इस कंपनी ने 5 साल में दिया 731% रिटर्न, अब किया 1650% डिविडेंड का ऐलान; निवेशक रखें नजर
BSE 500 की मल्टीबैगर कंपनी Godfrey Phillips India ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1650 फीसदी फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है. कंपनी ने प्रति शेयर 33 रुपये डिविडेंड देने की सिफारिश की है. मजबूत Q4 रिजल्ट के साथ कंपनी का नेट प्रॉफिट 86 फीसदी बढ़कर 521.46 करोड़ रुपये पहुंच गया है.

Godfrey Phillips Dividend 2026: शेयर बाजार में डिविडेंड देने वाली कंपनियों पर निवेशकों की नजर लगातार बनी रहती है. इसी बीच BSE 500 इंडेक्स की एक मल्टीबैगर कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए बड़े कैश रिवॉर्ड का ऐलान किया है. सिगरेट और टोबैको प्रोडक्ट्स बनाने वाली Godfrey Phillips India ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1650 फीसदी फाइनल डिविडेंड घोषित किया है. कंपनी ने प्रति इक्विटी शेयर 33 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है.
कंपनी की ओर से यह घोषणा चौथी तिमाही के मजबूत नतीजों के साथ की गई. हालांकि डिविडेंड का अंतिम भुगतान शेयरधारकों की मंजूरी के बाद AGM में तय होगा. कंपनी ने कहा है कि AGM में मंजूरी मिलने के 30 दिनों के भीतर डिविडेंड का भुगतान कर दिया जाएगा.
Q4 में कंपनी ने दिखाया दमदार प्रदर्शन
Godfrey Phillips India ने मार्च 2026 तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर लगभग 86 फीसदी बढ़कर 521.46 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 279.61 करोड़ रुपये था.
वहीं कंपनी की कुल ऑपरेशनल आय भी तेज बढ़ोतरी के साथ 3485.54 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जबकि एक साल पहले समान अवधि में यह 1887.79 करोड़ रुपये थी. हालांकि कंपनी के खर्चों में भी बढ़ोतरी देखने को मिली. मार्च तिमाही के दौरान कुल खर्च बढ़कर 2968.42 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष 1663.92 करोड़ रुपये था.
पूरे साल में भी मजबूत ग्रोथ
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 1526 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 1072.31 करोड़ रुपये था. इसी तरह पूरे साल की कुल ऑपरेशनल आय बढ़कर 9121 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 6767.49 करोड़ रुपये रही थी. मजबूत बिक्री और प्रोडक्ट डिमांड के कारण कंपनी की कमाई में तेज सुधार देखने को मिला है.
शेयर ने निवेशकों को बनाया मालामाल
Godfrey Phillips India का शेयर लंबे समय में निवेशकों के लिए मल्टीबैगर साबित हुआ है. BSE के आंकड़ों के अनुसार पिछले दो वर्षों में कंपनी के शेयर ने 104.97 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं पिछले तीन वर्षों में यह शेयर 325.46 फीसदी चढ़ा है. पांच वर्षों में इसमें करीब 731 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1.37 फीसदी गिरकर 2424.90 रुपये पर पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें: फिनटेक और एंटरप्राइज टेक कंपनी कंपनी लाएगी IPO, सीक्रेड रूट से फाइल किया ड्राफ्ट, जानें बिजनेस कितना मजबूत
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.