Q1 नतीजों के बाद 9% उछला Hyundai Motor India का शेयर, एक्सपर्ट ने दी खरीदने की सलाह; जानें टारगेट
Hyundai Motor India के Q1FY27 नतीजों के बाद कंपनी का शेयर 9 फीसदी तक उछल गया और Nifty 100 के टॉप गेनर्स में शामिल हो गया. हालांकि तिमाही मुनाफा 35 फीसदी घटा, लेकिन मैनेजमेंट की सकारात्मक टिप्पणी और आने वाले महीनों में ग्रोथ की उम्मीद से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.

Hyundai Motor India Share: जून तिमाही (Q1FY27) के नतीजों के बाद Hyundai Motor India के शेयरों में शुक्रवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान करीब 9 फीसदी तक उछल गया और Nifty 100 के टॉप गेनर्स में शामिल हो गया. हालांकि, कंपनी का तिमाही मुनाफा सालाना आधार पर 35 फीसदी घटा है, लेकिन निवेशकों ने मैनेजमेंट की सकारात्मक टिप्पणी और आने वाले महीनों में बेहतर ग्रोथ की उम्मीद पर भरोसा जताया. इसी वजह से शेयर में मजबूत खरीदारी देखने को मिली.
2200 के पार पहुंचा शेयर
शुक्रवार सुबह कारोबार के दौरान Hyundai Motor India का शेयर 2,202 रुपये तक पहुंच गया. इससे पहले जून तिमाही के नतीजे आने के बाद पिछले कारोबारी सत्र में भी शेयर में करीब 1.3 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी. पिछले एक सप्ताह में शेयर 12.62 फीसदी चढ़ा है, जबकि पिछले एक महीने में इसमें 14.96 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है.
Q1 में क्यों घटा मुनाफा
Hyundai Motor India ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 35 फीसदी की सालाना गिरावट दर्ज की है. वहीं, कंपनी का रेवेन्यू लगभग स्थिर रहा. कंपनी के अनुसार, अस्थायी उत्पादन बाधाओं और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की वजह से निर्यात प्रभावित हुआ, जिससे कुल बिक्री पर दबाव पड़ा.
हालांकि, कंपनी का कहना है कि दूसरी तिमाही से उत्पादन सामान्य होने लगेगा. इसके अलावा, घरेलू बाजार में मजबूत मांग, नई उत्पादन क्षमता और नए मॉडल लॉन्च होने से आने वाली तिमाहियों में बिक्री और कमाई, दोनों में सुधार की उम्मीद है.
आगे क्यों दिख रही है तेजी
बाजार का मानना है कि कंपनी की मौजूदा चुनौतियां अस्थायी हैं. दूसरी छमाही में नए मॉडल लॉन्च होने, उत्पादन क्षमता बढ़ने और घरेलू मांग में सुधार से कंपनी की बिक्री में तेजी आ सकती है. अगर उत्पादन पूरी तरह सामान्य हो जाता है और निर्यात में भी सुधार आता है, तो कंपनी की आय और मुनाफे में बेहतर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. ऑटो सेक्टर में लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बावजूद Hyundai Motor India की मजबूत ब्रांड मौजूदगी, एसयूवी पोर्टफोलियो और इलेक्ट्रिक वाहनों पर फोकस कंपनी के लिए सकारात्मक कारक माने जा रहे हैं.
एक्सपर्ट की क्या है राय
लक्ष्मीश्री इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड के हेड ऑफ रिसर्च अंशुल जैन के अनुसार, Hyundai Motor India के शेयर में मौजूदा स्तरों से आगे भी तेजी की संभावना बनी हुई है. उन्होंने इस शेयर के लिए 2,360 रुपये का टारगेट दिया है, जबकि 2,090 रुपये का स्टॉप लॉस रखने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: पांच दिन की तेजी के बाद टूटे IT शेयर, Infosys और TCS में 3 फीसदी की गिरावट; जानें- क्या है वजह
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.