शेयर बाजार को मिला DIIs का सहारा! 5 महीनों में झोंके 4 लाख करोड़, FPIs बिकवाली के बावजूद बाजार गुलजार

विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली और वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय शेयर बाजार को घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) का मजबूत सहारा मिला है. साल 2026 के पहले पांच महीनों में DII ने 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड निवेश किया है। यह ऐसे समय में हुआ है जब विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) भारतीय बाजार से 27 अरब डॉलर से ज्यादा निकाल चुके हैं.

DII निवेश Image Credit: @Money9live

भारतीय शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव और ग्लोबल तनाव के बीच घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने इतिहास रच दिया है. साल 2026 के शुरुआती 5 महीनों में ही DII ने भारतीय शेयर बाजार में 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बंपर निवेश कर दिया है.

अभी साल के 7 महीने बाकी हैं, लेकिन म्यूचुअल फंड्स, बैंकों, बीमा कंपनियों और रिटायरमेंट फंड्स (DIIs) का भारतीय अर्थव्यवस्था पर भरोसा चरम पर है.यह रिकॉर्ड निवेश ऐसे समय में आया है जब विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPIs) लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं.

FPIs ने बाजार से निकाले 27.13 अरब डॉलर

साल 2026 में अब तक विदेशी निवेशकों ने करीब 27.13 अरब डॉलर मूल्य के शेयरों की भारी बिकवाली की है. इसके अलावा, अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी हैं, जिससे महंगाई और राजकोषीय दबाव की चिंताएं बढ़ी हुई हैं. लेकिन इन तमाम मुश्किलों के बावजूद घरेलू निवेशकों ने बाजार को मजबूती से थामे रखा है.

महीने-दर-महीने निवेश का पूरा ब्योरा

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल हर महीने घरेलू संस्थागत निवेशकों ने जमकर खरीदारी की है. मार्च के महीने में निवेश ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए.

महीनानिवेश (करोड़ रुपये में)
जनवरी 202669,220.7
फरवरी 202639,702.1
मार्च 20261,39,096.4
अप्रैल 202643,892.1
मई 202682,668.9
जून 2026 (शुरुआती 5 सत्र)33,933.1
टोटल408513.3
सोर्स- NSE

सिर्फ जून के शुरुआती पांच कारोबारी सत्रों में ही 33,933.1 करोड़ रुपये का निवेश आ चुका है. मार्केट के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी भारतीय बाजारों में घरेलू पैसों की यह रफ्तार थमने वाली नहीं है.