FPIs की भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड वापसी, नवंबर में लगाए ₹1.54 लाख करोड़; 2020 का रिकॉर्ड टूटा

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड 1.54 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है. यह किसी एक महीने में अब तक का सबसे बड़ा निवेश है. इससे पहले नवंबर 2020 में 60,358 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था. AI से जुड़े शेयरों में बिकवाली और भारतीय कंपनियों की मजबूत कमाई को विदेशी निवेशकों की वापसी की बड़ी वजह माना जा रहा है.

विदेशी पोर्टफोलियो Image Credit:

FPI Investment in November: विदेशी निवेशकों (FPIs) ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में जमकर पैसा लगाया है. नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 2 से 27 नवंबर के बीच भारतीय शेयरों में नेट रूप से 1.54 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया. यह किसी एक महीने में अब तक का सबसे बड़ा निवेश है. इससे पहले नवंबर 2020 में विदेशी निवेशकों ने 60,358 करोड़ रुपये का निवेश किया था.

विदेशी निवेशकों की यह वापसी ऐसे समय हुई है, जब उन्होंने सितंबर और अक्टूबर में लगातार बिकवाली की थी. सितंबर में FPIs ने भारतीय शेयर बाजार से 35,861 करोड़ रुपये और अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपये निकाल लिए थे. वहीं, नवंबर में अब तक एक विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र को छोड़कर विदेशी निवेशक हर कारोबारी दिन नेट खरीदार रहे हैं.

AI शेयरों में बिकवाली और कंपनियों की कमाई से बढ़ा भरोसा

विदेशी निवेशकों की भारतीय बाजार में वापसी के पीछे दो बड़े कारण बताए जा रहे हैं. पहला, दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हुई है. दूसरा, भारतीय कंपनियों के मुनाफे में अच्छी बढ़त देखने को मिली है.

Geojit Investments Ltd के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, पिछले 10 महीनों में विदेशी निवेशकों ने भारत से जितना पैसा निकाला था, उसका करीब 50 फीसदी हिस्सा अकेले नवंबर में वापस आ चुका है. उनके मुताबिक, AI से जुड़े निवेश में कमजोरी और भारतीय कंपनियों की कमाई में अच्छी बढ़त ने विदेशी निवेशकों को फिर से भारतीय बाजार की ओर आकर्षित किया है.

मार्च में निकाले थे ₹1.17 लाख करोड़

नवंबर में रिकॉर्ड निवेश से पहले विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली की थी. मार्च में उन्होंने घरेलू शेयर बाजार से करीब 1.17 लाख करोड़ रुपये निकाल लिए थे. इसके बाद सितंबर और अक्टूबर में भी लगातार पैसा निकाला गया.

हालांकि, नवंबर में आए बड़े निवेश के बाद 2026 में अब तक भारतीय शेयरों से विदेशी निवेशकों की कुल निकासी घटकर करीब 1.41 लाख करोड़ रुपये रह गई है. कुछ हफ्ते पहले यह आंकड़ा करीब 3 लाख करोड़ रुपये था.

नवंबर में दुनिया का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला बाजार बना भारत

विदेशी निवेशकों की जोरदार खरीदारी का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखाई दिया है. नवंबर में भारत दुनिया का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला इक्विटी बाजार बना है. बड़े निवेश से रुपये को भी मजबूती मिली और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.99 के स्तर पर पहुंच गया. इस दौरान रुपया एशिया की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली करेंसी रहा.

इन सेक्टरों में FPIs ने सबसे ज्यादा खरीदे शेयर

नवंबर में विदेशी निवेशकों ने कई सेक्टरों में खरीदारी की. इनमें फाइनेंशियल सर्विसेज, खासकर निजी और सरकारी बैंक, टेलीकॉम, FMCG, IT और कंज्यूमर सर्विसेज शामिल रहे. Bajaj Broking के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट-रिसर्च पबित्रो मुखर्जी के मुताबिक, आने वाले दिनों में बाजार की नजर भारत के GDP आंकड़ों और रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति के फैसले पर रहेगी. इनसे देश की आर्थिक विकास दर और ब्याज दरों की दिशा को लेकर संकेत मिलेंगे.

इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, अमेरिका के टैरिफ से जुड़े घटनाक्रम और अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल के आंकड़े भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित कर सकते हैं. वीके विजयकुमार के मुताबिक, मौजूदा रुझानों को देखते हुए विदेशी निवेशकों का पैसा भारतीय बाजार में आना जारी रह सकता है.

डेट मार्केट में भी विदेशी निवेशकों ने लगाया पैसा

शेयर बाजार के अलावा विदेशी निवेशकों ने डेट सेगमेंट में भी निवेश किया. आंकड़ों के मुताबिक, उन्होंने फुली एक्सेसिबल रूट (FAR) के जरिए 7,484 करोड़ रुपये और जनरल रूट के जरिए 4,528 करोड़ रुपये का निवेश किया. हालांकि, वॉलंटरी रिटेंशन रूट (VRR) के जरिए उन्होंने 3,972 करोड़ रुपये की निकासी की.

इसे भी पढ़ें- शराब कंपनियों की निकल पड़ी! एक शेयर का मुनाफा 190% उछला, इन 3 स्टॉक्स पर नजर