रॉकेट हुआ शेयर बाजार, निवेशकों की हुई चाँदी, 6 घंटे में हुआ 5 लाख करोड़ का फायदा
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने तथा कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली. सेंसेक्स 776.01 अंक और निफ्टी 0.96 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए. IT शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी रही, जबकि ONGC सबसे बड़ा लूजर रहा.

Closing Bell: सोमवार, 27 जुलाई को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली. पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों के बीच दिनभर बाजार में खरीदारी का माहौल बना रहा. कारोबार के आखिरी में निफ्टी 0.96 फीसदी की बढ़त के साथ 23,995.95 पर बंद हुआ. वहीं सेंसेक्स 776.01 अंक यानी 1.02 फीसदी चढ़कर 76,835.78 पर बंद हुआ. दिनभर दोनों प्रमुख इंडेक्सों में लगातार खरीदारी देखने को मिली, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत रहा.
कौन रहे आज के टॉप गेनर्स?
आज के कारोबार में Eternal निफ्टी-50 का सबसे बड़ा गेनर रहा. कंपनी का शेयर 15.70 रुपये यानी 5.61 फीसदी की बढ़त के साथ 295.70 रुपये पर बंद हुआ. एविएशन कंपनी IndiGo का शेयर भी शानदार तेजी के साथ बंद हुआ. शेयर 255 रुपये यानी 5.12 फीसदी चढ़कर 5,240 रुपये पर पहुंच गया.
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Infosys का शेयर 37.40 रुपये यानी 3.59 फीसदी की बढ़त के साथ 1,078.30 रुपये पर बंद हुआ. Bajaj Finance का शेयर 36.20 रुपये यानी 3.57 फीसदी चढ़कर 1,049 रुपये पर पहुंच गया.
कौन रहे आज के टॉप लूजर्स?
आज के कारोबार में ONGC निफ्टी-50 का सबसे बड़ा लूजर रहा. कंपनी का शेयर 10.37 रुपये यानी 4.17 फीसदी टूटकर 238.39 रुपये पर बंद हुआ. HDFC Life का शेयर 2.45 रुपये यानी 0.44% की गिरावट के साथ 552.60 रुपये पर बंद हुआ.
HDFC Bank का शेयर 2.55 रुपये यानी 0.34 फीसदी फिसलकर 740.25 रुपये पर बंद हुआ. वहीं Power Grid का शेयर 0.25 रुपये यानी 0.09% की मामूली गिरावट के साथ 287.95 रुपये पर बंद हुआ.
₹5 लाख करोड़ की कमाई
शेयर बाजार में आई जोरदार तेजी का असर निवेशकों की संपत्ति पर भी दिखा. बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पिछले कारोबारी सत्र के करीब 476 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 481 लाख करोड़ रुपये हो गया. इससे एक ही दिन में निवेशकों की संपत्ति में करीब 5 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ.
क्या रहा सेक्टोरल इंडेक्स का हाल?
सोमवार के कारोबार में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए. सबसे ज्यादा तेजी Nifty IT में देखने को मिली. यह इंडेक्स 673.95 अंक यानी 2.34 फीसदी चढ़कर 29,441.90 पर बंद हुआ. इसके अलावा Nifty Pharma 397.60 अंक यानी 1.56 फीसदी की बढ़त के साथ 25,945.75 पर पहुंच गया. वहीं Nifty FMCG 511.50 अंक यानी 1.04% चढ़कर 49,564.80 पर बंद हुआ.
बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में भी मजबूती देखने को मिली. Bank Nifty 393.70 अंक यानी 0.69% बढ़कर 57,087.20 पर बंद हुआ. Finnifty 216.25 अंक यानी 0.83% चढ़कर 26,126.15 पर पहुंच गया. वहीं Bankex 505.33 अंक यानी 0.79% की बढ़त के साथ 64,802.33 पर बंद हुआ.
मिडकैप और दूसरे सेक्टर्स में भी खरीदारी देखने को मिली. Nifty Midcap Select 136.85 अंक यानी 0.95% की बढ़त के साथ 14,572.90 पर बंद हुआ. वहीं Nifty Metal 74.90 अंक यानी 0.60% और Nifty PSU Bank 18.50 अंक यानी 0.22% की बढ़त के साथ बंद हुए.
बाजार में तेजी की क्या रही वजह?
सोमवार की तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की खबर रही. दोनों देशों के बीच कुछ समय के लिए सैन्य हमले रुकने से मिडिल ईस्ट में हालात सामान्य होने की उम्मीद बढ़ी. इससे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिए ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी कम हुई. तनाव कम होने के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 9 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई और यह 87 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से महंगाई और ब्याज दरों को लेकर चिंता घटी, जिसका सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला.
इसे भी पढ़ें- लोहे का जंग बना इकोनॉमी की मुसीबत, हर साल ऐसे हो रहा 14 लाख करोड़ का नुकसान
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.