SBI Life Insurance से Steel City तक, अगले हफ्ते एक्स-डिविडेंड होंगी ये कंपनियां; रिकॉर्ड डेट तय
डिविडेंड के जरिए नियमित आय चाहने वाले निवेशकों के लिए आने वाला सप्ताह अहम रहने वाला है. Naperol Investments, SBI Life, Engineers India, John Cockerill India, Steel City Securities और Eighty Jewellers समेत 6 कंपनियां एक्स-डिविडेंड ट्रेड करने जा रही हैं. रिकॉर्ड डेट से पहले शेयर खरीदने वाले निवेशकों को घोषित डिविडेंड का लाभ मिलेगा. जानिए किस कंपनी ने कितना डिविडेंड घोषित किया है और कब है रिकॉर्ड डेट.
Ex-Dividend 6 Stock Record Date: शेयर बाजार में डिविडेंड उन निवेशकों के लिए अहम भूमिका निभाता है जो नियमित इनकम के साथ-साथ पूंजी वृद्धि भी चाहते हैं. जब कोई कंपनी मुनाफा कमाती है, तो उसके पास विकल्प होता है कि वह उस लाभ को कारोबार में दोबारा लगाए, कर्ज चुकाए, भविष्य के लिए सुरक्षित रखे या फिर शेयरधारकों के साथ डिविडेंड के रूप में बांटे. आने वाले सप्ताह में कई कंपनियां एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगी, यानी रिकॉर्ड डेट से पहले उनके शेयर खरीदने वाले निवेशकों को डिविडेंड का लाभ मिलेगा. आइए जानते हैं उन प्रमुख कंपनियों के बारे में जो अगले हफ्ते डिविडेंड दे रही हैं.
Naperol Investments Ltd
1954 में वाडिया ग्रुप द्वारा स्थापित और पहले National Peroxide Limited के नाम से जानी जाने वाली यह मुंबई स्थित कंपनी अब निवेश और लीजिंग कारोबार पर केंद्रित है. 2023 में हुए पुनर्गठन के बाद इसकी केमिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट NPL Chemicals Ltd को ट्रांसफर कर दी गई थी, जबकि Naperol Investments ने निवेश गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित किया. कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रति शेयर पर 3 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है, जो 30 फीसदी का भुगतान दर्शाता है. इसकी रिकॉर्ड डेट 4 मार्च 2026 तय की गई है. वर्तमान में कंपनी का डिविडेंड यील्ड लगभग 1.46 फीसदी है.
SBI Life Insurance Company Ltd
साल 2000 में स्थापित SBI Life, देश की प्रमुख निजी जीवन बीमा कंपनियों में से एक है. यह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और BNP Paribas Cardif के बीच संयुक्त उद्यम है. कंपनी सुरक्षा, बचत और पेंशन से जुड़े विभिन्न उत्पाद प्रदान करती है. SBI Life ने 10 रुपये फेस वैल्यू पर 2.70 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है, जो 27 फीसदी के बराबर है. इसकी रिकॉर्ड डेट 6 मार्च 2026 है. कंपनी का डिविडेंड यील्ड फिलहाल 0.13 फीसदी है.
Engineers India Ltd (EIL)
1965 में स्थापित Engineers India Ltd (EIL) पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है. यह हाइड्रोकार्बन, पेट्रोकेमिकल और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में “कॉन्सेप्ट से कमीशनिंग” तक की इंजीनियरिंग और EPC सेवाएं प्रदान करती है. कंपनी ने 5 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 1.50 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है, जो 30 फीसदी के बराबर है. रिकॉर्ड डेट 6 मार्च 2026 तय की गई है. इसका डिविडेंड यील्ड लगभग 1.76 फीसदी है.
John Cockerill India Ltd
मुंबई स्थित John Cockerill India, बेल्जियम की John Cockerill Group की प्रमुख सहायक कंपनी है. यह कोल्ड रोलिंग मिल टेक्नोलॉजी में वैश्विक स्तर पर विशेषज्ञता रखती है और स्टील तथा नॉन-फेरस इंडस्ट्री के लिए प्रोसेसिंग लाइन्स और इक्विपमेंट का डिजाइन और निर्माण करती है. कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू पर 7 रुपये प्रति शेयर का अंतिम डिविडेंड घोषित किया है, जो 70 फीसदी के भुगतान के बराबर है. इसकी रिकॉर्ड डेट 6 मार्च 2026 है. कंपनी का डिविडेंड यील्ड 0.14 फीसदी है.
Steel City Securities Ltd
विशाखापट्टनम स्थित Steel City Securities एक वित्तीय सेवा कंपनी है, जो रिटेल स्टॉक ब्रोकिंग, ई-गवर्नेंस और डिपॉजिटरी सेवाएं प्रदान करती है. यह फ्रेंचाइज मॉडल में लीडिंग मानी जाती है और दक्षिण भारत में इसकी मजबूत पकड़ है. कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू पर 1 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है, जो 10 फीसदी के बराबर है. रिकॉर्ड डेट 6 मार्च 2026 है. इसका डिविडेंड यील्ड 4.58 फीसदी है, जो इस सूची में सबसे अधिक है.
Eighty Jewellers Ltd
2010 में स्थापित और छत्तीसगढ़ के रायपुर में स्थित Eighty Jewellers एक B2B ज्वेलरी ट्रेडिंग कंपनी है. यह सोना, चांदी, हीरा और प्लैटिनम आभूषणों का व्यापार करती है और Anopchand Tilokchand Jewellers की मास्टर फ्रेंचाइजी भी है. कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू पर 0.10 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है, जो 1 फीसदी भुगतान के बराबर है. इसकी रिकॉर्ड डेट 7 मार्च 2026 है. डिविडेंड यील्ड लगभग 0.35 फीसदी है.
ये भी पढ़ें- BEL ने 2017 के बाद किया सबसे बड़े डिविडेंड का ऐलान, शेयरधारकों के बीच बांटेगी कुल ₹1425 करोड़; जानें रिकॉर्ड डेट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
