 करोड़ रुपये रह गया यानी बुधवार को मार्केट कैप में करीब 2.60 लाख करोड़ रुपये की कमी आई.

बाजार गिरने की 4 बड़ी वजह

1. RBI ने बढ़ाया रेपो रेट

बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजहों में RBI का रेपो रेट बढ़ाने का फैसला रहा. केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर इसे 5.50% कर दिया. यह फरवरी 2023 के बाद पहली बढ़ोतरी है.

2. Brent Crude $101.5 पर पहुंचा

कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी ने बाजार की चिंता बढ़ाई. Brent Crude करीब 1% बढ़कर 101.5 डॉलर पर पहुंच गया. अमेरिका के तेल उत्पादन पर तूफान से जुड़े जोखिम और सऊदी अरब पर हूती हमलों की वजह से आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी. इसका असर मध्य पूर्व से बढ़ी हुई आपूर्ति के प्रभाव पर भारी पड़ा और Brent Crude की कीमत ऊपर गई.

3. FII की लगातार आठवें सत्र बिकवाली

विदेशी संस्थागत निवेशक यानी FII भी लगातार बिकवाली कर रहे हैं. बुधवार से पहले वे लगातार आठवें सत्र में बिकवाल रहे. हालांकि, बिकवाली की रफ्तार कुछ कम हुई है. 6 अक्टूबर को FII ने भारतीय शेयरों में 2,961 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी. विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली बाजार पर दबाव बनाने वाली प्रमुख वजहों में बनी हुई है.

4. रुपया 22 पैसे कमजोर

रेपो रेट बढ़ाए जाने के बाद रुपये में भी कमजोरी देखने को मिली. रुपया 22 पैसे कमजोर होकर 96.57 प्रति डॉलर पर पहुंच गया. इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 96.37 पर खुला था, लेकिन बाद में कमजोरी बढ़ी और यह 96.57 पर आ गया. पिछले बंद भाव के मुकाबले इसमें 22 पैसे की गिरावट दर्ज की गई.

Nifty के टॉप गेनर्स

Nifty 50 में Kotak Bank सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में रहा. यह 1.88% की तेजी के साथ 440 रुपये पर बंद हुआ. इसके बाद BSE 1.54% बढ़कर 3,356 रुपये Bharti Airtel 1.29% चढ़कर 1,833.90 रुपये ICICI Bank 1.09% बढ़कर 1,357.50 रुपये और Coal India 0.69% की तेजी के साथ ₹414.50 पर बंद हुआ.

इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

Nifty 50 के टॉप लूजर्स में Titan सबसे ऊपर रहा. शेयर 3.80% गिरकर ₹4,377 पर बंद हुआ. Adani Enterprises 3.75% टूटकर ₹2,743, Hindalco 3.15% गिरकर ₹910.85, JSW Steel 2.35% गिरकर ₹1,230 और BEL 2.35% टूटकर ₹378.30 पर बंद हुआ.

ऑटो, मेटल और रियल्टी शेयरों में दबाव

सेक्टोरल इंडेक्स में Nifty Metal 2.33% गिरकर सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा. इसके अलावा Nifty Realty 1.77%, Nifty Auto 1.58%, Nifty IT 1.34%, Nifty Consumer Durables 1.14% और Nifty FMCG 0.89% गिरकर बंद हुए.

इसके अलावा Nifty Pharma 0.43% और Nifty Healthcare 0.26% गिरा. Nifty Oil and Gas, Cement और Chemical इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए.

इसे भी पढ़ें- टाटा मोटर्स का बड़ा धमाका! हर महीने बनेंगी 1 लाख कारें, जानिए पूरा प्लान