RBI के फैसले के बाद FD पर बजाज फाइनेंस ने दिया तोहफा! क्या अब बाकी भी देंगे फायदा, यहां है पूरी लिस्ट

RBI के रेपो रेट बढ़ाने के बाद बजाज फाइनेंस ने FD की ब्याज दरों में 15 से 40 बेसिस पॉइंट तक बढ़ोतरी की है. वरिष्ठ नागरिकों को अब 31 से 60 महीने की FD पर 8.15% तक ब्याज मिलेगा.

बजाज फाइनेंस

Highlights

  • RBI के रेपो रेट बढ़ाने के बाद FD पर ब्याज बढ़ा.
  • Bajaj Finance में अब वरिष्ठ नागरिकों को 8.15% तक ब्याज मिलेगा.
  • रिन्यूअल कराने पर ब्याज 8.25% तक पहुंचेगा.

FD Interest Rate: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के रेपो रेट में बढ़ोतरी के फैसले के बाद एफडी कराने वालों के लिए अच्छी खबर आई है. अब रेपो रेट 5.25 फीसदी से बढ़कर 5.50 फीसदी हो गया है. जहां रेपो रेट बढ़ने से पर्सनल लोन और कार लोन जैसे कर्ज महंगे हो सकते हैं और उनकी ईएमआई बढ़ने का दबाव बन सकता है, वहीं एफडी में पैसा रखने वालों को आने वाले समय में ज्यादा ब्याज मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. इसी कड़ी में Bajaj Finance Ltd ने अपनी एफडी की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है. कंपनी ने 12 से 60 महीने की सभी अवधि वाली एफडी पर ब्याज दरों में 15 से 40 बेसिस पॉइंट तक इजाफा किया है. नई दरें आज यानी 7 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं.

Bajaj Finance ने कितना बढ़ाया ब्याज?

Bajaj Finance ने रेगुलर डिपॉजिटर्स के लिए 31 से 60 महीने की एफडी पर ब्याज दर 7.40 फीसदी से बढ़ाकर 7.75 फीसदी सालाना कर दी है यानी इस अवधि में ब्याज दर में 35 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, 12 से 17 महीने की एफडी पर ब्याज दर 6.60% से बढ़कर 6.80% सालाना हो गई है. 18 से 30 महीने की एफडी पर ब्याज दर 6.85% से बढ़कर 7.00% सालाना हो गई है. कंपनी के मुताबिक, सबसे ज्यादा बढ़ोतरी लंबी अवधि वाली एफडी में की गई है.

वरिष्ठ नागरिकों को कितना ब्याज मिलेगा?

सीनियर सिटीजन के लिए भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की गई है. अब उन्हें सामान्य दरों के मुकाबले सभी अवधियों पर अतिरिक्त 0.40 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा, जो पहले 0.35% था. 31 से 60 महीने की नई एफडी पर सीनियर सिटीजन को अब 8.15 फीसदी सालाना तक ब्याज मिलेगा. पहले यह दर 7.75% थी. वहीं, 12 से 17 महीने की एफडी पर ब्याज दर अब 7.20% और 18 से 30 महीने की एफडी पर 7.40% हो गई है.

रिन्यूअल कराने वालों को भी अतिरिक्त फायदा

अगर कोई डिपॉजिटर्स मैच्योर हो रही एफडी का रिन्यूअल कराता है तो उसे अतिरिक्त 0.10 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा. इसके बाद रेगुलर डिपॉजिटर्स के लिए ब्याज दर अधिकतम 7.85% और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 8.25% तक पहुंच जाएगी. यानी संशोधित ढांचे में रिन्यूअल कराने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सबसे ज्यादा 8.25% सालाना ब्याज मिल सकता है.

डिपॉजिटर्स चाहें तो ऐसी एफडी चुन सकते हैं जिसमें ब्याज मैच्योरिटी पर मिले. इसके अलावा मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना पेमेंट वाला विकल्प भी चुना जा सकता है.

मासिक ब्याज लेने पर कितना रिटर्न?

अगर कोई वरिष्ठ नागरिक 31 से 60 महीने की एफडी में मासिक ब्याज पेमेंट का विकल्प चुनता है तो अब उसे 7.86% सालाना ब्याज मिलेगा. पहले यह दर 7.49% थी.

टेबल से समझें

बजाज फाइनेंस के रेगुलर डिपॉजिटर्स

अवधिमैच्योरिटी परमासिकतिमाहीछमाहीसालाना
12-17 महीने6.80%6.60%6.63%6.69%6.80%
18-30 महीने7.00%6.79%6.82%6.88%7.00%
31-60 महीने7.75%7.49%7.53%7.61%7.75%

बजाज फाइनेंस के सीनियर सिटीजन

अवधिमैच्योरिटी परमासिकतिमाहीछमाहीसालाना
12-17 महीने7.20%6.97%7.01%7.08%7.20%
18-30 महीने7.40%7.16%7.20%7.27%7.40%
31-60 महीने8.15%7.86%7.91%7.99%8.15%

बजाज फाइनेंस के रिन्यूअल पर रेगुलर डिपॉजिटर्स को कितना ब्याज?

अवधिमैच्योरिटी परमासिकतिमाहीछमाहीसालाना
12-17 महीने6.90%6.70%6.73%6.79%6.90%
18-30 महीने7.10%6.89%6.92%6.98%7.10%
31-60 महीने7.85%7.59%7.63%7.71%7.85%

बजाज फाइनेंस के सीनियर सिटीजन को रिन्यूअल पर कितना ब्याज?

अवधिमैच्योरिटी परमासिकतिमाहीछमाहीसालाना
12-17 महीने7.30%7.07%7.11%7.18%7.30%
18-30 महीने7.50%7.26%7.30%7.37%7.50%
31-60 महीने8.25%7.96%8.01%8.09%8.25%

कंपनी ने क्या कहा?

Bajaj Finance के डिपॉजिट्स एंड वेल्थ मैनेजमेंट के वरिष्ठ कार्यकारी उपाध्यक्ष सचिन सिक्का ने कहा कि एफडी संतुलित बचत पोर्टफोलियो का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई है, खासकर उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए जो निश्चित रिटर्न चाहते हैं. उन्होंने कहा कि कंपनी ने लंबी अवधि की एफडी पर ब्याज बढ़ोतरी को ज्यादा रखा है, ताकि डिपॉजिटर्स पांच साल तक की अवधि के लिए ज्यादा रिटर्न लॉक कर सकें.

उन्होंने यह भी कहा कि रिन्यूअल पर अतिरिक्त फायदा उन ग्राहकों के प्रति कंपनी का आभार है, जो अपनी बचत के लिए Bajaj Finance पर भरोसा बनाए रखते हैं.

FD में न्यूनतम कितना पैसा लगा सकते हैं?

Bajaj Finance की एफडी में निवेशक कम से कम 15,000 रुपये से शुरुआत कर सकते हैं. इसमें मैच्योरिटी पर ब्याज पाने वाली कम्यूलेटिव एफडी और मासिक, तिमाही, छमाही और सालाना पेमेंट वाली नॉन-कम्यूलेटिव एफडी का विकल्प मिलता है. कंपनी के मुताबिक, एफडी ऑनलाइन वेबसाइट और ऐप के जरिए या कंपनी की शाखाओं और साझेदार माध्यमों से बुक या रिन्यूअल की जा सकती है.

Bajaj Finance की एफडी को CRISIL और ICRA दोनों ने एएए/स्थिर रेटिंग दी है. कंपनी के मुताबिक, एफडी के बदले कर्ज लेने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे एफडी को समय से पहले तोड़े बिना पैसों की जरूरत पूरी की जा सकती है.

दूसरे बैंकों में एफडी पर कितना ब्याज?

बैंकों की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, ₹1 करोड़ से कम की 1 से 2 साल की एफडी पर सामान्य ग्राहकों के लिए ब्याज दरें इस तरह हैं:

बैंकएफडी ब्याज दर
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक
Bank of Baroda6.75%
Bank of India6.85%
Canara Bank6.60%
Punjab National Bank6.60%
State Bank of India6.45%
प्राइवेट बैंक
Yes Bank7.00%
Kotak Bank6.65%
Axis Bank6.50%
HDFC Bank6.45%
ICICI Bank6.30%

ऐसे में दूसरे बैंक भी अब रेपो रेट में बढ़ोत्तरी के बाद एफडी रेट में बढ़ोत्तरी कर सकते हैं.

इसे भी पढ़ें- RIIL Share Price: 9% उछला Reliance का ये शेयर, क्या आगे भी जारी रहेगी तेजी?