4 महीने में 1 लाख रुपये बने 2 लाख से ज्यादा, डिफेंस सेक्टर के इन 3 शेयरों ने निवेशकों को किया मालामाल

डिफेंस सेक्टर में तेजी के बीच कुछ शेयरों ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. पिछले चार महीनों में Aequs, Paras Defence और Astra Microwave जैसे शेयरों ने 1 लाख रुपये के निवेश को 2 लाख रुपये से ज्यादा में बदल दिया. इन कंपनियों को मजबूत ऑर्डर बुक, डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स की बढ़ती मांग और बेहतर कारोबार का फायदा मिला है.

डिफेंस सेक्टर में तेजी के बीच कुछ शेयरों ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. Image Credit: money9live

Defence Stocks: डिफेंस सेक्टर इस साल शेयर बाजार का सबसे मजबूत थीम बनकर उभरा है. सरकार के मेक इन इंडिया अभियान, बढ़ते रक्षा बजट और स्वदेशी डिफेंस इक्विपमेंट की मांग ने इस सेक्टर की कंपनियों को नई रफ्तार दी है. इसका असर शेयरों पर भी साफ दिखाई दिया है. पिछले चार महीनों में डिफेंस से जुड़ी तीन कंपनियों के शेयरों ने निवेशकों को 100 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है. आइए जानते हैं किन शेयरों ने यह कमाल किया और इनके पीछे क्या वजह रही.

Astra Microwave

Astra Microwave इस रैली का सबसे बड़ा सितारा बनकर सामने आया है. अप्रैल में करीब 870 रुपये पर कारोबार करने वाला यह शेयर अब 1740 रुपये के आसपास पहुंच गया है. इस दौरान इसने करीब 100 फीसदी का रिटर्न दिया, जबकि इसका उच्च स्तर 1850 रुपये तक पहुंचा था.

कंपनी के मजबूत ऑर्डर बुक और रक्षा तथा एयरोस्पेस प्रोजेक्ट्स में बढ़ती हिस्सेदारी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया. मार्च तिमाही में कंपनी का मुनाफा 44 फीसदी बढ़कर 106 करोड़ रुपये रहा. पूरे वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का शुद्ध लाभ 193 करोड रुपये रहा, जो पिछले साल से 26 फीसदी ज्यादा है.

Paras Defence

Paras Defence का शेयर भी चार महीनों में करीब दोगुना हो गया. अप्रैल में करीब 610 रुपये का यह शेयर अब 1200 रुपये के आसपास पहुंच चुका है. इस दौरान इसने 97 फीसदी का रिटर्न दिया, जबकि इसका उच्च स्तर 1440 रुपये तक गया.

कंपनी के मजबूत वित्तीय नतीजों ने इस तेजी को सपोर्ट किया. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की बिक्री 365 करोड रुपये से बढ़कर 477 करोड रुपये हो गई. वहीं शुद्ध लाभ 61 करोड़ रुपये से बढ़कर 89 करोड़ रुपये पहुंच गया. डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑप्टिक्स कारोबार में बढ़ते ऑर्डर कंपनी की ग्रोथ को मजबूत बना रहे हैं.

Aequs

Aequs का शेयर अप्रैल के करीब 120 रुपये के स्तर से बढ़कर 220 रुपये तक पहुंच गया. इस दौरान इसमें 83 फीसदी की तेजी आई, जबकि इसका उच्च स्तर 275 रुपये रहा था.

हालांकि कंपनी अभी घाटे में है, लेकिन निवेशकों को इसके एयरोस्पेस और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कारोबार से बड़ी उम्मीदें हैं. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की बिक्री बढ़कर 1230 करोड़ रुपये हो गई, लेकिन शुद्ध घाटा 113 करोड़ रुपये रहा. बाजार फिलहाल कंपनी की भविष्य की ग्रोथ को ध्यान में रखकर इस शेयर पर दांव लगा रहा है.

यह भी पढ़ें- Closing bell : तेजी के साथ बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 273 अंक उछला, निफ्टी 24300 के ऊपर; ऑटो शेयरों ने पकड़ी रफ्तार

डिफेंस सेक्टर को क्या मिल रहा है सपोर्ट

डिफेंस सेक्टर की तेजी के पीछे कई मजबूत वजहें हैं. सरकार लगातार रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता पर जोर दे रही है. रक्षा उपकरणों के घरेलू निर्माण को बढ़ावा मिल रहा है. इसके अलावा मिसाइल सिस्टम, रडार, एयरोस्पेस कंपोनेंट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मांग लगातार बढ़ रही है. इन कंपनियों को नए ऑर्डर मिलने के साथ उनकी ऑर्डर बुक मजबूत हुई है. यही वजह है कि निवेशकों का भरोसा इस सेक्टर पर लगातार बढ़ रहा है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.