जियोपॉलिटिकल तनाव के बीच चमके ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म, Groww और Angel One की कमाई में जोरदार उछाल
जियोपॉलिटिकल तनाव, ग्लोबल अनिश्चितता और बाजार में बढ़ती अस्थिरता के बीच ब्रोकरेज कंपनियों का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है. Groww और Angel One जैसे ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म्स ने हाल के महीनों में राजस्व और मुनाफे में मजबूत बढ़त दर्ज की है. इसकी बड़ी वजह मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (MTF) को माना जा रहा है, जिसके जरिए निवेशक उधार लेकर ज्यादा निवेश कर पा रहे हैं.
ब्रोकरेज कंपनियों को इस मॉडल से दोहरा फायदा मिल रहा है. पहला, ट्रेडिंग पर मिलने वाला ब्रोकरेज शुल्क और दूसरा, निवेशकों को दिए गए कर्ज पर ब्याज से होने वाली कमाई. बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने के बावजूद निवेशकों की ट्रेडिंग गतिविधियां कम नहीं हुई हैं, जिससे इन प्लेटफॉर्म्स की आय लगातार मजबूत बनी हुई है. डिजिटल निवेशकों की बढ़ती संख्या और मोबाइल ट्रेडिंग की आसान पहुंच ने भी इस ग्रोथ को नई रफ्तार दी है.