EPF की नई वेज सीलिंग के बाद बढ़ सकता है EDLI बीमा कवर, ₹10.50 लाख करने की मांग
EPF की वेज सीलिंग ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 होने के बाद EDLI बीमा कवर बढ़ाने की मांग उठी है. सांसद ने अधिकतम कवर ₹7 लाख से बढ़ाकर ₹10.50 लाख करने की मांग की है.
Highlights
- EPF वेज सीलिंग ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई
- EDLI का मौजूदा अधिकतम बीमा कवर ₹7 लाख है
- ₹10.50 लाख कवर बढ़ाने की मांग सरकार से उठी
कर्मचारियों के लिए EPF से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है. EPFO की वेज सीलिंग ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 किए जाने के बाद अब Employees’ Deposit Linked Insurance Scheme यानी EDLI का अधिकतम बीमा कवर बढ़ाने की मांग तेज हो गई है. बीजेपी के राज्यसभा सांसद अजीत गोपछड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर EDLI का अधिकतम लाभ ₹7 लाख से बढ़ाकर कम से कम ₹10.50 लाख करने की मांग की है.
EPF वेज सीलिंग में 67% की बढ़ोतरी
केंद्र सरकार ने सितंबर 2026 में EPFO के तहत अनिवार्य कवरेज की वेज सीलिंग ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह कर दी है. यह बदलाव 17 सितंबर 2026 से प्रभावी हुआ है. इससे ₹15,000 से ₹25,000 तक मासिक वेतन पाने वाले पात्र कर्मचारियों को EPF, EPS और EDLI जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा मिलेगा.
वेज सीलिंग में यह करीब 66.67% की बढ़ोतरी है. सांसद का कहना है कि जब EPF की सीमा इतनी बढ़ाई गई है, तो EDLI के बीमा कवर की सीमा की भी समीक्षा होनी चाहिए.
अभी कितना है EDLI बीमा कवर?
EDLI एक बीमा योजना है, जो EPF सदस्य की नौकरी के दौरान मृत्यु होने की स्थिति में उसके नामित व्यक्ति या परिवार को आर्थिक सहायता देती है. मौजूदा व्यवस्था में न्यूनतम बीमा लाभ ₹2.5 लाख और अधिकतम ₹7 लाख है.
EDLI का लाभ एक तय फॉर्मूले के आधार पर निकाला जाता है. मौजूदा ₹15,000 की वेज सीमा पर 35 गुना वेतन और EPF बैलेंस के निर्धारित हिस्से को जोड़ने पर अधिकतम लाभ ₹7 लाख तक पहुंचता है.
₹25,000 वेज सीलिंग से ₹10.50 लाख कैसे?
अगर EDLI की गणना में नई ₹25,000 की वेज सीलिंग को पूरी तरह लागू किया जाए, तो गणित के हिसाब से बीमा लाभ ₹10.50 लाख तक पहुंच सकता है.
इसकी गणना इस तरह समझें:
₹25,000 × 35 = ₹8.75 लाख
इसके अलावा EPF बैलेंस के निर्धारित हिस्से से अधिकतम ₹1.75 लाख जोड़े जा सकते हैं. इस तरह कुल संभावित लाभ ₹10.50 लाख बनता है.
हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि सिर्फ EPF वेज सीलिंग बढ़ने से EDLI का अधिकतम भुगतान अपने आप ₹10.50 लाख नहीं हो गया है. मौजूदा नियमों के तहत अधिकतम भुगतान अभी भी ₹7 लाख है. इसके लिए सरकार को EDLI की सीमा में अलग से बदलाव या नई अधिसूचना जारी करनी होगी.
सांसद ने ₹11.67 लाख तक की भी समीक्षा मांगी
सांसद अजीत गोपछड़े ने ₹10.50 लाख को तत्काल बढ़ोतरी के तौर पर लागू करने की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने सरकार से EDLI योजना का एक्चुरियल और वित्तीय मूल्यांकन कराने को कहा है. उनका तर्क है कि ₹15,000 से ₹25,000 की वेज सीमा के अनुपात में पुराने ₹7 लाख के कवर को बढ़ाया जाए तो यह करीब ₹11.67 लाख बनता है.
फिलहाल कर्मचारियों को ₹10.50 लाख या ₹11.67 लाख का EDLI कवर मिलना तय नहीं है. सरकार के अलग फैसले और अधिसूचना के बाद ही अधिकतम बीमा राशि में बदलाव हो सकेगा.
Latest Stories
RBI ने बढ़ाया रेपो रेट, ₹25 लाख से ₹2 करोड़ के होम लोन पर कितना बढ़ेगा EMI का बोझ? देखें पूरा हिसाब
RBI के फैसले के बाद FD पर बजाज फाइनेंस ने दिया तोहफा! क्या अब बाकी भी देंगे फायदा, यहां है पूरी लिस्ट
Bank FD Interest Rates: रेपो रेट बढ़ा, FD वालों की बढ़ेगी कमाई? पैसा लगाने से पहले समझ लें पूरा खेल
