ये इंजीनियरिंग कंपनी अब डिफेंस में दिखाएगी दम, अमेरिकी कंपनी से मिलाया हाथ, शेयर में 5% के साथ लगा अपर सर्किट
Sunita Tools ने डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में विस्तार के लिए एक अमेरिकी कंपनी के साथ MOU साइन किया है. समझौते के बाद कंपनी का शेयर करीब 5% चढ़कर अपर सर्किट पर पहुंच गया. इस साझेदारी से कंपनी को नॉर्थ अमेरिका में डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट्स हासिल करने और बाजार में पकड़ मजबूत करने में मदद मिल सकती है.
Defence Stock: इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनी Sunita Tools Limited अब डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में विस्तार की प्लानिंग कर रही है. इसके लिए कंपनी ने 10 मार्च 2026 को एक अमेरिकी कंपनी के साथ मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MOU) साइन करने की घोषणा की है. इस समझौते का मकसद आने वाले डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए बोली प्रक्रिया, प्रोजेक्ट के एग्जीक्यूशन और जरूरी दस्तावेजी काम में सहयोग प्राप्त करना है.
नार्थ अमेरिका में मजबूत होगी पकड़
यह कॉन्ट्रैक्ट मुख्य रूप से विभिन्न कैलिबर के शेल्स, खासकर 155 M107 से जुड़े प्रोजेक्ट्स से संबंधित होंगे, जिन्हें अमेरिकी सैन्य कंपनियों के साथ मिलकर पूरा किया जाएगा. यह समझौता कंपनी की अंतरराष्ट्रीय डिफेंस और एयरोस्पेस बिजनेस को बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है. कंपनी के अनुसार इस साझेदारी से ऑर्डर को पूरा करने में आसानी, ऑपरेशनल दक्षता और समय पर डिलीवरी सही से होगी. साथ ही इससे कंपनी की नॉर्थ अमेरिका के बाजार में मौजूदगी भी मजबूत होने की उम्मीद है.
क्या होंगे फायदे?
- अमेरिका में सभी स्थानीय रेगुलेटरी और प्रशासनिक औपचारिकताओं में सहयोग.
- सरकारी एजेंसियों, ग्राहकों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय.
- प्रोजेक्ट के एग्जीक्यूशन, लॉजिस्टिक्स और ऑन-ग्राउंड ऑपरेशंस में सहायता.
- अमेरिकी डिफेंस कंपनियों के साथ कमर्शियल भागीदारी और बिडिंग सपोर्ट.
शेयर में दिखी तेजी
कंपनी की इस घोषणा के बाद Sunita Tools Limited के शेयर में तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर 46.40 रुपये यानी करीब 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 975.25 रुपये पर पहुंच गया. अगर प्रदर्शन की बात करें तो साल 2026 की शुरुआत से अब तक कंपनी का शेयर करीब 30.87 प्रतिशत चढ़ चुका है. वहीं पिछले एक साल में निवेशकों को लगभग 18.47 प्रतिशत का रिटर्न मिला है.
कंपनी का कारोबार
Sunita Tools Limited की स्थापना 1988 में हुई थी. कंपनी इंजीनियरिंग गुड्स, स्टील प्लेट्स, मोल्ड बेस और डाई सेट्स के निर्माण, मशीनिंग और ग्राइंडिंग के कारोबार में है. कंपनी विभिन्न उद्योगों को कस्टमाइज्ड इंजीनियरिंग और मोल्ड आधारित सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
